फतेहगढ़ साहिबः सरहिंद नहर में पड़ी दस फुट की दरार, दर्जन भर गांवों के लोगों की बढ़ी चिंता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार की सुबह फतेहगढ़ साहिब से गुजरती भाखड़ा मेन लाइन (सरहिंद नहर) में करीब दस फुट लंबी और चार फुट गहरी दरार आने से नहर के साथ लगते करीब 12 गांवों के लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लोग खुद नहर में आई दरार को भरने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर भरने लगे और स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
इससे पहले प्रशासनिक अधिकारी और नहरी विभाग का कोई अधिकारी पहुंचता, पांच गांवों को लोगों ने जेसीबी मशीन की मदद से थैलों में मिट्टी भरकर नहर की दरार को भरना शुरु कर दिया। लोगों का कहना था कि नहर में आई बड़ी दरार अगर रात को पड़ती तो कई गांवों का नुकसान हो सकता था और किसानों की पक्की धान की फसल भी पानी की भेंट चढ़ जानी थी।
इस बारे गांव शहजादपुर के सरपंच गुरप्रीत सिंह ने बताया कि करीब 70 साल से नहर की सफाई नहीं हुई और नहर विभाग को वह हर साल सफाई करने के लिए लिखते हैं। हर साल मनरेगा वर्करों से नहर के इर्द-गिर्द सफाई करवाई जाती है। नहर में आई दरार से हरलालपुर, शहजादपुर, जंडाली समेत कई गांवों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
नहर की पटरी से पेड़ टूटने से आई दरार
यह भी बताया जा रहा है कि जिस जगह नहर में दरार आई है उसके ऊपर पेड़ हुआ था जिसकी जड़ खोखली होकर नहर में गिर गई। इसी वजह से नहर में दरार पड़ गई।
जल्द शुरु होगी नहर की मरम्मत-तहसीलदार
करीब दस बजे नहर का दौरा करने पहुंचे तहसीलदार हरजिंदर सिंह का कहना था कि उन्हें नहर में दरार की सूचना सुबह नौ बजे मिली थी जिसके तुरंत बाद नहरी विभाग को सूचित कर दिया गया है जल्द ही नहर की मरम्मत शुरु हो जाएगी।