पांच किलो नशीले पदार्थ के साथ एएसआई गिरफ्तार, महिला साथी संग करता था हरियाणा से तस्करी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लुधियाना पुलिस की एमटीओ ब्रांच में तैनात एएसआई मेजर सिंह और उसकी महिला रिश्तेदार को स्पेशल टॉस्क फोर्स ने पांच किलो अफीम सहित काबू किया है। एएसआई मेजर सिंह के पास से 32 बोर पिस्तौल और एसएलआर राइफल के 26 कारतूस भी बरामद हुए। आरोपी हरियाणा से अफीम लाकर कई जिलों में इसे सप्लाई कर रहे थे।
एआईजी एसटीएफ स्नेहदीप शर्मा ने बताया कि एसटीएफ लुधियाना इंचार्ज हरबंस सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि एमटीओ ब्रांच लुधियाना में तैनात एएसआई मेजर सिंह (52) गांव मलेआना जिला मोगा वर्तमान में प्रताप सिंह वाला लुधियाना में रहता है। वह अपनी एक महिला रिश्तेदार के साथ नशा तस्करी करता है।
गुरुवार को नशे की खेप लेकर आ रहा है। सूचना पुख्ता होने पर गुरुवार की सुबह एसटीएफ टीम ने चिमनी रोड पर नाकाबंदी की। एक स्विफ्ट कार को रोका गया, जिसे एएसआई मेजर सिंह चला रहा था और उसके साथ एक महिला बैठी थी।
पुलिस ने कार की तलाशी ली, उसमें पांच किलो अफीम बरामद की गई। पुलिस ने दोनों को तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी मेजर सिंह ने बताया कि वह एमटीओ ब्रांच में बतौर ड्राइवर ड्यूटी करता है। बीते 15 साल से नशे के कारोबार में लगा है। वही आरोपी महिला हरजीत कौर ने बताया कि वह घरेलू काम करती है।
अफीम हिसार से लेकर आते है और सूबे के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करते है। पुलिस आरोपियों के बैंक खाते और संपत्ति के बारे में ब्योरा एकत्र कर रही है। दोनों के खिलाफ मोहाली स्थित एसटीएफ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।