चंडीगढ़ फिर रेड जोन में, प्रशासन की मुश्किलें बढ़ीं, पीजीआई ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
14 दिन की निगरानी के बाद गुरुवार को केंद्र सरकार ने रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में आने वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सूची जारी की है। इस सूची में चंडीगढ़ को फिर से रेड जोन में डाला गया है। यह जानकारी चंडीगढ़ के एडवाइजर मनोज परिदा ने ट्वीट कर दी। इसके चंडीगढ़ प्रशासन की मुश्किलें बढ़नी तय है।
शहर को पहली बार 15 अप्रैल को रेड जोन में डाला गया था। इसके बाद 14 दिनों तक केंद्र सरकार ने शहर की निगरानी की। अगर इन 14 दिनों में कोरोना का एक भी केस नहीं आता तो शहर को रेड से ऑरेंज जोन की लिस्ट में डाला जाता लेकिन पिछले कुछ दिनों में कोरोना के मामले थमने की बजाय दोगुने हो गए हैं, इसलिए शहर को केंद्र सरकार ने फिर से रेड जोन की लिस्ट में डाल दिया है। फिर रेड जोन घोषित होने के बाद शहर के लिए अगले 14 दिन काफी महत्वपूर्ण रहने वाले हैं।
केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय ने विभिन्न पैमानों के आधार पर चंडीगढ़ को रेड जोन घोषित किया है। इसके बाद अब केंद्र सरकार रोजाना शहर की स्थिति पर निगरानी करेगी और अगर अगले 14 दिन तक कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आएगा तो शहर को ऑरेंज जोन घोषित किया जाएगा। इसके बाद 14 दिन तक फिर नजर रखी जाएगी और उसमें भी कोई नया केस नहीं आता है तो शहर को ग्रीन जोन घोषित कर दिया जाएगा।
ट्राइसिटी में फैल न जाए संक्रमण इसलिए रेड जोन घोषित
रेड जोन सबसे खतरनाक है। कोरोना का संक्रमण ट्राइसिटी में न फैले, इसलिए रेड जोन घोषित किया गया है। इसका मतलब है कि शहर में कोरोना की चपेट में कई लोग आ चुके हैं और इसके बढ़ने या यहां की वजह से कहीं दूसरी जगह संक्रमण के बढ़ने की आशंका काफी अधिक है। चंडीगढ़ पंचकूला और मोहाली से घिरा हुआ है। चंडीगढ़ और मोहाली में अब कोरोना के नए मरीजों की संख्या बेहद तेजी से बढ़ रही है, इसलिए स्थिति और गंभीर हो चुकी है। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर भी कई बार इस बात को कह चुके हैं।
कोरोना से जुड़ी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
चंडीगढ़ में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए पीजीआई ने गुरुवार को एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। हेल्पलाइन नंबर 0172-2755444 पर सुबह 09 से शाम 05 बजे तक कोरोना से जुड़ी जानकारी देने के साथ ही इससे संबंधित सवालों के जवाब भी दिए जाएंगे।
इस पर कॉल कर कोरोना टेस्ट सेंटरों के नाम व उससे जुड़ी जानकारी के साथ ही पीजीआई की ओर से चलाए जा रहे टेलीमेडिसिन सेवा और फॉलोअप के संदर्भ में सूचना प्राप्त की जा सकती है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के कारण पीजीआई की ओपीडी सेवा बंद कर दी गई है। ऐसे में मरीजों की असुविधा को ध्यान में रखकर पीजीआई ने यह हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।