पंजाब में दहशत: कांग्रेस नेता ने किया लुधियाना छोड़ने का एलान, जान से मारने की मिल रहीं धमकियां
पुलिस कमिश्नर डॉ. कौस्तुभ शर्मा ने कहा कि पहले भी राजीव राजा को धमकी मिलती रही हैं। इसकी शिकायत उनके पास पहले ही चल रही है। अब दोबारा उन्होंने शिकायत दी है। जांच के लिए साइबर सेल को बोल दिया गया है। जल्द ही जांच कर सारे तथ्य बाहर लाए जाएंगे, ताकि कार्रवाई की जा सके।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में गैंगस्टर बेखौफ हैं। अब लुधियाना में विदेश में बैठे गैंगस्टरों की धमकियों से परेशान पूर्व जिला यूथ कांग्रेस प्रधान और सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के सबसे करीबी राजीव राजा ने शहर छोड़ने का फैसला किया है। राजीव राजा गुरुवार को पुलिस कमिश्नर डॉ. कौस्तुभ शर्मा से मिलने पहुंचे और शिकायत दी कि बुधवार रात को उन्हें मैसेंजर कॉल पर हथियार दिखाकर धमकी दी गईं। इससे पहले भी कई बार धमकी मिल चुकी है।
राजीव राजा ने बताया कि इस बार धमकी देने वाले अहमद अली ने उनके आधिकारिक नंबर पर धमकी दी और कहा कि उनके बारे में लगातार वह अपडेट ले रहे हैं। जैसे हिंदू नेता सुधीर सूरी का हाल हुआ है, वैसे ही उसका और सांसद रवनीत सिंह बिट्टू का हाल किया जाएगा। राजीव राजा ने कहा कि सात माह हो चुके हैं और पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से खराब हो चुकी है।
पंजाब में इस समय हालात रहने लायक नहीं हैं। हर दिन बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा रहा है और 10 बार वह शिकायत दे चुके हैं। हर बार पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी गई और हर बार एक ही बात सुनने को मिली कि साइबर सेल को मार्क कर दी गई है और जल्द ही पता लगाया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर दफ्तर पहुंचे पूर्व जिला यूथ कांग्रेस के प्रधान राजीव राजा ने बताया कि उन्हें पहले भी कई बार घरेलू नंबर पर या फिर उनके दूसरे नंबर पर फोन पर धमकी मिली हैं लेकिन बुधवार रात को उन्हें आधिकारिक नंबर पर धमकी दी गई। राजीव राजा ने बताया कि वह सांसद रवनीत सिंह बिट्टू के साथ थे। इसी दौरान उन्हें मैसेंजर पर वीडियो कॉल आई। कॉल उठाने पर हथियार दिखाए गए और गाली दी कि उसे और उसके बॉस रवनीत सिंह बिट्टू का अब नंबर है।
सूरी को जैसे मौत के घाट उतारा गया अब उनकी बारी है। जब सामने वाले से कसूर पूछा गया तो उसने गाली देनी शुरू कर दी। राजीव ने कहा कि धमकी देने वाले ने कहा कि जैसे मोहाली में बम फेंकवाया गया, वैसे ही उन पर भी बम से हमला किया जाएगा और उनकी सीआईएसएफ सुरक्षा किसी काम की नहीं रहेगी। राजीव राजा ने कहा कि लगातार धमकी मिल रही हैं। पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया है। अब वह शहर छोड़ रहे हैं। उनके पिता पहले ही विदेश में हैं। माता को वह अपने नानी के घर छ़ोड़कर आए हैं और परिवार गाड़ी में बैठा है।
घर ताला लगाकर वह जा रहे हैं। पंजाब सरकार के पास कोई यंत्र नहीं है कि आरोपियों को काबू कर सके। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के आरोपियों को भी दिल्ली की स्पेशल सेल टीम ने काबू किया है और बाद में इसे पंजाब पुलिस के साथ ज्वाइंट ऑपरेशन बताया गया। उन्होंने मीडिया के जरिये सीएम भगवंत मान से कहा कि वह पंजाब पर ध्यान दें ताकि जो वादे लोगों से पूरे करने की बात को लेकर वह सत्ता पर काबिज हुए हैं, उस पर ध्यान दिया जाए। अब भी वह पैन ड्राइव में डाल कर सारा डाटा पुलिस कमिश्नर को देकर आए हैं। वह अपना परिवार नहीं मरवाएंगे और शहर छोड़ रहे हैं।
पुलिस कमिश्नर डॉ. कौस्तुभ शर्मा ने कहा कि पहले भी राजीव राजा को धमकी मिलती रही हैं। इसकी शिकायत उनके पास पहले ही चल रही है। अब दोबारा उन्होंने शिकायत दी है। जांच के लिए साइबर सेल को बोल दिया गया है। जल्द ही जांच कर सारे तथ्य बाहर लाए जाएंगे, ताकि कार्रवाई की जा सके।