शौचालय बनाने को लेकर हुई कहासुनी, छोटे भाई ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से कर दी हत्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शौचालय बनाने के लिए सामान को लेकर उकलाना के गांव कंडूल में छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर बड़े भाई की हत्या कर दी। मामूली कहासुनी में दोनों भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नशे में धुत्त छोटे भाई ने बड़े भाई पर पहले डंडों से हमला किया। बाद में कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बरवाला डीएसपी रोहताश और उकलाना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हिसार के नागरिक अस्पताल भिजवा दिया गया।
सिर और सीने पर किए कई वार
मामले में संदीप ने बताया कि उसकी बहन दीना की शादी करीब सात वर्ष पहले जगशिर से हुई थी। जगशिर और उसका छोटा भाई महबूब एक ही मकान में रह रहे थे। उन्होंने अपने मकान में शौचालय बनवाना था। इसका सामान उन्होंने करीब एक महीना पहले मंगवा लिया था। संदीप ने बताया कि शनिवार रात जब जगशिर महबूब के पास सामान लेने गया तो उसने देने से मना कर दिया। इस बीच दोनों में कहासुनी हो गई। संदीप ने बताया कि महबूब की शादी होने के बाद से ही दोनों में झगड़ा चल रहा था।
पत्नी के बयान पर हत्या का केस दर्ज
उकलाना थाना पुलिस ने मृतक जगशिर की पत्नी दीना की शिकायत पर महबूब के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में दीना ने बताया कि जगशिर उकलाना में ही डेंटिंग का काम करता था। उसके चार वर्षीय बेटा व एक वर्षीय बेटी है। पीड़िता ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे जगशिर ने महबूब को कहा कि स्टोर में रेता और क्रेशर रखा है।
वह उसे शौचालय बनाने के लिए दे दें। इस पर महबूब ने इनकार कर दिया और जगशिर के सिर पर डंडा मारा। जब वह बीच-बचाव करने लगी तो उसे भी धक्का मारा। इतनी देर में ही आरोपी महबूब ने जगशिर के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। जगशिर के नीचे गिरते ही आरोपी ने उसके सीने पर भी दो से तीन वार और किए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सीन ऑफ क्राइम टीम ने जुटाए तथ्य
सूचना मिलते ही बरवाला डीएसपी रोहताश सिंह और उकलाना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वहीं सीन ऑफ क्राइम टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। हालांकि टीम को वहां से वारदात में इस्तेमाल डंडा व कुल्हाड़ी बरामद नहीं हुई। पुलिस ने जगशिर के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवाया। यहां शव का दो डॉक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी तूड़ी का ट्रैक्टर चलाने का काम करता है।
मृतक जगशिर की पत्नी की शिकायत पर आरोपी महबूब के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी मौके से फरार है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया गया है। - इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह, उकलाना थाना प्रभारी, हिसार।