अमरीक सिंह हत्याकांडः दुबई से प्रत्यर्पित कर लाया गया आरोपी, इंटरपोल से मांगी गई थी मदद
गढ़दीवाला में 6 दिसंबर 2017 को हुए अमरीक सिंह हत्याकांड मामले में आरोपी एनआरआई प्रभजोत सिंह ज्योति को दुबई से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद गढ़दीवाला पुलिस उसे लेकर होशियारपुर पहुंची। इस मामले में ज्योति और उसके कनाडा में निवासी भाई जंग बहादुर सिंह को आरोपी बनाया गया था पुलिस के मुताबिक ये दोनों इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड थे और उन्होंने ही विदेश से सुपारी देकर हत्या करवाई थी।
अमर उजाला से विशेष बातचीत में एसएसपी जे. एलांचेझियन ने बताया कि ज्योति की गिरफ्तारी के लिए होशियारपुर पुलिस इंटरपोल के संपर्क में थी और इंटरपोल की मदद से उसे दुबई से गिरफ्तार कर यहां लाया गया है। अमृतसर एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद होशियारपुर पुलिस का एक विशेष दस्ता आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच लेकर यहां पहुंचा।
बता दें कि जिला पुलिस ने साल भर पहले 6 दिसंबर को गढ़दीवाला में अमरीक सिंह की हत्या संबंधी मामले में हत्या के मुख्य आरोपी सुपारी किलर हरदीप सिंह उर्फ डब्बू निवासी गांव खुर्दां थाना गढ़दीवाला को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया था कि अमरीक सिंह को मारने के लिए उसे कनाडा निवासी जंग बहादुर व उसके भाई दुबई में रहने वाले प्रभजोत सिंह उर्फ ज्योति ने सुपारी दी थी।
पुलिस ने दावा किया था कि आरोपी ने डेढ़ लाख की सुपारी एडवांस लेकर यह हत्या अपने साथियों के साथ मिलकर की थी। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने इस घटना के संबंध में कनाडा में रह रहे जंग बहादुर व दुबई में उसके भाई प्रभजोत सिंह के लुक आउट कॉर्नर (एलओसी) जारी कर दिए थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके भारत लाने के लिए इंटरपोल की सहायता भी मांगी गई थी और इसी के चलते इंटरपोल की मदद से ज्योति को भारत लाया गया है।