जालंधर में ऐसे उड़ी कर्फ्यू की धज्जियां, 11 गिरफ्तार, सिविल अस्पताल आइसोलेशन में तब्दील
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस के प्रकोप से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने शहर में कर्फ्यू लगा दिया है। मंगलवार को मकसूदां मंडी में खुलेआम कर्फ्यू की धज्जियां उड़ाई गई। लोग बड़ी संख्या सब्जियां खरीदने मंडी पहुंचे। मंगलवार सुबह भी रोजाना की तरह लोगों की भीड़ मंडी में देखने को मिली। सभी लोग इस तरह खरीददारी कर रहे थे कि जैसे हालात सामान्य हो गए हो।
लोग थैलियां भर-भर के सब्जियों की खरीददारी कर रहे थे। वहीं कई लोग अपने बच्चों के साथ मंडी में आये थे, जबकि राज्य सरकार ने सख्त तौर पर बच्चों और बुजुर्गों का घर रहने की हिदायतें दी हैं। लोगों को मंडी जाने से रोकने के लिए जिला प्रशासन और मंडी बोर्ड प्रशासन की तरफ से कोई इंतजाम नहीं किये गए थे।
भार्गव कैंप में लगी सब्जी मंडी, 8 गिरफ्तार
भार्गव कैंप में मंगलवार को सुबह के समय कुछ सब्जी विक्रेताओं ने मंडी लगा दी। इससे देखते ही देखते वहां पर सब्जी लेने वाले लोगों की भीड़ जमा होने लगी। लोगों ने कर्फ्यू की परवाह भी नहीं की। भार्गव कैंप के मैन बाजार में सुबह 7 बजे के करीब सब्जी मंडी लगाई गई। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस फोर्स पहुंची गई और मंडी को वहां से हटा दिया।
थाना भार्गव कैंप के प्रभारी इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने कहा कि सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस ने मौके पर पहुंच कर सब्जी मंडी को हटाया और 8 लोगों पर पर्चा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में थाने में जमानत देकर रिहा किया गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में पेट्रोलिंग शुरू कर दी है और लोगों से अपील कर रही है कि अपने घरों में ही रहे। जिला प्रशासन की ओर से रोजमर्रा का जरूरी सामान घरों तक पहुंचाया जाएगा।
जालंधर सिविल अस्पताल को किया गया आईसोलेट
कोरोना वायरस के प्रति सतर्कता बरतते हुए प्रशासन ने 550 बेड वाले सिविल अस्पताल, जालंधर को आइसोलेशन सेंटर में तब्दील कर दिया है। अस्पताल के बेड अब क्वारंटीन में तब्दील कर दिए गए हैं। अब जालंधर के सिविल अस्पताल में मात्र कोरोना वायरस से संबंधित व जच्चा-बच्चा की बीमारियों से संबंधित इलाज ही किया जाएगा। बाकी किसी भी तरह का इलाज अब जालंधर के सिविल अस्पताल में नहीं किया जाऐगा।
आम जनता को बाकी बीमारियों का इलाज करवाने में दिक्कत का सामना न करना पड़े, इसके लिए सिविल अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं को अब ईएसआई अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। कोरोना वायरस व जच्चा-बच्चा के इलाज के अलावा अब हर तरह का इलाज, जिसमें ओपीडी, ऑपरेशन, किसी तरह की चोट का इलाज व अन्य सभी तरह के इलाज ईएसआई अस्पताल में किए जाएंगे। डिप्टी कमिश्नर वरिंदर कुमार शर्मा का कहना है कि सिविल अस्पताल की इमारत को पूरी तरह से आइसोलेट कर दिया गया है। अब सिविल अस्पताल में कोरोना वायरस व जच्चा-बच्चा से संबधित केसों के अलावा कोई केस नहीं लिया जाऐगा।
सिविल अस्पताल में आम आदमी की इट्री पर पाबंदी लगी दी गई है। सिविल अस्पताल के मरीजों को ईएसआई शिफ्ट किया जा रहा है। जिस प्रकार के सामान की जरूरत है, उसे भी ईएसआई अस्पताल में पहुंचाया जा रहा है। अब सिविल अस्पताल में होने वाली ओपीडी भी ईएसआई अस्पताल में ही की जाऐगी। प्रशासन ने यह कदम सिविल अस्पताल में आने वाले कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों से आम जनता को बचाने के लिए उठाया है। इस बारे में जरूरी आदेश सिविल सर्जन गुरिंदर कौर चावला को भेज दिए गए हैं।
जालंधर में कर्फ्यू के उल्लंघन में 11 गिरफ्तार
शहर में लगाए गए कर्फ्यू का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस ने शहर से 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा वाहन चालकों और लोगों को पुलिस ने खदेड़ दिया और कई स्थानों पर सख्ती बरतनी पड़ी। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इन लोगों के खिलाफ धारा 188 आईपीसी और धारा 269 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार हुए लोगों में रवि कुमार, दिलीप कुमार, राजेंद्र कुमार, सतपाल, विनोद शाह, गणेश कुमार, विनोद कुमार, अशोक कुमार शाह, मनीष कुमार, लाल देव वर्मा, अश्विनी कुमार आदि शामिल हैं। वहीं पुलिस अधिकारी दिन भर सड़कों पर वाहन दौड़ाते रहे और लोगों को घरों में बैठने के लिए खदेड़ते रहे। एसीपी माडल टाऊन धर्मपाल ने खुद पीछाकर मैनब्रो के पास कार सवार युवकों को दबोचा और थाने में बंद किया।
जालंधर के 29 पैट्रोल पंप खोलने की घोषणा
आपातकालीन वाहनों की जरूरत देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट ने जिले में 29 पेट्रोल पंप कर्फ्यू के दौरान खोल दिए हैं। इन पेट्रोल पंपों से सिर्फ आपात सेवाओं में जुटी गाड़ियों को तेल दिया जाएगा। डीसी वरिंदर शर्मा ने कहा कि जिला फूड एवं सप्लाई कंट्रोल नरिंदर सिंह को लगातार इनकी निगरानी करने को कहा गया है।
प्रशासन की तरफ से जो पेट्रोल पंप खोले गए हैं उनमें परागपुर का अमर हाईवे फिलिंग स्टेशन, रायपुर का बल इंडियन ऑयल, लाडोवाली रोड पर जगत फ्यूल्स, पीएपी चौक पर सतलुज फिलिंग, लाजपत नगर में यूनाइटेड सर्विस स्टेशन, शास्त्री नगर में सनशाइन फ्यूल्स, प्रतापपुरा के नजदीक सिंगा गांव में कुवर पेट्रो वर्ल्ड, बीएमसी चौक पर केसर सर्विस सेंटर, बीएमसी चौक पर शमशेर सिंह सहगल एंड संस, ओल्ड रेलवे रोड स्थित करतार पेट्रोल स्टेशन, रामा मंडी में खैरा फिलिंग स्टेशन, लायलपुर खालसा कॉलेज के नजदीक सत्यम फिलिंग स्टेशन खुल रहेंगे। इन स्टेशनों से पुलिस, एंबुलेंस, चिकित्सक और अन्य इमरजेंसी वाले अपने वाहनों में पेट्रोल व डीजल भरवा सकेंगे।