भिवानी: लाठी से पीटकर मजदूर की हत्या, घर से 25 मीटर दूर प्लॉट में मिला शव
लक्ष्मण पिछले 35 साल से गांव पालुवास हरिपुर में रहता था। यहां मास्क बनाने वाली एक फैक्टरी में मजदूरी करता था। मृतक के शरीर में चोट के निशान थे। तीन बेटियों और एक बेटा के ऊपर से बाप का साया उठ गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गांव पालुवास हरिपुर में मास्क बनाने की फैक्टरी में काम करने वाले मजदूर लक्ष्मण की पीटकर हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार सुबह घर से 25 मीटर दूर खाली प्लॉट में मिला। सूचना पर औद्योगिक पुलिस थाना एसएचओ की टीम वारदात स्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। मामले की जानकारी पाकर फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम भी पहुंची। दोनों ही टीमों ने हत्या से जुड़े सुबूत जुटाए। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव पालुवास हरिपुर निवासी लक्ष्मण (45) परिवार के साथ गांव में ही रहता था। वह मास्क बनाने की एक फैक्टरी में काम करता था। मृतक की बेटी सुमन ने पुलिस को बताया कि उसका पिता लक्ष्मण मंगलवार शाम करीब सात बजे घर से उसके छोटे भाई रामसिंह के घर जाने की बात कहकर गया था। लेकिन वह भाई के घर नहीं पहुंचा।
परिजनों ने लक्ष्मण को रातभर ढूंढा लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। बुधवार सुबह सात बजे पड़ोसी युवक रौनक ने उनके घर सूचना दी कि लक्ष्मण खाली प्लॉट के अंदर बेसुध पड़ा है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में ही मामला हत्या का लगा।
मृतक के शरीर पर थे चोट के निशान
मृतक लक्ष्मण की गर्दन, ठोढ़ी और हाथों पर डंडे से पीटने के काफी निशान थे। शव प्लॉट में ईंटों के मलबे के ऊपर मिला, जहां आसपास भी खून के निशान थे। घर से निकलने के 12 घंटे बाद लक्ष्मण का शव उसके घर से महज 25 मीटर दूर पड़ा मिला।
चार बच्चों का पिता था लक्ष्मण
लक्ष्मण बीते 35 साल से गांव पालुवास हरिपुर में रहता था। उसकी तीन बेटी और एक बेटा है। उसकी बड़ी बेटी रोजी, सुमन, हिमांशी है। जबकि चार वर्ष का बेटा वंश भी है। वारदात में मासूम वंश के सिर से पिता का साया उठ गया। मृतक की पत्नी संतोष भी इस वारदात के बाद गहरे सदमे में है।
नहीं लगा हमलावरों का कोई सुराग
पुलिस हमलावरों का अभी तक कोई सुराग नहीं लगा पाई है। हत्या के कारण और हत्यारों के बारे में भी पता नहीं चल पाया है हालांकि मृतक की पत्नी संतोष ने किसी पर भी पति की हत्या का शक नहीं जताया है। न ही किसी से कोई रंजिश की बात कही है। ऐसे में पुलिस अब वारदात स्थल से मिले सुबूतों के सहारे ही हत्यारों की तलाश कर रही है।
दो दिन में दो हत्या
कोरोना संक्रमण काल के दौरान अपराध के मामले में शांत चल रहे भिवानी जिले में दो दिन में यह दूसरी हत्या है। मंगलवार को भी साझेदार ने खेत मालिक के बेटे की कस्सी मारकर हत्या कर दी थी। गांव तिगड़ाना निवासी युवक का शव खेत में पड़ा मिला था। लगातार दूसरे दिन हत्या का मामला सामने आने के बाद दिन भर लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।
पालुवास हरिपुर निवासी लक्ष्मण के शरीर पर चोट के काफी निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का है। फॉरेंसिक टीम ने भी मुआयना किया है। मृतक की पत्नी की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच की जा रही है। - पवन शर्मा, एसएचओ, औद्योगिक पुलिस थाना, भिवानी।