पौने दो एकड़ जमीन के लिए युवक ने की छोटे भाई की हत्या, ट्रैक्टर से मारी टक्कर फिर गोली दागी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमृतसर के गांव गोसाबाद में मंगलवार सुबह मात्र पौने दो एकड़ जमीन को लेकर चल रहे विवाद में एक युवक ने अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान राजिंदर सिंह के रूप में हुई है। आरोपी सुखदेव सिंह सोहल अमृतसर की सबसे बड़ी दाना मंडी भगतां वाला आढ़ती यूनियन का अध्यक्ष और शिरोमणि अकाली दल का वरिष्ठ नेता है।
जानकारी के अनुसार पिछले एक साल से पौने दो एकड़ भूमि को लेकर दोनों भाइयों राजिंदर और सुखदेव के बीच झगड़ा चल रहा था। मंगलवार सुबह सुखदेव ने राजिंदर को खेत में बुलाया। राजिंदर कार से खेत पहुंचा तो वहां पहले ही ट्रैक्टर में बैठे सुखदेव ने उसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। उसकी गाड़ी का अगला हिस्सा टूट गया। इसके बाद भी राजिंदर अपनी कार में ही बैठा रहा।
इसके बाद सुखदेव सिंह ट्रैक्टर से उतरा और भाई पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। राजिंदर को पांच गोलियां लगी। खेत के आसपास धान की बुआई कर रहे किसान और मजदूरों ने जब गोलियों की आवाज सुनी तो वह मौके पर पहुंचे तब तक आरोपी सुखदेव फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना कबो के एसएचओ निर्मल सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिता ने नाम की थी जमीन
राजिंदर सिंह की पत्नी नीना ने बताया कि उनके ससुर की मौत पिछले साल जुलाई में हुई थी। पौने दो एकड़ जमीन ससुर ने उसके पति के नाम की थी। उसका जेठ सुखदेव सिंह इस खेत को हड़पने के लिए षड्यंत्र रच रहा था। उनके ससुर उनके साथ ही रहते थे। उन्होंने सुखदेव सिंह को बेदखल किया हुआ था।
परिवार को डर था कि सुखदेव इस जमीन को लेकर किसी भी घटना को अंजाम दे सकता है। इस संदर्भ में कई बार पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत की गई लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायतों पर कोई भी ध्यान नहीं दिया। सुखदेव का संबंध शिअद के साथ था। इसलिए पुलिस ने उसके प्रभाव में आकर कोई करवाई नहीं की। एसडीएम ने भी वसीयत की जांच के बाद पति के नाम जमीन होने पर मोहर लगा दी थी।
मोबाइल को लेकर हुए विवाद में किशोर की हत्या
वहीं अमृतसर में एक और हत्या की वारदात सामने आई। मोबाइल फोन को लेकर दोस्तों के दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट ने दूसरे पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें एक नौजवान की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाबा बकाला के डीएसपी गुरविंदर सिंह ने बताया कि दोस्तों के दो गुटों के बीच एक मोबाइल को लेकर पहले टकराव हुआ। बाद में एक गुट ने दूसरे पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
इस हमले में गांव सठियाला निवासी संदीप सिंह उर्फ शालू(18) और गुरप्रीत सिंह (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया जहां डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। गुरप्रीत की हालत गंभीर बनी हुई है। एसएचओ ने बताया कि संदीप सिंह के माथे और जांघ पर तेजधार हथियारों से वार किए गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।