कोरोना वायरस: हरियाणा में एक दिन में बढ़ें 512 संदिग्ध मरीज, पंजाब में आठ और लोगों में मिले लक्षण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मंगलवार को 2529 संदिग्ध मरीज सामने आए थे, जिनकी संख्या बुधवार को बढ़कर 3041 हो गई है। हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार 1 दिन में ही 512 नए संदिग्ध मरीज कोरोना के सामने आए हैं।
पीजीआई पहुंचे तीन संदिग्ध, 2 यूके से आए
पीजीआई रोहतक में बुधवार को कोरोना वायरस के तीन संदिग्ध मरीज पहुंचे। इनमें से दो यूके से आए हैं। जबकि एक महिला स्थानीय है। महिला जींद की रहने वाली बताई गई है। यह एक निजी अस्पताल में थी। यहां से उसे स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस के जरिए पीजीआई लेकर पहुंची। इस दौरान पूरी टीम बचाव किट पहने हुए थी। इन्हें देखकर लोगों में हड़कंप मच गया।
फिलहाल इनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। तीनों संदिग्धों को पीजीआई में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। वहीं पंजाब में बुधवार तक आठ लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए हैं। इन सभी लोगों को गहन चिकित्सीय देखरेख में रखा गया है। राज्य सरकार की ओर से कोविड-19 के बारे में जारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गई है।
बुलेटिन के अनुसार, राज्य में कोरोना वायरस का केवल एक ही पॉजिटिव केस है, जो इटली से अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरा यात्री है। उसे अमृतसर के जीएमसी में दाखिल किया गया है। बुधवार तक 117 लोगों के सैंपलों की जांच की गई, जिनमें से 112 सैंपल नेगेटिव पाए गए हैं जबकि चार सैंपलों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। राज्य में डॉक्टरों की निगरानी में कुल 1306 लोगों को रखा गया है। इनमें से 1298 लोगों को घर पर ही रहने को कहा गया है।
पंजाब के हवाई अड्डों और पाकिस्तान से सटी सीमा के मार्गों से आने वाले कुल 95380 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें से अमृतसर हवाई अड्डे पर अब तक 62570 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें से 7 लोगों में कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए हैं। मोहाली के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 7048 लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है लेकिन यहां किसी भी यात्री में कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं।
7574 लोगों में से केवल एक व्यक्ति में कोरोना के लक्षण मिले
दूसरी ओर, अमृतसर जिले में वाघा और अटाली बार्डर चेक पोस्ट के रास्ते आने वाले कुल 7574 लोगों में से केवल एक व्यक्ति में कोरोना के लक्षण मिले हैं। वहीं, गुरदासपुर डेरा बाबा नानक चेक पोस्ट के रास्ते आने वाले 18188 लोगों में से फिलहाल किसी भी यात्री में कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं।
पंजाब सरकार की ओर से कोरोना वायरस की रोकथाम और प्रबंधन के लिए सभी जिलों को एडवाइजरी जारी की गई है। मरीजों को अलग रखने के लिए अमृतसर और एसएएस नगर में 500-500 बेड तैयार किए गए हैं 40 यात्रियों को अमृतसर में अलग रखा गया है। कोरोना से निपटने के लिए तैयार किए गए आइसोलेशन वार्डों में 1077 बेड और 28 वेंटिलेटर मौजूद हैं। इसके अलावा राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम भी सक्रिय किए गए हैं।
पीएम को लिखा पत्र
कांग्रेस विधायक और पंजाब वेयर हाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन डॉ. राजकुमार वेरका ने कोरोना वायरस के खतरे से सफाई कर्मचारियों और मजदूर वर्ग की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को पत्र लिखा है। पत्र में डॉ. वेरका ने इस वर्ग को छुट्टी देने की मांग करते हुए कहा है कि अगर सफाई कर्मियों से इमरजेंसी में काम करवाया जाए तो उन्हें पूरे सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए जाएं।
जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं
डॉ. वेरका ने अपने पत्र में लिखा है कि सफाई कर्मचारियों और मजदूर वर्ग ऐसा तबका है, जिसे कोरोना की महामारी से बचाने के लिए विशेष कदम उठाने की जरूरत है। पूरे देश में सफाई कर्मचारी अधिकतर ठेकेदारी प्रथा के तहत काम कर रहे हैं। प्रशासन और ठेकेदारों द्वारा इन सफाई कर्मचारियों को कार्य के दौरान किसी भी तरह के सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते, जबकि काम के समय मास्क, बूट, जैकेट, सेफ्टी बेल्ट, टोपी, दस्ताने आदि जरूरी हैं।
उन्होंने लिखा कि वह राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष रह चुके हैं। गंदगी में काम करने की वजह से सफाई कर्मियों और मजदूरों के हालात बद से बदतर हैं और ये पहले ही कई गंभीर बीमारियों से ग्रसित हैं। कोरोना जैसी महामारी इस वर्ग को ज्यादा प्रभावित कर सकती है, इसलिए यह वर्ग भी छुट्टी का अधिकार रखता है।
उन्होंने लिखा कि अगर इमरजेंसी में इन कर्मचारियों-मजदूरों से काम करवाया जाता है तो सरकार सुनिश्चित करें कि सफाई कर्मचारियों और मजदूर वर्ग को उनके कार्य के दौरान महामारी से बचाव के लिए जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं।
कोरोना : पंजाब में डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान आज से
पंजाब में लोगों को घर-घर जाकर जागरूक करने के लिए गुरुवार से मुहिम शुरू की जा रही है। इसके साथ ही बुधवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सभी धार्मिक संस्थाओं और डेरा मुखियों से अपील की है कि वे अपने समागमों में 50 से ज्यादा व्यक्तियों को जमा न होने दें। स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों के साथ सिलसिलेवार समीक्षा बैठकें करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस के एकमात्र केस की पुष्टि होने के बावजूद पंजाब अब तक सुरक्षित है लेकिन विश्व स्तर पर फैल रही इस महामारी को देखते हुए कोई भी ढील नहीं बरती जा सकती।