डेरा प्रमुख राम रहीम पर आपत्तिजनक ट्वीट, दो पर केस
सोशल साइट पर डेरा सच्चा सौदा प्रमुख पर आपत्तिजनक टिप्पणी या चित्र अपलोड करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
ताजा घटनाक्रम के तहत सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम के संबंध में आपत्तिजनक ट्वीट करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। ट्वीट करने वाला शख्स दिल्ली का रहने वाला अक्षर पाठक था।
डेरा सच्चा सौदा कॉलोनी के फ्लैट नंबर ए छह निवासी सुखबीर ने सदर थाना पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई, जिस पर कार्रवाई करते हुए अक्षर पाठक समेत दो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
दिल्ली वासी अक्षर पाठक ने किया था ट्वीट
सुखबीर ने शिकायत में बताया कि 27 जुलाई को ट्विटर पर दिल्ली निवासी अक्षर पाठक ने डेरा प्रमुख के खिलाफ ट्वीट किया। ट्वीट से उसकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है। सुखबीर की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। ट्विटर अकाउंट की आईडी का पता लगाया।
इसके बाद पुलिस ने दिल्ली निवासी अक्षर पाठक और नरवाना, जींद निवासी सुनील शास्त्री के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज कर किया है। जांच अधिकारी जगदीश कुमार का कहना है कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2007 में डेरा सच्चा सौदा और सिखों के बीच हुए विवाद के बाद से सोशल नेटवर्किंग साइटों पर डेरा सच्च सौदा संत गुरमीत सिंह पर आपत्तिजनक टिप्पणियों का दौर आरंभ हुआ था। पंजाब, राजस्थान व हरियाणा में इस तरह के कई मामले सामने आएं है।