विवादों में घिरीं टिकटॉक स्टार सोनाली फौगाट, कांग्रेस ने साधा निशान तो सीएम ऑफिस ने रिपोर्ट की तलब
- सीएम कार्यालय ने तलब की मामले की रिपोर्ट, भाजपा कर सकती है कार्रवाई
- कांग्रेस ने साधा निशाना, कर्मचारी संगठनों ने जताई नाराजगी, कार्रवाई की मांग की
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा भाजपा की नेता और आदमपुर से पिछला विधानसभा चुनाव लड़ चुकीं टिकटॉक स्टार सोनाली फौगाट एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार हिसार में मार्केट कमेटी के एक अधिकारी को पीटने पर सुर्खियों में हैं। सरकार ने इसका संज्ञान लिया है। सीएम कार्यालय ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब कर ली है।
विवाद बढ़ने व विपक्ष के हमलावर होने पर भाजपा हाईकमान भी मामले पर नजर बनाए हुए है। पार्टी पूरे मामले की अपने स्तर पर भी छानबीन कराएगी। उसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। सोनाली हरियाणा भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष भी हैं। विवाद ज्यादा बढ़ा तो उनके खिलाफ पार्टी कार्रवाई कर सकती है। वहीं कर्मचारी संगठनों व राजनैतिक दलों ने कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- दो घंटे से ज्यादा पबजी नहीं खेल सकेंगे बच्चे, लेनी होगी माता-पिता की मंजूरी
हाल में ही भाजपा नेता सोनाली ने आदमपुर मंडी में जाकर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। यह मामला भी सुर्खियों में आ गया था। इन दिनों आदमपुर क्षेत्र में सोनाली काफी सक्रिय नजर आ रही हैं। विधानसभा चुनाव में आदमपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप बिश्नोई के खिलाफ सोनाली ने चुनाव लड़ा था लेकिन जीत नहीं पाई।
इसके बाद सोनाली ने अपनी बहन और जीजा से झगड़ा होने के बाद पुलिस में जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज करवाई थी, जिस पर वे फिर से सुर्खियों में आईं थी। सोनाली के साथ हर छह महीने, साल में एक विवाद ऐसा जरूर जुड़ जाता है जिससे वे चर्चा में बन जाती हैं।
सोनाली के खिलाफ कार्रवाई करें सीएम: सुरजेवाला
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने सोनाली के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्या हरियाणा के सरकारी कर्मचारी अब भाजपा के नेताओं के थप्पड़ खाने के लिए हैं? क्या हरियाणा के सरकारी कर्मचारियों को भाजपा के कार्यकर्ता जाकर पीट कर आएंगे? बेइज्जत करके आएंगे? हरियाणा के कर्मचारियों का कोई मान सम्मान नहीं बचा। उनकी कोई सुरक्षा नहीं। ऐसे भाजपा नेताओं के खिलाफ अगर कार्रवाई नहीं की तो साबित हो जाएगा कि यह भाजपा नेता सरकार के इशारे पर सरकारी कर्मचारियों पर हमला बोल रही है।
किसी को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं: गर्ग
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता बजरंग गर्ग ने कहा कि किसी भी नेता को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। किसी भी सरकारी अधिकारी से मारपीट नहीं करनी चाहिए। गर्ग ने कहा कि किसी भी नेता को सरकारी अधिकारी से कोई शिकायत है तो उसके खिलाफ कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई करें या बातचीत से समस्या का समाधान करना चाहिए।
मारपीट दुर्भाग्यपूर्ण, कार्रवाई न हुई तो आंदोलन करेंगे: लांबा
सर्व कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि भाजपा नेता द्वारा अधिकारी की पिटाई दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार इस मामले में कड़ी कार्रवाई करे। अगर कार्रवाई न हुई तो कर्मचारियों का हौसला टूटेगा और इस तरह के मामलों की पुनरावृत्ति हो सकती है। सरकार जल्द उचित कार्रवाई करे, नहीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन होगा।
मारपीट को भाजपा उचित नहीं मानती: बराला
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा है कि किसी के साथ भी मारपीट को भाजपा उचित नहीं मानती। पूरे मामले की पड़ताल के बाद ही स्थिति साफ होगी तभी निर्णय लिया जाएगा।