जालंधर में बोले हरभजन सिंह: राजनीति में आने के बारे में नहीं सोचा, सिद्धू से बतौर क्रिकेटर मिला था
हरभजन सिंह ने कहा कि मुझे अलग-अलग पार्टियों से शामिल होने के ऑफर मिले हैं। मैंने नवजोत सिंह सिद्धू से बतौर क्रिकेटर मुलाकात की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्रिकेटर हरभजन सिंह उर्फ भज्जी ने क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कहा कि जीवन में क्रिकेट न होता तो वह इस मुकाम नहीं पहुंच सकते थे। क्रिकेट से अलविदा कह चुके हरभजन सिंह ने कहा कि मुझे संन्यास तीन-चार साल पहले ले लेना चाहिए था। उन्होंने कहा कि जिंदगी एक बार मिलती है, हर चीज करनी चाहिए। अब परिवार के साथ समय बिताएंगे।
भज्जी ने कहा कि उन्होंने वर्ष 1994 में क्रिकेट करियर शुरू किया था। इस क्रिकेट ने काफी कुछ दिया है और यह मुकाम भी इसकी ही बदौलत मिला। फिलहाल संन्यास लेने के बाद अभी कोई फ्यूचर प्लान नहीं किया है। हरभजन सिंह ने शनिवार को जालंधर के बल्टर्न पार्क क्रिकेट स्टेडियम में प्रेसवार्ता करते हुए राजनीति में जाने वाली चर्चाओं पर खुद ही विराम लगा दिया। राजनीति में जाने को लेकर उन्होंने कहा कि मैं किसी राजनीतिक पार्टी को ज्वाइन करूंगा या नहीं, यह मीडिया को जरूर बताऊंगा। मुझे राजनीतिक पार्टी से ऑफर है, मैं मन बना रहा हूं, मन हुआ तभी जाऊंगा।
बतौर क्रिकेटर सिद्धू से हुई थी मुलाकात
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के साथ की तस्वीर को लेकर हरभजन सिंह ने कहा कि मैं सिद्धू से बतौर क्रिकेटर मिला था। चुनाव के माहौल में जिसके साथ फोटो क्लिक हो जाए, उसी के साथ चर्चा शुरू हो जाती है। मेरे दोस्त दूसरी पार्टियों में भी हैं। बता दें कि हाल ही में नवजोत सिंह सिद्धू ने हरभजन सिंह के साथ की एक तस्वीर शेयर की थी। तस्वीर को शेयर करते हुए सिद्धू ने लिखा था, ‘संभावनाओं से भरी तस्वीर चमकते सितारे भज्जी के साथ’। इसके बाद हरभजन सिंह के राजनीति में जाने के कयास लगाए जाने लगे।
अगर राजनीति में आए तो खेलों को करेंगे प्रोत्साहित
हरभजन सिंह ने कहा कि वह सभी पार्टियों के नेताओं को जानते हैं। चाहे वह राजनीति हो या कुछ दूसरा रास्ता, उनका मकसद पंजाब की सेवा करना है। अधिक समय परिवार के साथ रहना चाहता हूं पंजाब में खेलों का ढांचा बेहतर नहीं है, जिसकी वजह से कई खेल पिछड़ रहे हैं। अगर राजनीति मैं आता हूं तो खेलों को प्रोत्साहित करना मेरी पहली पहल होगी। भज्जी ने कहा कि बल्टर्न पार्क में ही क्रिकेट की शुरुआत की थी और इसी मैदान में संन्यास की पत्रकार वार्ता कर रहा हूं। भज्जी आइपीएल की टीमों के मेंटर एवं कॉमेंटेटर की भूमिका में आ सकते हैं। बता दें कि दौलतपुरी स्थित भज्जी के पुराने घर के बाहर गली में आज भी तमाम बच्चे भज्जी जैसा बनने का सपना लिए रोज घंटों क्रिकेट खेलते हैं।