लुधियाना में कांग्रेस नेता के जन्मदिन पार्टी में फायरिंग, एक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पवेलियन मॉल की चौथी मंजिल पर स्थित रेस्तरां केस्टल बारबेक्यू में कांग्रेसी नेता परमिंदर सिंह पप्पू की जन्मदिन में फायरिंग हो गई। गोली लगने से कांग्रेस के स्थानीय नेता मंजीत सिंह (40) की मौत हो गई। बीच बचाव करने आए दिल्ली निवासी सुमित सैणी टांग पर गोली लगने से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना डिवीजन आठ की पुलिस ने जांच के बाद मंजीत की पत्नी रणदीप कौर की शिकायत पर गांव साहिबाणा निवासी जसविंदर सिंह उर्फ बिंदी और बुलारा निवासी जगदीप सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी बिंदी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि जगदीप अभी फरार है।
जानकारी के अनुसार जमालपुर के रहने वाले कांग्रेसी नेता परमिंदर सिंह पप्पू का शुक्रवार को जन्मदिन था। प्रापर्टी का कारोबार करने वाले पप्पू ने अपने कुछ खास दोस्तों के लिए पवेलियन मॉल की चौथी मंजिल पर स्थित रेस्तरां कैस्टल बारबेक्यू में पार्टी का आयोजन किया था। इसमें बिंदी पहले से मौजूद था। मंजीत सिंह अपनी पत्नी के साथ पार्टी में शिरकत करने आया था। इसी दौरान मंजीत और बिंदी की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
बिंदी की तरफ से जगदीप और एक अन्य युवक भी विवाद में कूद पड़े। चारों में हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान बिंदी ने अपने पास रखी 32 बोर की रिवाल्वर निकाली और एक एक कर पांच गोलियां चला दी। एक गोली मंजीत को लगी। जब पप्पू का दोस्त सुमित सैणी बीच बचाव करने आया तो एक गोली उसकी टांग पर भी लगी।
गोलियां चलते ही वहां पर भगदड़ मच गई। इसी दौरान आरोपी बिंदी वहां से फरार हो गया। वहीं जब मंजीत को डीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया तो डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुमित सीएमसी अस्पताल में दाखिल है जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है।
चकमा देकर रेस्तरां में रिवाल्वर ले गया था बिंदी
शापिंग मॉल के किसी भी गेट से अंदर जाने के लिए व्यक्ति की पहले पूरी चेकिंग होती है। शुक्रवार रात को परमिंदर पप्पू की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने आया आरोपी बिंदी मॉल की सारी सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर रेस्तरां में रिवाल्वर लेकर घुस गया। ऐसा भी नहीं कि वह चोरी छिपे रिवाल्वर लेकर मॉल के अंदर गया है, उसने अपनी कमर पर रिवाल्वर लगाई हुई थी।
जसविंदर सिंह बिंदी का विवादों से काफी पुराना नाता है। महानगर के अलग-अलग थानों में बिंदी के खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। इसमें एक गोली चलाकर दहशत फैलाने का थाना डिविजन सात में, थाना साहनेवाल में अगवा कर लूटपाट करने का और थाना साहनेवाल में ही मारपीट का मामला दर्ज है।
रेस्तरां मालिकों ने उड़ाई कानून की धज्जियां
जिला पुलिस की तरफ से महानगर में रात दस बजे के बाद ऊंची आवाज में डीजे पर पाबंदी है। यह आदेश पुलिस की तरफ से महानगर के मैरिज पैलेसों के साथ साथ शहर के प्रमुख रेस्तरां मालिक और होटल वालों को भी दिए हैं, लेकिन केस्टल बारबेक्यू की तरफ से देर रात तक डीजे चलाया गया है। हालांकि पुलिस कमिश्नर की कोठी साथ होने के बावजूद भी रेस्तरां मालिकों ने किसी तरह का कोई आदेश नहीं माना और कानून की पूरी धज्जियां उड़ा डाली।