{"_id":"6414a34cabf70c09380618b6","slug":"cm-bhagwant-mann-said-action-being-taken-against-those-who-looted-punjab-2023-03-17","type":"story","status":"publish","title_hn":"Punjab News: सीएम मान बोले- पंजाब को लूटने वालों पर हो रही कार्रवाई, इनसे एक-एक पैसा वसूलना मेरा लक्ष्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Punjab News: सीएम मान बोले- पंजाब को लूटने वालों पर हो रही कार्रवाई, इनसे एक-एक पैसा वसूलना मेरा लक्ष्य
Fri, 17 Mar 2023 11:33 PM IST
ajay kumar
अमर उजाला/संवाद, चंडीगढ़/धुरी/संगरूर
अमर उजाला/संवाद, चंडीगढ़/धुरी/संगरूर
Published by: ajay kumar
Updated Fri, 17 Mar 2023 11:33 PM IST
सार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार राज्य सरकार का ध्यान इस दिशा की तरफ गया है। उन्होंने कहा कि इन मामलों में इंसाफ अब दूर नहीं क्योंकि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई को सुनिश्चित करने के लिए अदालत में चालान पहले ही पेश किया जा चुका है।
विज्ञापन
पंजाब के सीएम भगवंत मान।
- फोटो : @BhagwantMann
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार बदले की राजनीति नहीं कर रही, बल्कि उन भ्रष्टाचारियों पर ही नकेल कस रही है, जिन्होंने राज्य की दौलत को बेरहमी से लूटा है। धुरी विधानसभा हलके में शुक्रवार पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्ट राजनीतिज्ञों को सलाखों के पीछे डालने को यकीनी बना कर सिस्टम की सफाई कर रही है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने बेरहमी और बेशर्मी के साथ राज्य को लूटा है और अब यह अपने गुनाहों की कीमत चुका रहे हैं। भगवंत मान ने हैरानी जताई कि ऐसे घृणित अपराध को अंजाम देने वालों के विरुद्ध कार्रवाई बदले की राजनीति कैसे हो सकती है?
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस किसी ने भी लोगों के पैसे का दुरुपयोग किया है, चाहे वह मौजूदा या पिछली सरकार से संबंधित हो, किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विजिलेंस ब्यूरो स्वतंत्र तौर पर काम कर रहा है और पूछताछ निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग के साथ की जा रही है। मान ने कहा कि जनता के पैसे की लूट करने वालों से एक-एक पैसा वसूलना ही उनका एकमात्र लक्ष्य है।
विज्ञापन
इस मुद्दे पर शोर मचाने के लिए विरोधी पक्ष की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने आप को खुली किताब होने का दावा करने वाले इन नेताओं की जिंदगी के कई पन्ने फटे हैं, जिस कारण वह विजिलेंस की कार्रवाई से घबराते हैं। उन्होंने विरोधी पक्ष के नेताओं से पूछा कि वह यह बताएं कि उनका एक साथी और पूर्व मंत्री, जोकि सलाखें के पीछे है, विजिलेंस ब्यूरो के अधिकारियों को रिश्वत देने क्यों गया था? भगवंत मान ने कहा कि इन नेताओं को विजिलेंस की कार्रवाई पर सवाल उठाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है क्योंकि यह भ्रष्टाचार में पूरी तरह संलिप्त हैं।
विज्ञापन
बेअदबी के दोषियों को सजा दिलाने के लिए सरकार की वचनबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार राज्य सरकार का ध्यान इस दिशा की तरफ गया है। उन्होंने कहा कि इन मामलों में इंसाफ अब दूर नहीं क्योंकि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई को सुनिश्चित करने के लिए अदालत में चालान पहले ही पेश किया जा चुका है। भगवंत मान ने कहा कि वह दिन दूर नहीं, जब इस घृणित अपराध के दोषी सलाखों के पीछे नजर आएंगे।