10 वीं फेल युवक ने ठगी का अपनाया शातिर अंदाज, पढ़े-लिखों को लगाया 80 लाख का चूना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
10 वीं फेल युवक ने बेहद शातिर अंदाज में ठगी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी युवक बेहद पढ़े-लिखे लोगों को अपना शिकार बना चुका है। आरोपी के बारे में जो खुलासे हुए हैं उन्हें पढ़कर आप भी हैरान हो जाएंगे। दरअसल, मामला हरियाणा के भिवानी का है। यहां एक 10 वीं फेल युवक ने आठ लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 56 लाख रुपये की ठगी की। पुलिस ने आरोपी सुनील सोनी को गिरफ्तार कर लिया है।
10वीं फेल यह व्यक्ति पढ़े-लिखे युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर अब तक लाखों रुपये ठग चुका है। अकेले भिवानी में 12 युवाओं को ठगने का खुलासा हुआ है जिनसे करीब 80 लाख हड़पने का आरोप है। वह बेरोजगारों के लिए फर्जी ज्वॉइनिंग लेटर भी तैयार करवाता था। फिलहाल आरोपी को पुलिस तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ में जुटी है।
महज 10वीं फेल व्यक्ति बेरोजगार युवाओं को सरकार में मंत्रियों, नेताओं से अच्छी जान-पहचान बता ठगी करता था। फतेहाबाद के भूना कस्बे के गांव झाड़ली खुर्द निवासी आरोपी सुनील ठेकेदार (40) करीब 10 वर्षों से ठगी का खेल चला रहा था। वह आर्मी, नेवी और प्रदेश में क्लर्क लगवाने के नाम पर ठगी करता था।
किसी को अपना नाम सुनील ठेकेदार बताता तो किसी को सुनील सोनी या शैलेंद्र। पहले भिवानी की बैंक कॉलोनी में भी किराये पर रहा। यहां करीब 12 युवकों से ठगी करके वह हिसार में रहने लगा। फिलहाल हिसार की बड़वाली ढाणी के नजदीक उत्तम नगर में रह रहा था। भिवानी शहर थाना में बीती तीन दिसंबर को आठ युवकों से धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था तो उसका नाम सामने आया।
पुलिस ने पूछताछ की तो सामने आया कि उक्त आठ ही नहीं अकेले भिवानी में ही कम से कम 12 युवकों को ठगी का शिकार बना चुका है। अभी पूछताछ में आरोपी से और भी खुलासे होने की संभावना है।
सुनील ठेकेदार की ठगी का खुलासा बीती तीन दिसंबर को हुआ। जब ठगी के शिकार युवकों ने शहर थाना में शिकायत दी। गांव मित्ताथल निवासी इतेंद्र ने बताया कि वह एक बच्चों के अस्पताल में नौकरी करता था। वर्ष 2012 में झांडली खुर्द जिला फतेहाबाद निवासी सुनील ठेकेदार उर्फ सुनील सोनी अपनी पत्नी के साथ अपनी बेटी के उपचार के लिए अस्पताल लेकर आया था। उस समय उक्त लोग भिवानी की बैंक कॉलोनी में रहते थे।
आरोपी सुनील ने बताया कि उनकी सरकार में जान-पहचान है। मैंने रेलवे स्टेशन के ऊपर से पुल बनाने का ठेका लिया हुआ है। मैं आर्मी, नेवी व हरियाणा सरकार में नौकरी लगवा सकता हूं। आरोपी ने उससे हरियाणा में क्लर्क लगवाने के नाम पर सात लाख रुपये की मांग की। उसके कुछ साथी सेवा, सतबीर, अजय, विजय, समीन, राजेश, संदीप भी नौकरी के लिए रुपये देने को तैयार हो गए।
उसने सात लाख रुपये प्रति युवक से मांग की। समझौता हुआ कि आधे रुपये पहले और आधे रुपये नौकरी लगने के बाद दिए जाएंगे। इसके तहत सभी सातों ने उसे 28 लाख रुपये सितंबर 2012 में दे दिए। इसके बाद उसने एक नवंबर 2012 में उसे एक आर्मी का ज्वॉइनिंग लेटर दिया। जिस कारण उनका विश्वास बढ़ गया।
इतेंद्र ने बताया कि नवंबर 2012 में बाकी 28 लाख भी आरोपी को दे दिए। बता दें कि बेरोजगार युवाओं ने कर्ज लेकर आरोपी को रुपये दिए थे। ठगी का शिकार होने के बाद उक्त सभी युवा अब तनाव में हैं।
आरोपी सुनील सोनी उर्फ सुनील ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक जांच में उसने करीब 12 युवाओं से भिवानी में ठगी करने की बात कही है। पूरी पूछताछ के बाद ही सही बात सामने आएगी। -एसआई प्रकाश चंद, जांच अधिकारी शहर थाना