कोरोना वायरस: हाईकोर्ट में अनावश्यक लोगों के प्रवेश पर रोक, बार एसोसिएशन के चुनाव भी स्थगित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना के प्रकोप के चलते बचाव के उपाय के तौर पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने अनावश्यक लोगों के कोर्ट में प्रवेश पर रोक लगाने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही अगले दो सप्ताह तक सिर्फ अर्जेंट केस पर ही सुनवाई का निर्णय लिया है। अगले दो सप्ताह तक हाईकोर्ट सिर्फ अग्रिम जमानत, प्रोटेक्शन और हेबेस कोर्पस (अवैध हिरासत में रखे जाने) के मामलों पर ही सुनवाई करेगा।
यह निर्णय हाईकोर्ट की एडमिनिस्ट्रेटिव कमेटी ने पंजाब के एजी अतुल नंदा, हरियाणा के एजी बीआर महाजन, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डीपीएस रंधावा, बार काउंसिल के चेयरमैन करनजीत सिंह, असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया चेतन मित्तल, चंडीगढ़ के सीनियर स्टैंडिंग काउंसिल पंकज जैन के साथ बैठक कर लिया है।
हाईकोर्ट की एडमिनिस्ट्रेटिव कमेटी ने शाम को बैठक कर यह निर्णय लिया है कमेटी के निर्णय के अनुसार नए आपराधिक और सिविल मामलों की मेंशनिंग के बाद ही सुनवाई होगी, सभी आर्डिनरी और रेगुलर केसों की सुनवाई स्थगित कर दी गई है। अगर किसी आर्डिनरी केस में आपात सुनवाई की जरुरत होगी तो सम्बंधित बेंच जहां केस की सुनवाई होनी थी उसके समक्ष इसके लिए आग्रह किया जा सकता है।
अगर केस में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और केंद्र सरकार पक्ष हैं तो बेंच के समक्ष आग्रह करने से पहले इनके कानून अधिकारियों को पहले सूचित किया जाए। सामान्य जमानत और जमानत को रद्द किए जाने की मांग को लेकर दायर याचिकाओं पर सुनवाई दो से तीन सप्ताह तक स्थगित कर दी गई हैं। इन दो सप्ताह में हाईकोर्ट में सिर्फ वकीलों को ही प्रवेश की इजाजत होगी। अन्य किसी को सिर्फ तभी प्रवेश की इजाजत होगी अगर उसका केस में व्यक्तिगत तौर पर पेश होना अनिवार्य होगा
हाईकोर्ट के गेट-1 और 2 से होगी एंट्री, बाकी सभी गेट और बार रूम को किया गया बंद
एडमिनिस्ट्रेटिव कमेटी ने निर्णय लिया है कि अगले आदेशों तक हाईकोर्ट में एंट्री सिर्फ गेट-1 और 2 से ही होगी तथा बाकी गेट बंद रहेंगे। गेट नंबर-4 जहां से बार रूम में एंट्री होती है उसे और बार रूम को भी अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही हाईकोर्ट की लोक अदालत और मेडिएशन एंड कॉन्सिलेशन केंद्र को भी अगले आदेशों तक बंद कर दिया गया है।
हाईकोर्ट की दोनो एंट्री पर थर्मल गन के साथ मेडिकल टीम रहेंगी तैनात
हाईकोर्ट ने आदेश दिए हैं कि हाईकोर्ट के सभी गेट पर थर्मल गन के साथ मेडिकल टीम तैनात रहेंगी जो हर आने-जाने वाले की जांच करेगी। अगर किसी में भी बुखार जैसे लक्षण नजर आए तो उस व्यक्ति को वहीं रोक जांच की जाए। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने वकीलों को ह्यूमन टच से बचने को कहा है और आग्रह किया है कि जैसे ही काम खत्म हो जाए तो वकील वापस लौट जाएं और बिना कारण एकत्रित न हों।
3 अप्रैल की बजाय अब 17 अप्रैल को होंगे हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के 3 अप्रैल को होने वाले चुनावों को भी स्थगित कर दिया गया है। अब 17 अप्रैल को यह चुनाव करवाए जाने का निर्णय लिया गया है। सिर्फ चुनावों की तारीख में ही बदलाव किया गया है जबकि अन्य चुनावी प्रक्रिया पहले तय नियमों के अनुसार हो पूरी की जाएगी।
जिला अदालत बार एसोसिएशन के चुनाव स्थगित
बार एसोसिएशन के प्रधान एन के नंदा ने बताया कि वकीलों ने अपने लिए सैनिटाइजर रखवा दिए हैं। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट ने निर्देश जारी किए हैं कि जिला अदालत में वादी कम आएंगे। यदि किसी मामले की सुनवाई है तो केवल एक वादी और एक वकील ही परिसर के अंदर जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि बहुत जरूरी मामलों की सुनवाई पर ही वकील जाएंगे। नंदा ने बताया कि उन्होंने स्टाफ, वकील और क्लाइंट्स की सुरक्षा को देखते हुए हाईकोर्ट से डिजिटल थर्मामीटर की मांग की थी ताकि उसे प्रवेश द्वार पर रखवाया जाए और अदालत परिसर में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की स्कैनिंग की जा सके। उन्होंने बताया कि मंगलवार को यह मशीन लग जाएगी। नंदा ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए सभी वकीलों का एक दूसरे के साथ सहयोग जरूरी है। उन्होंने वकीलों को मास्क पहनने को भी कहा।
महिला और पुरुष बार रूम बंद
कोरोना वायरस से बचने के लिए महिला और पुरुष बार रूम भी बंद कर दिए गए हैं ताकि सभी की एक दूसरे से दूरी बनी रहे। महिला वकील सुप्रीत का कहना है कि महिला वकीलों का बार एसोसिएशन के निर्देशों का पालन करेंगी। क्योंकि यह सबकी जिंदगी का सवाल है।
यह व्यवस्थाएं की गई हैं
2. चेंबर्स में वादी का आना-जाना कम किया गया
3. सुनवाई के दौरान कम से कम वकील मौजूद रहेंगे
4. जरूरी मामलों पर ही सुनवाई होगी
5. बिना मास्क डाले कोई अदालत परिसर में नहीं जाएगा
6. मंगलवार को प्रवेश द्वार पर लग जाएगी स्कैनिंग मशीन
कोर्ट परिसर में डॉक्टरों की तैनाती की मांग की
आज सीनियर वकीलों ने जिला सेशन जज परमजीत सिंह को एक आवेदन दिया है, जिसमें उन्होंने सभी की सुरक्षा को देखते हुए डॉक्टर्स की टीम की मांग की है ताकि कोई भी समस्या होने पर जांच करने में देरी न हो। साथ ही शौचालयों में दिन में तीन बार स्प्रे करने की भी मांग की है।
- नीरज हंस, बार एसोसिएशन सेक्रेटरी