हरियाणा में हार के सात दिन बीते: फैक्ट फाइंडिंग कमेटी नहीं बना पाई कांग्रेस, इसमें भी गुटबाजी आ रही सामने
हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार हुई है। कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा में हुई हार के कारण जानने के लिए 10 अक्तूबर को दिल्ली में बैठक बुलाई थी। इसमें फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाने का फैसला लिया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में माहौल होने के बावजूद हारी कांग्रेस ने फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाने का फैसला तो जरूर ले लिया, लेकिन पांच दिन बीत जाने के बावजूद आज तक कांग्रेस हाईकमान कमेटी बना नहीं पाया है। हालांकि, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में कमेटी बनाने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
सूत्रों का दावा है कि कमेटी बनाने में भी कांग्रेस की गुटबाजी सामने आ रही है। इसलिए हाईकमान तमाम पहलुओं को देखते हुए ऐसे वरिष्ठ नेताओं को कमेटी में शामिल करना चाहता है जो निष्पक्षता के साथ अपनी रिपोर्ट दें और किसी भी खेमे से प्रभावित न हों। इसलिए कमेटी बनाने में देरी हो रही है।
कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा में हुई हार के कारण जानने के लिए 10 अक्तूबर को दिल्ली में बैठक बुलाई थी। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी, एआईसीसी महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल, चुनाव के लिए एआईसीसी के वरिष्ठ पर्यवेक्षक अशोक गहलोत और अजय माकन के साथ-साथ राज्य के लिए एआईसीसी सचिवों ने भाग लिया था।
हरियाणा के एआईसीसी प्रभारी दीपक बाबरिया बैठक में ऑनलाइन शामिल हुए थे। बैठक में पहला कारण गुटबाजी और नेताओं का निजी स्वार्थ सामने आया था। इसी के चलते खुद राहुल गांधी ने असल कारणों को जानने के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी बनाने का फैसला लिया था। यह कमेटी हरियाणा के जिलों का दौरा करेगी और कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ संवाद करके फीडबैक लेगी। देखना यह है कि कमेटी कब गठित होती है और कब वह हरियाणा में आकर तथ्यों को जानेगी।
हुड्डा पिता-पुत्र और उदयभान नहीं निकल रहे बाहर, सैलजा फील्ड में
हार के बाद पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ-साथ प्रदेशाध्यक्ष उदयभान सदमे में हैं। तीनों ही नेता फिलहाल बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं। हालांकि, दशहरे के मौके पर जरूर ये नेता जनता के बीच दिखे, लेकिन फिलहाल तीनों नेताओं ने राजनीतिक कार्यक्रमों से दूरी बनाई हुई और अधिकतर समय अपने घर ही बिता रहे हैं। उधर, कुमारी सैलजा लगातार फील्ड में उतरी हुई हैं। सैलजा सिरसा के साथ-साथ रोहतक में कई कार्यक्रमों में शिरकत कर चुकी हैं। 18 अक्टूबर को सैलजा सिरसा में कार्यकर्ता सम्मेलन में हिस्सा लेंगी और इसी दिन फतेहाबाद में कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचेंगी।