चंडीगढ़ः बापूधाम में प्रभावित जोन का दायरा बढ़ा, 2500 लोग और शामिल, 14 सीसीटीवी से निगरानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ में एकाएक बढ़े कोरोना के मरीजों की संख्या को लेकर चंडीगढ़ प्रशासन के भी हाथ-पांव फूल गए हैं। कोरोना के सबसे ज्यादा मामले सेक्टर-26 स्थित बापूधाम कॉलोनी से सामने आए हैं। ऐसे में प्रशासन ने बुधवार को बापूधाम के प्रभावित जोन का दायरा बढ़ा दिया है। इस जोन में 2500 और लोगों को शामिल कर लिया गया है। इसके अलावा 14 सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल कर लोगों पर निगरानी रखी जा रही है।
पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने ट्राइसिटी के अधिकारियों के साथ एक बैठक ली, जिसमें यह जानकारी दी गई। बैठक में प्रशासक ने कोरोना के तेजी से बढ़ रहे मामलों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने धनास की कच्ची कॉलोनी, सेक्टर-30बी और बापूधाम कॉलोनी के प्रभावित जोन में लोगों की गहन जांच के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन के सभी संसाधनों को इन प्रभावित जोन पर केंद्रित किया जाए और इलाके में सख्त निगरानी रखी जाए, ताकि यहां का संक्रमण शहर के अन्य हिस्सों में न फैल सके। प्रशासक को यह जानकारी दी गई कि सेक्टर-30बी में भी 26 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि घर से बाहर निकल रहे लोगों पर नजर रखी जा सके।
सबसे बातचीत के बाद फैसला होगा, कर्फ्यू बढ़ेगा या नहीं: बदनौर
पंजाब सरकार ने राज्य में लगे कर्फ्यू को दो हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। इस पर प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने कहा कि चंडीगढ़ प्रशासन शहर के लोगों से बातचीत कर और केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही तय करेगा कि शहर में लगे कर्फ्यू को आगे बढ़ाया जाए या नहीं। उन्होंने वित्त सचिव एके सिन्हा को यह निर्देश दिए हैं कि तीन मई के बाद शहरवासियों को किस तरह की रियायतें दी जा सकती है, इस पर शहर के विभिन्न वर्ग से बातचीत की जाए और उनसे सुझाव मांगे जाए।
ज्यादा हेल्थ स्क्रीनिंग की वजह से ही सामने आ रहे नए मामले: दीवान
प्रशासक बदनौर ने स्वास्थ्य सचिव अरुण कुमार गुप्ता को आदेश दिए कि वह शहर के तीनों प्रमुख अस्पताल जीएमसीएच-32, जीएमएसएच-16 और पीजीआई के प्रमुखों के साथ बैठक करें और कोरोना के मरीजों के हो रहे इलाज की निगरानी करें। डायरेक्टर हेल्थ सर्विस डॉक्टर जी दीवान ने बताया कि अब तक शहर के 10 लाख 93 हजार लोगों की घर-घर जाकर हेल्थ स्क्रीनिंग की जा चुकी है। ज्यादा हेल्थ स्क्रीनिंग की वजह से ही बापूधाम कॉलोनी और सेक्टर-30बी में ज्यादा मामले सामने आए हैं। सेक्टर-46 और बापूधाम कॉलोनी में बुधवार को ड्रोन के माध्यम से फागिंग की गई है।
बापूधाम में सीटीयू की बसों से ही पहुंचेंगी सब्जियां
नगर निगम के कमिश्नर केके यादव ने बताया कि सेक्टर-32बी और बापूधाम कॉलोनी के प्रभावित जोन को सील कर दिया गया है। इलाके में कोई भी एंट्री एग्जिट की मंजूरी नहीं दी गई है। इलाके के लोगों को अनिवार्य सेवाओं को लेकर किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसलिए फल-सब्जियां व ग्रॉसरी का सामान सीटीयू की बसों द्वारा पहुंचाया जाएगा। फूड एंड सप्लाई विभाग के सेक्रेटरी विनोद पी कावले ने बताया कि अब तक शहर के 45 हजार पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत गेहूं और दाल मुहैया कराया जा चुका है।