Haryana: सदन में सीएम मनोहर लाल और भूपेंद्र हुड्डा आमने-सामने, संकल्प यात्रा व बेरोजगारी के आंकड़ों पर भिड़े
सदन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और हुड्डा ने शेरो शायरी से अपनी बात रखी और तंज कसे। मनोहर लाल ने कहा कि जुबां सही और दिल साफ रखता हूं, कौन कब कैसे बदलेगा सबका हिसाब रखता हूं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा कई मामलों में आमने-सामने आ गए। बेरोजगारी के आंकड़ों पर दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर निशाना साधा। वहीं, शेरो शायरी के माध्यम से मनोहर लाल और हुड्डा ने एक-दूसरे पर तंज भी कसे।
बेराजगारी के आंकड़ों पर सदन में मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष द्वारा प्रदेश में बेरोजगारी के आंकड़ों को लेकर की जा रही बयानबाजी पूरी तरह से तथ्यों से परे है। विपक्ष हमेशा एक निजी संस्था, सीएमआईई के आंकड़ों पर खेलता है जबकि उसके आंकड़े हमेशा बदलते रहते हैं। वहीं, हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में देश में सबसे अधिक बेरोजगारी की दर है।
मनोहर लाल ने कहा कि एक माह पहले सीएमआईई हरियाणा में बेरोजगारी का 22 प्रतिशत, अगले ही माह 34 प्रतिशत और फिर 28 प्रतिशत का आंकड़ा दर्शाती है। जबकि इसी संस्था ने नवंबर माह का आंकड़ा 8 प्रतिशत दर्शाया है। इंटरनेशनल लेबर ऑर्गेनाइजेशन ने भी बेरोजगारी का आंकड़ा 9 प्रतिशत बताया है, हालांकि यह भी सैंपल आधारित होता है।
उन्होंने कहा कि परिवार पहचान पत्र में दर्ज परिवारों के डाटा में लोगों ने स्व घोषित सात प्रतिशत बेरोजगारी बताई है। हुड्डा ने पलटवार करते हुए कहा कि नीति आयोग के आंकड़ों में हरियाणा की बेरोजगारी सबसे अधिक है। हुड्डा ने पूछा कि हरियाणा से अधिक और किस प्रदेश में बेरोजागरी है।
भारत संकल्प यात्रा: मशीनरी का दुरुपयोग हो रहा
वहीं, विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर भी सीएम मनोहर लाल और हुड्डा ने नोंक झोंक हुई। सीएम ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं को दूर करने के लिए यात्रा निकाली जा रही है। इस पर तंज कसते हुए हुड्डा ने कहा कि इसमें केवल सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है। मनोहर लाल ने जवाब में कहा, ऐसा नहीं है, लोगों की समस्याएं दूर की जा रही हैं। वहीं, रादौर से विधायक बीएल सैनी ने भी संकल्प यात्रा के दौरान भाजपा नेताओं द्वारा अधिकारियों को बुलाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि विधायकों को यह पावर नहीं है तो भाजपा के खंड पदाधिकारी किस हैसियत से ऐसा कर रहे हैं।
शायरी से कसे तंज
सदन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और हुड्डा ने शेरो शायरी से अपनी बात रखी और तंज कसे। मनोहर लाल ने कहा कि जुबां सही और दिल साफ रखता हूं, कौन कब कैसे बदलेगा सबका हिसाब रखता हूं। पलटवार में हुड्डा ने कहा कि जब दिल में इतना दर्द है तो हंसते क्यों हो, हर रोज दिन रात मेरा नाम जपते क्यों हो, कभी पुराने अखबार उठाकर देखना पता चलेगा सारे मुजरिम मेरे नाम से डरते क्यों हैं। फिर मनोहर लाल ने कहा कि आप लोग अपना महल रेत का बनाते हो लेकिन पता बारिश को देकर आते हो।