चंडीगढ। सेक्टर-26 थाने में 20 हजार रुपये की रिश्वत के साथ पकड़े गए मालखाना मुंशी एएसआई सतीश कुमार को सीबीआई ने क्लीन चिट दे दी है। सीबीआई ने कई घंटे तक एएसआई से पूछताछ के बाद मंगलवार देर रात को ही छोड़ दिया। उधर, पुलिस ने रिश्वत लेने के मामले में आत्महत्या करने वाले एएसआई विजेंद्र सिंह का जीएमएसएच-16 में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
बता दें कि सेक्टर-26 थाने में तैनात एएसआई विजेंद्र सिंह ने हत्या के प्रयास के मामले में नामजद आरोपी भूरा का नाम चार्जशीट से हटाने की एवज में 40 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी लेकिन बाद में 20 हजार रुपये में बात तय हो गई थी। बीते मंगलवार दोपहर को आरोपी के परिजनों ने 20 हजार रुपये थाने में पहुंचकर एएसआई विजेंद्र सिंह को दे दिए थे लेकिन पैसे लेते ही उसे सीबीआई ट्रैप का पता लग गया था। विजेंद्र सिंह रिश्वत के 20 हजार रुपये मालखाना मुंशी एएसआई सतीश कुमार को देकर थाने से फरार हो गया था। चंद मिनटों बाद ही सीबीआई ने थाने में छापा मारा तो एएसआई सतीश कुमार को रिश्वत के 20 हजार रुपये सहित हिरासत में ले लिया। वहीं, थाने से फरार विजेंद्र सिंह ने चार घंटे बाद ही कोई जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। बुधवार को जीएमएसएच-16 में डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के दौरान सैंपल लिए हैं, जिसे जांच के लिए सीएफएसएल भेजा जाएगा। इस रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा कि विजेंद्र सिंह ने कौन सा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की थी।