हरियाणा: अब पानीपत में कोरोना का पॉजिटिव केस मिला, परिवार के छह लोग भी एकांतवास में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पानीपत में कोरोना वायरस का पहला पॉजीटिव मरीज सामने आया है। शहर के मॉडल टाउन क्षेत्र का रहने वाला 21 वर्षीय युवक 15 मार्च को इंग्लैंड से पानीपत आया था। खांसी और बुखार होने पर बुधवार को सिविल अस्पताल में जांच के लिए लाया गया था। यहां से उसका सैंपल खानपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया था।
करीब 24 घंटे बाद रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव पाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी पुष्टि कर दी है। उसको सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में डॉक्टरों की टीम की निगरानी में रखा गया है। सभी डॉक्टरों को अलर्ट कर और युवक के परिवार को भी एकांतवास में रखा गया है।
पानीपत के मॉडल टाउन निवासी 21 वर्षीय युवक इंग्लैंड में पढ़ाई कर रहा है। पिछले तीन दिन से उसको तेज बुखार और सूखी खांसी थी। परिजनों ने उसके बारे में स्वास्थ्य विभाग को भी सूचना दी थी, जिसके बाद बुधवार को उसे सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उसका सैंपल लिया गया और युवक को घर में ही एकांतवास में रखा गया था।
गुरुवार को सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन ने मॉडल टाउन में एंबुलेंस का काफिला मॉडल टाउन की ओर रवाना किया और युवक को अस्पताल में दाखिल कराया गया। उसके परिवार के 6 सदस्यों को उनके घर में ही एकांतवास में रखा गया है। घर के बाहर पुलिस की टीम को भी तैनात कर दिया गया है।
अब तक छह सैंपल गए, तीन निगेटिव, एक पॉजीटिव और दो की रिपोर्ट का इंतजार
जिले में अब तक कोरोना वायरस की जांच के लिए छह संदिग्ध मरीजों के सैंपल भेजे गए हैं। इनमें से एक केस पॉजिटिव मिला है, जबकि तीन केस निगेटिव मिले हैं। दो की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार दोपहर तक आएगी।
पता लगा रहे हैं युवक किसके-किसके संपर्क में आया: डॉ. शशि गर्ग
पानीपत में कोरोना वायरस का पहला मरीज मिला है। वह इंग्लैंड से पानीपत आया था। उसको फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। इस दौरान वह किन लोगों के संपर्क में आया है, उनका पता लगाकर एकांतवास में रखा जाएगा। - डॉ. शशि गर्ग, डिप्टी सिविल सर्जन पानीपत।