ईंट से सिर और चेहरे पर किए कई वार, अस्पताल में तोड़ा दम...घर में बिलख रहे दो मासूम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोनीपत के जटवाड़ा में किराए पर रहने वाले युवक की उसके पड़ोसी ने ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हमलावर ने देर रात जाहरी रोड पर वारदात को अंजाम दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने युवक की पत्नी के बयान पर पड़ोसी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। हमलावर की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
यूपी के जिला रायबरेली के गांव फुरस्त का पुखा निवासी सोनू यादव (30) फिलहाल अपने परिवार के साथ जटवाड़ा निवासी कांता के मकान में किराए पर रहता था। वह गुरुद्वारा रोड स्थित संदीप ढाबा पर तंदूर का काम करता था। सोमवार को वह तंदूर पर काम करने के लिए गया था। जब वह सोमवार रात तक घर नहीं पहुंचा तो उसकी पत्नी शिवदेवी सोनू यादव की बुआ के लड़के जयकरण व रामकरण को साथ लेकर अपने पति की तलाश में जाहरी रोड पर गई।
रात करीब एक बजे उन्होंने देखा कि जाहरी रोड पर गांव जटवाड़ा के पास सोनू पति सोनू यादव पर ईंट से हमला कर रहा है। आरोपी ने उसके पति के चेहरे व सिर पर ईंट से कई वार किए। जयकरण व रामकरण ने उसे आरोपी के चंगुल से छुड़वाया। बाद में आरोपी वहां से फरार हो गया। वह जयकरण व रामकरण की मदद से अपने पति को गंभीर हालत में लेकर सामान्य अस्पताल में पहुंची।
जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची ओल्ड चौकी पुलिस ने शिवदेवी के बयान पर सोनू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
कुछ दिन पहले मामूली बात पर हुई थी कहासुनी
शिवदेवी ने पुलिस को बताया कि उसके पति सोनू यादव की कुछ दिन पहले जटवाड़ा निवासी सोनू से मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। तब आसपास के लोगों ने दोनों को शांत कर दिया था। उन्हें क्या पता था कि सोनू इसी बात को लेकर उसके पति से रंजिश पाल लेगा और उसके पति की हत्या तक कर देगा। घटना से पूरा परिवार सकते में है।
दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया
सोनू यादव अपनी पत्नी शिवदेवी व दो बेटों के साथ जटवाड़ा में किराए पर रहता था। उसके दो बेटे प्रतीक (6) व रीतिक (4) के सिर से पिता का साया सदा के लिए उठ गया है। घटना के बाद परिजनों का रोकर बुरा हाल है। सोनू यादव की पत्नी शिवदेवी बार-बार बेसुध हो रही है।
जटवाड़ा के पास जाहरी रोड पर युवक की ईंट से पीट-पीटकर हत्या की गई है। मामले में उसकी पत्नी के बयान पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि कुछ दिन पहले मामूली बात पर हुई कहासुनी में वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद झगड़े की वजह से पर्दा उठ सकेगा। -रामकुमार, प्रभारी ओल्ड चौकी।