चंडीगढ़ में चार और पॉजिटिव मिले, एक दिन में 13 मामले, कुल पीड़ितों की संख्या पहुंची 115
- शहर में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर हुई 115, बापूधाम बढ़ा रहा है कोरोना चेन
- बापूधाम के 10 मरीजों में से एक ही परिवार के सात व एक परिवार के दो सदस्य शामिल
विस्तार
चंडीगढ़ में कोरोना की चेन टूटने का नाम नहीं ले रही है। सेक्टर- 26 का बापूधाम इलाका कोरोना की चेन को दिन-प्रतिदिन आगे बढ़ा रहा है। मंगलवार को मिले 13 मरीजों में से अकेले बापूधाम से 10 पॉजिटिव मामले सामने आए, जबकि अन्य तीन मरीज सेक्टर 30 बी, एक धनास और एक सेक्टर 56 निवासी है। बापूधाम के 10 मरीजों में से एक ही परिवार के सात व एक परिवार के दो सदस्य शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को सुबह बापूधाम के 42 वर्षीय पुरुष, 10 वर्षीय किशोर, 5 वर्षीय बच्ची, 2 वर्षीय बच्चा, 22 वर्षीय युवती, 28 वर्षीय युवक व 42 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, सेक्टर 30 निवासी 49 वर्षीय पुरुष व धनास निवासी 60 वर्षीय महिला भी पॉजिटिव मिली। उधर, शाम को बापूधाम निवासी 28 वर्षीय युवक, 4 वर्षीय बच्ची व 16 वर्षीय किशोरी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, सेक्टर 56 निवासी 34 वर्षीय पुरुष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव मिली है।
बापूधाम से अब तक 60 मरीज
चंडीगढ़ में कोरोना के मरीजों की संख्या अचानक तेजी से बढ़ाने में बापूधाम का अहम रोल है। वहां से अब तक 60 मरीज मिल चुके हैं। इन 60 मरीजों में परिवार में संक्रमित होने वालों की संख्या ज्यादा है। यहां के पहले कोरोना पॉजिटिव मरीज से उसके परिवार के 6 सदस्य संक्रमित हुए थे।
उसके बाद यह क्रम अन्य परिवार में भी आगे बढ़ता ही जा रहा है। इसे लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग काफी चिंतित है, क्योंकि सामाजिक दूरी के मानकों का पालन न होना मरीजों की संख्या को तेजी से बढ़ा रहा है लेकिन बापूधाम के लोग इसे हल्के में ले रहे हैं, जिसका खामियाजा उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को कोरोना संक्रमण के रूप में चुकाना पड़ रहा है।
पीजीआई में 91 भर्ती, 21 की जांच पेंडिंग
पीजीआई में अब तक कोरोना के 91 मरीज भर्ती हो चुके हैं, जबकि अभी 21 संदिग्धों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। चंडीगढ़ के 115 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से 21 ठीक होकर घर जा चुके हैं, जबकि एक कोरोना पॉजिटिव महिला की मौत हो चुकी है। शहर में अब तक कोरोना के 1713 संदिग्ध मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 1576 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
एहतियात: बापूधाम में ही कालोनी के लोगों को किया जाएगा क्वारंटीन
बापूधाम में बढ़ती कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या को देखते हुए यूटी प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है। कालोनी में रहने वाले लोगों को क्वारंटीन करने के लिए कालोनी के ही सामुदायिक भवन को चिह्नित किया है। मंगलवार को एसडीएम सुधांशु गौतम ने अन्य अधिकारियों के साथ सामुदायिक भवन का दौरा किया। एसडीएम ने जरूरी व्यवस्थाओं को तत्काल पूरा करने के निर्देश भी दिए।
चंडीगढ़ की बापूधाम कालोनी कोरोना बम बनकर उभरा है। प्रतिदिन कालोनी में संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। एहतियातन प्रशासन ने कालोनी को सील कर दिया है, साथ ही सीआरपीएफ की भी तैनाती कर दी गई है। हालांकि प्रशासन के ये सारे प्रयास शहर को सुरक्षित करने के लिए किए जा रहे हैं। मंगलवार को प्रशासन की ओर से तय किया गया कि बापूधाम के लोगों को कालोनी के सामुदायिक भवन में ही क्वारंटीन किया जाए। एसडीएम सुधांशु गौतम द्वारा सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने जरूरी व्यवस्थाओं को पूरा करने के भी निर्देश दिए।