Haryana News: आयोग का दावा- नहीं हुआ ग्रुप-डी का पेपर लीक, तय समय पर जारी होगा परिणाम
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी ने दावा किया कि ग्रुप-डी का पेपर लीक होने की आशंका झूठी है। माफिया के सदस्यों के पास न तो कोई प्रश्न पत्र मिला है और न ही कोई ऐसी जानकारी जिससे कि उनके पास कोई पेपर हो। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भर्ती को सिरे नहीं चढ़ने देना चाहते, इसलिए इस प्रकार की साजिश रच रहे हैं।
विस्तार
ग्रुप-डी की संंयुक्त पात्रता परीक्षा के पेपर लीक की आशंका को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने झूठा करार दिया है। आयोग का दावा है कि पेपर लीक नहीं हुआ है। यह आयोग और परीक्षा को बदनाम करने की साजिश है। तय समय में परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा। इससे पहले, आगामी दो दिनों में चारों पेपरों की आंसर-की जारी की जाएगी।
21 और 22 अक्तूबर को हरियाणा में ग्रुप-डी के 13536 पदों के लिए परीक्षा हुई थी। इसके लिए 8.50 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी है। दिल्ली पुलिस की ओर से पेपर साल्वर गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से गिरफ्तार किए गए सदस्यों के पास से चेक, प्रवेश पत्र समेत अन्य दस्तावेज मिले थे। आरोप है कि गैंग के सदस्य काफी संख्या में युवकों को परीक्षा दिलाने के लिए दिल्ली से हरियाणा ला रहे थे लेकिन सूचना लीक होने के चलते पुलिस ने गैंग के सदस्यों को काबू कर लिया। हालांकि, आरोपियों के पास कोई प्रश्न पत्र नहीं मिला था। दिल्ली पुलिस इस मामले में कड़ी से कड़ी जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है।
उधर, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी ने दावा किया कि ग्रुप-डी का पेपर लीक होने की आशंका झूठी है। माफिया के सदस्यों के पास न तो कोई प्रश्न पत्र मिला है और न ही कोई ऐसी जानकारी जिससे कि उनके पास कोई पेपर हो। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भर्ती को सिरे नहीं चढ़ने देना चाहते, इसलिए इस प्रकार की साजिश रच रहे हैं।
गलत प्रश्नों को विड्रा कर जारी होगी आंसर-की
अभी तक परीक्षा की आंसर-की जारी नहीं करने के सवाल पर चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी ने कहा कि अभी एक्सपर्ट की कमेटी चारों पेपरों को देख रही है। इसमें अगर कहीं पर कोई प्रश्न या उत्तर गलत है तो उसको विड्रा करके ही आंसर की जारी की जाएगी। उन्होंने उदाहरण देकर कहा कि एक पेपर में आया था कि इनमें से किन दो लोगों को भारत रत्न मिला है, तो उत्तर में दोनों विकल्प नहीं था। इसलिए ऐसे तमाम विवादों को देखते हुए पहले ही देखा जा रहा है।