हिमाचल में पावर प्रोजेक्ट दिलाने का झांसा, युवक से ठग लिए 21 लाख, मामले की जांच शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में हाईडल पावर प्रोजेक्ट दिलाने का झांसा देकर दो लोगों ने एक व्यक्ति से 21 लाख रुपये ठग लिए। इतना ही नहीं आरोपियों ने पीड़ित को दो पावर प्रोजेक्ट दिखाए। लेकिन पसंद न आने पर तीसरा पावर प्रोजेक्ट दिखाया ही नहीं और विश्वास में लेकर 21 लाख रुपये ले लिए। बाद में आरोपियों ने न तो पावर प्रोजेक्ट दिलाए और न ही उसके पैसे वापस दिए।
पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों के पास की। जांच के बाद पुलिस ने मॉडल टाऊन निवासी प्रेम सिंह सोखी की शिकायत पर भाई हिम्मत सिंह नगर निवासी हरमिंदर सिंह और राजगुरु नगर निवासी सुभाष भट्ट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। प्रेम सिंह सोखी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उसके कुछ स्कूल थे। जो उसने 2016 में छोड़ दिए और कारोबार बदलना चाहता था।
इसके बारे में उसके सीए पीपी सिंह को पता था। जिसकी अब मौत हो चुकी है। पीपी सिंह ने अपने मौसेरे भाई इंजीनियर हरमिंदर सिंह और उसके पार्टनर सुभाष भट्ट के साथ जनवरी 2017 में उसकी मुलाकात कराई थी। दोनों हाईडल पावर प्रोजेक्ट की खरीद फरोख्त का काम करते थे। दोनों ने उसे हिमाचल में मुनाफे वाला पावर प्रोजेक्ट देने की बात कही। काम पूरा होने के बाद कमीशन की मांग की।
हरमिंदर सिंह और उसके पार्टनर सुभाष भट्ट ने उसे छह से सात लाख रुपये हर महीने एक मेगावाट बिजली बेचने और मुनाफे वाले प्रोजेक्ट के बारे में बताया। इसके बाद पीड़ित आरोपियों की बातों में आ गया और उनके साथ दो प्रोजेक्ट देखने के लिए चला गया। लेकिन आरोपियों की ओर से दिखाए प्रोजेक्ट पसंद नहीं आए।
उसके बाद आरोपियों ने 12 मेगावाट का बिजली प्रोजेक्ट दिखाने की बात कही। इस प्रोजेक्ट के कागजात और मौका दिखाने से पहले आरोपियों ने उसे विश्वास में लेकर 21 लाख रुपये ले लिए थे। पैसे लेने के वक्त आरोपियों ने कहा कि ये पैसे बतौर सिक्योरिटी हैं। अगर सौदा सिरे न चढ़ा तो वह पैसे वापस दिला देंगे।
पैसे देने के कुछ समय बाद प्रेम सिंह सोखी के बेटे की शादी थी तो वह वहां व्यस्त हो गया।
वहां से फ्री होने के बाद दूसरा बेटा हादसे में घायल हो गया। जिस कारण वह ज्यादा व्यस्त हो गया। बेटा अब भी चलने लायक नहीं है। इन्हीं हालातों का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने उसके दिए पैसे देने से इंकार कर दिया। आरोपियों ने उसे कोई प्रोजेक्ट भी नहीं दिलाया। पीड़ित प्रेम ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
ईओ विंग की ओर से मामले की जांच के बाद रिपोर्ट अधिकारियों को दी गई तो दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए। जांच अधिकारी का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।