पंजाब: CM मान ने सुख विलास का खोला रिकॉर्ड, बादल परिवार पर आरोप, नीतियां बदल 108 करोड़ की राशि माफ करवाई
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने बादल परिवार के बारे में गुरुवार को बड़ा खुलासा किया। उन्होंने नीतियां बदलकर 108 करोड़ रुपये माफ करवाने का आरोप भी बादल परिवार पर लगाया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। इस मामले पर एजी पंजाब के साथ विचार-विमर्श भी किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य विधानसभा का बजट सत्र आरंभ होने से मात्र 24 घंटे पहले शिरोमणि अकाली दल (शिअद) पर नया धमाका किया है। उन्होंने गुरुवार दोपहर अचानक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर खुलासा किया कि बादल परिवार ने अपने फायदे के लिए टूरिज्म और जमीन हस्तांतरण संबंधी कई नीतियों में बदलाव करके सरकारी खजाने से 108 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि माफ करवा ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बादल परिवार के आलीशान होटल ओबराय सुखविलास का रिकॉर्ड भी मीडिया के सामने पेश किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि बादल परिवार ने 1985-86 के दौरान बल्लांपुर गांव में 85 कनाल जमीन खरीदी थी, जोकि वन क्षेत्र की भूमि होने के कारण उस पर निर्माण नहीं हो सकता था। उन्होंने कहा कि पंजाब लैंड प्रिजर्वेशन एक्ट 1900 के तहत भी गांव बल्लांपुर में कोई निर्माण नहीं हो सकता था लेकिन बादल परिवार ने 7.27 हेक्टेयर (लगभग 20 एकड़) जमीन के लिए 2 मार्च 2009 को अपनी ही सरकार से निर्माण की मंजूरी हासिल कर ली।
उन्होंने बताया कि 2009 में बादल सरकार इको टूरिज्म पॉलिसी लेकर आई और इसके तहत कई संशोधन पारित करने के बाद होटल बना लिया गया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बादल परिवार ने इको टूरिज्म पॉलिसी 2009 केवल अपने फायदे की लिए ही तैयार करवाई और इसके तहत विभिन्न विभागों से कई तरह की छूट हासिल करके बादल परिवार ने कुल 108 करोड़ 73 लाख रुपए हड़प लिए।
उन्होंने बताया कि पंजाब हेरिटेज अप्रूवल बोर्ड ने 16 दिसंबर, 2010 को मेट्रो इको ग्रीन रिजार्ट को मंजूरी दी और उसके साथ ही ताज ट्रैवल प्राइवेट लिमिटेड को भी 9 मार्च, 2012 को बल्लांपुर में 23 कनाल 16 मरले के लिए मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दोनों कंपनियां बादल परिवार की ही हैं, जिनमें 5 जुलाई, 2013 को ताज ट्रैवल ने अपनी जमीन मेट्रो इको ग्रीन रिजार्ट के नाम कर दी। उन्होंने बताया कि मेट्रो इको ग्रीन के ज्यादातर शेयर बादल परिवार के पास हैं। इनमें सुखबीर बादल के पास 100 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 183225 शेयर हैं जबकि हरसिमरत कौर बादल के पास 81500 शेयर हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस तरह सारी जमीन को एकजुट किया गया। इसमें पॉकेट-ए में 86 कनाल 16 मरले, पॉकेट-बी में 55 कनाल 16 मरले, पॉकेट-सी में 23 कनाल 16 मरले जगह थी। इस तरह कुल 20.8 एकड़ जमीन बन गई। मुख्यमंत्री मान ने बताया कि 27 मई, 2013 को सुखविलास का निर्माण शुरू किया गया और इसमें एक अप्रैल 2016 से व्यापारिक गतिविधियां भी शुरू हो गईं।
कुल 108 करोड़ 73 लाख रुपये का फायदा उठाने का ब्योरा पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि सबसे पहले बादल परिवार ने जीएसटी और वैट में 75 फीसदी की छूट अगले 10 साल के लिए हासिल की। इस तरह दोनों मदों में कुल राशि 85 करोड़ 84.50 लाख बनती है। इसके बाद बादल परिवार ने बिजली ड्यूटी में भी सौ फीसदी की छूट अगले 10 साल के लिए हासिल कर ली, जोकि कुल रकम 11 करोड़ 44 लाख 60 हजार रुपये बनती है। यही नहीं, इतने बड़े होटल पर लागू होने वाले लग्जरी टैक्स और वार्षिक टैक्स भी अगले 10 साल यानी 2025 तक इतनी ही रकम माफ करवा ली गई। उन्होंने कहा कि बादल परिवार ने इस तरह कुल 108 करोड़ 73 लाख 70 हजार रुपये जनता के पैसों से माफ करवा लिए।
बादल परिवार के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि सत्ता में रहते हुए बादल परिवार ने अपने किन अधिकारों का दुरुपयोग करके सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया, इसकी जांच की जा रही है। सुख विलास के मामले में भी जमीन की खरीद से सीएलयू, वन विभाग से गलत तरीके से हासिल की गईं मंजूरियों और गलत रिकॉर्ड दिखाकर माफ कराए गए टैक्सों की जांच भी शुरु की गई है। मान ने कहा कि इस पूरे मामले को एजी पंजाब के साथ विचार-विमर्श किया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में कार्रवाई की जाएगी लेकिन थोड़ा इंतजार करें। पक्के पांव ही हाथ डाला जाएगा।