फिल्मी अंदाज में 4 साल के बच्चे का अपहरण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवक चार साल के बच्चे को उठा कर ले गए। युवक हथियारबंद थे और उन्होंने घर में घुसकर फायरिंग करते हुए इस वारदात को अंजाम दिया। वारदात लुधियाना के गांव मेहलों में मंगलवार देर रात हुई।
बच्चे की पहचान राजवली के रुप में हुई है। बच्चे के घर वालों ने अपहरण की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन की। पुलिस ने बच्चे के पिता की शिकायत पर आरोपी लाडी व उसके आधा दर्जन साथियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में बच्चे के पिता गामी पहलवान ने बताया कि उनका दूध का काम है और वह गुज्जर भाईचारे का प्रधान भी है। करीब दस महीने पहले उसका बड़ा बेटा सद्दाम हुसैन एक आपराधिक मामले में जेल में बंद था। जेल जाने के बाद बेटे की पत्नी के गुरदासपुर के चांवा इलाके में रहने वाले लाडी नाम के युवक से संबंध हो गए।
इसका पता लगने पर सद्दाम हुसैन ने मुलाकात के दौरान पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी और तलाक मांगने लगी। इस पर 23 अप्रैल 2014 को सद्दाम हुसैन ने जेल के अंदर ही फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। उसने अपनी मौत का कारण लाडी को बताया था। इस पर पुलिस ने लाडी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया।
मामला वापस लेने को दबाव बना रहा आरोपी
अब आरोपी लाडी उन पर मामला वापस लेने के लिए दबाव बना रहा था। गामी ने बताया कि चार दिन पहले अदालत में पेशी के लिए जाने के दौरान लाडी ने उन्हें धमकियां दी थीं। उन्होंने इसकी शिकायत कोर्ट को भी दी थी।
कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। गामी ने बताया कि मंगलवार की रात वह घर पर नहीं था। इस दौरान में कारों में सवार होकर लाडी और उसके साथी आए और घर पर दो गोलियां भी चलाई। इस के बाद परिजनों को धमकाते हुए उसके चार वर्षीय बेटे राजवली को अगवा कर फरार हो गए।
जाते समय लाडी ने उसके खिलाफ गवाही देने पर बेटे की हत्या करने की धमकी भी दी। गामी के अनुसार बुधवार को उसकी लाडी के खिलाफ दर्ज मामले में गवाही थी। बेटे के अगवा होने के कारण वह बुधवार को अदालत नहीं गया।
थाना साहनेवाल के अधीन आती चौकी रामगढ़ के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सतनाम सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों का अदालत में एक मामला चल रहा है। चार साल के मासूम को अगवा करने वाले लाडी और उसके साथियों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।