Punjab: सुखपाल खैरा को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा, पुलिस ने मांगा था पांच दिन का रिमांड
नशा तस्करी मामले में 90 दिन बाद गुरुवार को सुखपाल खैरा को हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। जेल से बाहर आते ही उन्हें एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था। कपूरथला अदालत ने खैरा को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भुलत्थ से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा को शुक्रवार दोपहर बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने खैरा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। थाना सुभानपुर में दर्ज मामले में एक दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद शुक्रवार को फिर से कपूरथला की अतिरिक्त सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में खैरा को पेश किया गया। खैरा के वकीलों के अनुसार पुलिस ने अदालत से पांच दिन का रिमांड और मांगा, जिसे खारिज कर दिया गया। अब खैरा को फिर से नाभा जेल भेजा गया है। वहीं जमानत की अपील दायर कर दी है, जिस पर शनिवार को सुनवाई होगी।
फाजिल्का के जलालाबाद में कई साल पुराने एनडीपीएस के मामले में बंद भुलत्थ से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा को गुरुवार को हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद कपूरथला पुलिस ने थाना सुभानपुर में दर्ज एफआईआर नंबर तीन में गिरफ्तार किया था और नाभा जेल से लाने के बाद कपूरथला में अतिरिक्त सिविल जज सीनियर डिवीजन सुप्रीत कौर की अदालत में पेश किया था। जहां से अदालत ने उन्हें एक दिन की रिमांड पर भेज दिया था। चार जनवरी की सुबह तीन बजे थाना सुभानपुर में एक महिला रणजीत कौर निवासी डोगरांवाल की शिकायत पर धारा195-ए और 506 आईपीसी के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
वहीं सुखपाल खैरा के वकील पैनल में शामिल पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के वकील हरिंदरपाल सिंह ईशर, सीनियर वकील हरचरण सिंह आहलूवालिया कपूरथला, वकील कंवलजीत सिंह, वकील परमिंदर सिंह विग जालंधर, वकील रजत ढिल्लो व वकील सुखमन सिंह बल अमृतसर ने सारे मामले को झूठा और राजनीति से प्रेरित बताया।
हाईकोर्ट में देंगे चुनौती
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के वकील हरिंदरपाल सिंह ईशर, परमिंदर सिंह विग और रजत ढिल्लों ने बताया कि कपूरथला पुलिस ने राजनीतिक दबाव में केस दर्ज किया है। इसमें काफी कमियां हैं। पंजाब सरकार के इशारे पर पुलिस काम कर रही है। इस मामले में अगर न्याय नहीं मिला तो वह हाईकोर्ट का रुख करेंगे। उन्होंने बिना अदालत को बताए खैरा को थाना सुभानपुर की पुलिस को सौंपने जाने पर नाभा जेल प्रशासन पर सवाल उठाया। उन्होंने इसे सिरे से गलत करार दिया। वकील हरिंदरपाल सिंह ईशर ने कहा कि वह इस मामले को भी हाईकोर्ट में चुनौती देंगे।
बाहर आकर पहले की तरह पंजाब के हितों के लिए काम करूंगा: खैरा
अदालत से बाहर आने के बाद सुखपाल सिंह खैरा ने अपने समर्थकों से कहा कि वह बाहर आने के बाद वहीं काम जो पहले पंजाब के हितों के लिए करते थे, वैसे ही करते रहेंगे। अदालत में पेशी से पहले सुखपाल खैरा से मिलने विधायक विक्रम चौधरी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार चब्बेवाल भी पहुंचे, जिनसे अदालत के बाहर सुखपाल खैरा ने कुछ बातचीत की। सिविल अस्पताल में पूर्व विधायक नवतेज सिंह चीमा ने मुलाकात की।