फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Corona Virus, Chandigarh Lock Down Till 31 March

कोरोना वायरस: चंडीगढ़ के इतिहास में पहली बार कर्फ्यू, नियम तोड़ा तो दर्ज होगी एफआईआर

Tue, 24 Mar 2020 09:17 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: खुशबू गोयल Updated Tue, 24 Mar 2020 09:17 AM IST
सार

  • प्रशासक वीपी सिंह बदनौर के आदेश के बाद आधी रात से लागू, पंचकूला में अभी लॉकडाउन।
  • अनिवार्य सेवाएं रहेंगी जारी, जारी किए जाएंगे पास, प्रशासक ने दी सलाह, लोग अपने घरों में ही रहें।
  • रजिस्टर्ड कंस्ट्रक्शन वर्कर्स के खाते में तीन हजार रुपये डालने के लिए केंद्र से करेंगे बात।

विज्ञापन
Corona Virus, Chandigarh Lock Down Till 31 March
चंडीगढ़ - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या में दिनोंदिन हो रहे इजाफे और बढ़ते संक्रमण को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने लॉकडाउन के बाद कर्फ्यू की घोषणा कर दी है। पंजाब के गवर्नर और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने सोमवार शाम को चंडीगढ़ में कर्फ्यू लगाने का आदेश दे दिया। 

विज्ञापन


आदेश के मुताबिक, कर्फ्यू मंगलवार आधी रात से से शुरू होकर प्रशासन के अगले आदेश तक जारी रहेगा। उधर, कर्फ्यू लगने के बाद यूटी पुलिस ने साफ कर दिया है कि नियम तोड़ने वालों पर एफआईआर दर्जकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा मोहाली समेत पूरे पंजाब में कर्फ्यू लगा दिया गया है। हालांकि पंचकूला में अभी कर्फ्यू नहीं लगा है। वहां लॉकडाउन किया गया है।  
विज्ञापन


प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने कर्फ्यू के दौरान सभी शहरवासियों को घर में रहने सलाह दी है। प्रशासक ने शहर के डीजीपी को आदेश दिए गए हैं कि वह सुनिश्चित करें कि कर्फ्यू के दौरान शहर में कानून व्यवस्था बनी रहे और लोग कर्फ्यू के नियमों का पालन करें। उधर, एडवाइजर मनोज परिदा ने बताया कि कर्फ्यू के दौरान अनिवार्य सेवाएं जैसे कि पुलिस, स्वास्थ्य आदि से जुड़े लोगों को कर्फ्यू पास दिए जाएंगे, जिसके आधार पर वह बाहर निकल सकेंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि पंजाब, हरियाणा और सेंट्रल गवर्नमेंट के कर्मचारी अपने चीफ सेक्रेटरी के माध्यम से ही कर्फ्यू पास के लिए आवेदन करें। परिदा ने कहा कि डीसी मनदीप सिंह बराड़ कर्फ्यू पास को लेकर फैसला करेंगे। कर्फ्यू के दौरान अनिवार्य चीजों की खरीदारी के लिए शहरवासियों को कुछ समय दिया जाएगा। 

अनिवार्य सेवाओं के लिए पंजाब-हरियाणा के संपर्क में रहेगा प्रशासन 

Corona Virus, Chandigarh Lock Down Till 31 March
Chandigarh - फोटो : अमर उजाला

एडवाइजर मनोज परीदा ने कहा कि अनिवार्य सेवाओं जैसे कि ऑक्सीजन, एलपीजी, पेट्रोल आदि की आपूर्ति के लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने पंजाब और हरियाणा के साथ गठजोड़ किया है। जरूरत पड़ने पर सूद धर्मशाला का भी इस्तेमाल किया जाएगा। यहां पर टायलेट के साथ 125 आइसोलेटेड कमरों को तैयार किया गया है। इसके अलावा पीजीआई के नेहरू ब्लॉक में एक ब्लॉक को कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के इलाज के लिए तैयार किया गया है। यहां पर सिर्फ कोरोना के मरीजों का ही उपचार किया जाएगा। 

प्रशासन ने समाचार पत्र वितरक बंधुओं को दी सलाह
प्रशासन ने समाचार पत्र वितरक बंधुओं को सलाह दी है कि वह सभी जरूरी एहतियात बरतते हुए अखबार को बांटने का काम पूरा करें। कर्फ्यू के दौरान कोई शंका है तो 112 पर कॉल करें। चंडीगढ़ प्रशासन ने यह भी तय किया कि सभी रजिस्टर्ड कंस्ट्रक्शन वर्कर्स के लिए राशन मनी के तौर पर तीन हजार रुपये देने के लिए केंद्र सरकार से बातचीत की जाएगी।

यह पैसे ऑनलाइन उनके खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे क्योंकि सभी तरह के काम रुकने की वजह से यह लोग कई दिनों से घर पर बैठे हैं। ऐसे में इन्हें राशन की कोई समस्या न हो इसके लिए यह फैसला लिया गया है। इसके अलावा शहरवासियों के सभी सवालों के जवाब देने के लिए 112 एक हेल्पलाइन तैयार किया गया है। जहां पर प्रशासन के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

यह हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे काम कर रही है और लोगों की शिकायतों या जानकारी का निवारण कर रही है। इस नंबर पर सोमवार शाम 5 बजे तक कोरोना वायरस से संबंधित करीब 100 फोन आए हैं। ज्यादातर लोगों ने ऑफिस, दुकान और लोगों के इकट्ठा होने आदि के बारे में पूछा है। इसके अलावा बहुत से लोगों ने विदेश से लौटने वाले लोगों की भी जानकारी दी है।

बार्डर पर लगे नाके, चंडीगढ़ में प्रवेश पर लगी पाबंदी

चंडीगढ़ में आधी रात से कर्फ्यू लगने के बाद चंडीगढ़ पुलिस अलर्ट हो गई है। कर्फ्यू के दौरान अगर कोई शख्स नियम तोड़ते दिखा तो उस पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी किसी तरह की अफवाह फैलाने पर केस दर्ज किया जाएगा। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि घर में ही रहें, बाहर न निकलें। पुलिस बाहर पकड़े जाने पर व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी 188, 269 और 270 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार करेगी।  
  
एसएसपी नीलांबरी विजय जगदले ने सोमवार को शहर के सभी डीएसपी, एसएचओ, पीसीआर, बीट स्टाफ के अलावा अन्य फोर्स बॉर्डर पर तैनात कर दिया। पंचकूला और मोहाली से लगते बॉर्डर एरिया में कुल 38 आउटर नाके लगाए गए हैं। इन नाकों पर 500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। कर्फ्यू के दौरान एंबुलेंस, आवश्यक सेवा, मीडियाकर्मी, हरियाणा-पंजाब के सरकारी वाहनों, किसी भी प्राइवेट व्हीकल में अगर कोई मरीज हो तो बस उसे चंडीगढ़ में आने दिया जाएगा। 

इसके अलावा और किसी को भी प्रवेश करने की अनुमति नहीं है। सोमवार सुबह से ही चंडीगढ़ पुलिस ने सभी बॉर्डर को सील करते हुए पंचकूला से हाउसिंग बोर्ड की ओर आने वाली सड़क और जीरकपुर से से एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट की ओर आने वाली सड़क समेत अन्य सभी एंट्री प्वाइंट पर वाहनों को चेक करना शुरू कर दिया। इस दौरान पंचकूला से हाउसिंग बोर्ड की ओर आने वाले एंट्री प्वाइंट पर वाहन चालकों की लंबी कतार नजर आई। 

अखबार के सेंटरों पर पुलिस की विशेष सुरक्षा

चंडीगढ़ पुलिस ने समाचार वितरक बंधुओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की है। साथ ही शहर में समाचार पत्रों के वितरण के सभी स्थानों पर विशेष व्यवस्था की गई है ताकि बिना किसी बाधा के समाचार पत्रों की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।   

लॉक डाउन के दौरान 207 लोग हिरासत में 
वहीं सोमवार को लॉकडाउन के दौरान चंडीगढ़ में अलग-अलग जगहों पर पुलिस ने 207 लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा 105 वाहन राउंडअप और 7 वाहन इम्पाउंड किए। सोमवार को पुलिस ने सख्ती बरतते हुए इन लोगो के खिलाफ कार्रवाई की।  

थाने में पुलिसकर्मी एक मीटर की दूरी बनाकर रखें 
पुलिस विभाग ने शहर के सभी थानों को आदेश जारी किया है कि थाने में शिकायत लेकर आने वाले लोगों को एक-दूसरे से एक मीटर दूरी पर बैठाया जाए। साथ ही पुलिसकर्मी भी आपस में एक एक मीटर की दूरी पर ही बैठें।  

कर्फ्यू के दौरान अगर कोई नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया तो पुलिस उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। -नीलंबरी विजय जगदले, एसएसपी, चंडीगढ़

हाईकोर्ट ने दिया सभी अदालतों को बंद करने का आदेश

कोरोना के कहर के चलते हालांकि हाईकोर्ट ने इस सप्ताह लगने वाले सभी केसों की सुनवाई एक महीना स्थगित कर दी है। बावजूद इसके अभी भी हाईकोर्ट में लोगों का आना जारी है। इस पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने अब कड़ा करते हुए 31 मार्च तक वकीलों को किसी भी केस में हाईकोर्ट में न पेश होने की हिदायत जारी कर दी है बार एसोसिएशन के सचिव रोहित सूद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस निर्णय के बारे में सभी वकीलों को सूचित कर दिया है।

हाईकोर्ट ने बार एसोसिएशन ने सोमवार को फिर आपात बैठक कर इसका निर्णय लिया और कहा है कि हाईकोर्ट ने चाहे इस सप्ताह के केसों की सुनवाइयां स्थगित कर दी है और सिर्फ बेहद ही अर्जेन्ट केस पर सुनवाई किया जाना तय किया है बावजूद इसके लोग हाईकोर्ट आ रहे हैं। ऐसे में हाईकोर्ट के वकीलों, स्टाफ, सुरक्षा कर्मियों और जजों को इस घातक वायरस के संभावित खतरे से बचाए जाने के लिए यह निर्णय लिया जाना जरूरी है ताकि कोई भी संक्रमण की चपेट में न आए।

ऐसे में हाईकोर्ट में कामकाज पूरी तरह से ठप्प रखने जाने का बार एसोसिएशन ने प्रस्ताव पास कर दिया है और साथ ही यह भी कहा है कि बार एसोसिएशन के इस निर्णय के बावजूद कोई भी वकील अगर हाईकोर्ट आया तो उस पर दस हजार रुपये जुर्माना लगाया जा सकता है।

हाईकोर्ट ने पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की सभी अदालतों को बंद करने के दिए आदेश
सोमवार को पंजाब सरकार द्वारा पुरे राज्य में कर्फ्यू लगाए जाने के फैसले के बाद पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने भी तत्काल प्रभाव से पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ की सभी जिला और सब डिवीजन अदालतों को बंद किए जाने का फैसला करते हुए इसके निर्देश जारी कर दिए हैं। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल संजीव बेरी ने 23 मार्च से 31 मार्च तक हाईकोर्ट में क्लोजर के निर्देश जारी किए हैं। ऐसे में लिमिटेशन पीरियड में इस क्लोजर के समय शामिल नहीं किया जाएगा।

कांट्रैक्ट-आउटसोर्सिंग कर्मियों का नहीं कटेगा वेतन

कर्फ्यू की वजह से घर पर बैठे प्रशासन के सभी विभागों में कार्यरत कांट्रैक्ट, आउटसोर्सिंग, डेलीवेज, वर्क चार्ज व कंसल्टेंट आदि का वेतन नहीं काटा जाएगा। यह फैसला केंद्र सरकार के निर्देश पर चंडीगढ़ प्रशासन ने लिया है। सभी कर्मचारियों को फिलहाल 31 मार्च तक की सैलरी बिना कटे मिलेगी। यहां बता दें कि गवर्नमेंट ऑफिस, बोर्ड, कॉरपोरेशन 22 मार्च से 31 मार्च 2020 तक बंद रहेंगे। केवल वही पब्लिक ऑफिस खुले रहेंगे, जिनकी इमरजेंसी, लॉ एंड आर्डर व जरूरी कार्यों के लिए ड्यूटी रहेगी।

बिजली व पानी के बिल और प्रॉपर्टी टैक्स पर नहीं लगेगी लेट फीस
शहर के संपर्क सेंटरों के बंद होने की वजह से चंडीगढ़ प्रशासन ने फैसला लिया है कि बिजली व पानी के बिल और प्रॉपर्टी टैक्स पर लेट फीस नहीं ली जाएगी। यूटी प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि चंडीगढ़ में कोरोना वायरस की वजह से सभी दफ्तरों को बंद रखा गया है। जिन लोगों के बिजली व पानी के बिल और प्रॉपर्टी टैक्स की ड्यू डेट 23 मार्च से 15 अप्रैल के बीच है, उनसे लेट फीस चार्ज नहीं होगी।

कोरोना के चलते रुकी शराब के ठेकों की नीलामी 
कोरोना वायरस के मामलों के लगातार बढ़ने से प्रशासन ने एहतियातन कई कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में प्रशासन ने 24 मार्च को होने वाले शहर के ठेकों की नीलामी को फिलहाल रद्द कर दिया है। प्रशासन की तरफ से जारी आदेशों के अनुसार, शहर के 95 ठेकों की नीलामी को अगले आदेश तक स्थगित की जा रही है।

एक्साइज एंड टैक्सेशन डिपार्टमेंट ने 2020-21 की पॉलिसी घोषित करने के बाद अब शराब के ठेकों के लाइसेंस फीस की रिजर्व प्राइस जारी की थी। शराब के ठेकों के लाइसेंस से डिपार्टमेंट ने 342 करोड़ 40 लाख के रेवन्यू का टार्गेट रखा है। डिपार्टमेंट ने 95 ठेकों की रिजर्व प्राइज जारी की है। वहीं पिछले साल धनास के ठेके की 10.78 करोड़ की बोली लगी थी। इसके चलते इस बार इस ठेके का रिजर्व प्राइस सबसे अधिक 7.25 करोड़ रुपये रखा गया है। 

विदेश से आए 77 लोगों को किया होम क्वारंटीन

चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से गठित तीन टीमों ने सोमवार को विदेश से आए 77 लोगों को होम क्वारंटीन किया। सभी के हाथों पर मुहर लगाने के साथ ही 14 दिन तक घर से बाहर न निकलने की हिदायत दे दी गई है। इनमें से किसी के भी घर से बाहर मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विदेश से आने वालों में सबसे ज्यादा कनाडा व दुबई के लोग हैं।

प्रशासन की ओर से कोरोना वायरस की महामारी पर एतियात बरतने के लिए विभिन्न टीमें बनाई हैं। यह टीमें विदेश से आने वाले लोगों को लगातार चिह्नित कर कर उनकी स्टैंपिंग कर रही हैं। नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर अनिल गर्ग को टीम का नोडल ऑफिसर बनाया गया है। सोमवार को तीन टीमों ने 77 लोगों को चिह्नित किया। टीमों ने सेक्टर 48, 49, 41, 46, मनीमाजरा, 9, 10 के एरिया में चेकिंग की। अब तक टीमों ने 400 ज्यादा लोगों को होम क्वारंटीन किया जा चुका है।

क्वारंटीन किए परिवारों को टीम उपलब्ध कराएगी सुविधाएं

प्रशासन ने होम क्वारंटीन अथवा होम आइसोलेशन में रखे परिवारों को रोजमर्रा की सभी जरूरतें उपलब्ध कराने के लिए दो  टीमें गठित की हैं। हर टीम में चार सदस्य हैं। इसका प्रभारी एक्सईएन हरीश सैनी को बनाया गया है। ये टीमें पूरे शहर में होम क्वारंटीन में रखे परिवारों को सामान उपलब्ध कराएगी।

नगर निगम कमिश्नर केके यादव ने बताया कि होम क्वारंटीन अथवा होम आइसोलेशन में रखे गए परिवारों को रोजमर्रा का सामान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नई व्यवस्था लागू की है। टीम के सदस्य नो प्रोफिट, नो लोस के तहत लोगों को निगम या किराए की गाड़ी लेकर सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। प्रत्येक परिवार की हर दिन की जानकारी प्रभारी एडिशनल कमिश्नर अनिल गर्ग को देंगे। यह व्यवस्था सोमवार से लागू कर दी गई है।

कचरे के निस्तारण की भी देनी होगी जानकारी
निगम कमिश्नर ने बताया कि होम क्वारंटीन अथवा होम आइसोलेशन में रखे गए परिवारों के घर से प्रतिदिन कचरा लिया जाएगा। साथ ही इस कचरे के निस्तारण के बारे में पूरी जानकारी देनी होगी। इसका प्रभारी एक्सईएन राजेंदर सिंह को बनाया गया। प्रभारी प्रतिदिन इन घरों में कचरे के लिए बैग उपलब्ध कराने, उसे वापस लेने और कचरे के निस्तारण की जानकारी एमओएच डॉ. एपी सिंह को देंगे। पूरी रिपोर्ट एमओएच एडिशनल कमिश्नर अनिल गर्ग को देंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed