हरियाणा में 24 फरवरी से फिर शुरू होंगी तीसरी से पांचवीं तक की कक्षाएं, करना होगा इन निर्देशों का पालन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में तीसरी से पांचवीं कक्षा के लिए स्कूल 24 फरवरी से खुलेंगे। समय सुबह 10 से दोपहर बाद 1:30 बजे तक रहेगा। स्कूल आने से पूर्व विद्यार्थियों को अभिभावकों का सहमति पत्र देना होगा। जो अभिभावक ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं, वे इस संबंध में स्कूल में लिखकर दे सकते हैं। छठी से बारहवीं तक के स्कूल पहले खोले जा चुके हैं। पहली और दूसरी कक्षा की नियमित पढ़ाई कोरोना के मामले न बढ़ने पर मार्च में शुरू करने की तैयारी है।
महामारी के मद्देनजर तय निर्देशों का पहले की तरह पालन करना होगा। प्रतिदिन हर विद्यार्थी और शिक्षक के शरीर के तापमान का रिकॉर्ड रखना स्कूल के लिए अनिवार्य होगा। यह रिकॉर्ड स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी के साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी और उपायुक्त कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा। सामान्य से अधिक तापमान मिलने पर विद्यार्थी को स्कूल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
पूरे स्कूल को तीन विंग (सीनियर सेकेंडरी, सेकेंडरी, मिडिल-प्राथमिक) में बांटा गया है। यदि किसी विंग में कोई विद्यार्थी कोविड पॉजिटिव पाया जाता है तो उस विंग को 10 दिन के लिए बंद कर पूरे स्कूल को सैनिटाइज किया जाएगा। एक से अधिक विंग में विद्यार्थी कोविड पॉजिटिव पाए जाने पर पूरा स्कूल 10 दिन के लिए बंद रहेगा। यह निर्णय प्रदेश के सरकारी स्कूलों के साथ ही निजी स्कूलों पर भी लागू होगा।
जून से शुरू होगा नया शैक्षणिक सत्र, विरोध में उतरे निजी स्कूल
हरियाणा सरकार नया शैक्षणिक सत्र जून से शुरू करेगी। कोरोना के कारण वर्तमान सत्र की वार्षिक परीक्षाएं अप्रैल व मई में कराने का निर्णय लिया गया है। निजी स्कूल सरकार के इस निर्णय के विरोध में उतर आए हैं। प्राइवेट स्कूल संघ ने सरकार से नया शैक्षणिक सत्र एक जून के बजाय पहली अप्रैल से ही शुरू करने की मांग की है। इसे लेकर संघ ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री व शिक्षा निदेशक को पत्र लिखकर अपनी मांग को प्रमुखता के साथ उठाया है।
संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने कहा कि सीबीएसई ने स्कूलों का नया सत्र पहली अप्रैल से शुरू करने का फैसला लिया है। जबकि, हरियाणा शिक्षा बोर्ड से संबंधित सभी स्कूलों का सत्र सरकार एक जून से शुरू करने जा रही है। पिछला शैक्षणिक सत्र स्कूलों, अध्यापकों व अभिभावकों के साथ बच्चों के लिए शून्य साबित हुआ है।
बच्चे घर पर रहकर शिक्षा व खेलों से बहुत दूर हो गए हैं। नया सत्र एक जून से शुरू करने से बच्चों को पढ़ने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा। इससे बच्चे शिक्षा में बहुत पीछे चले जाएंगे और हरियाणा का ग्राफ शिक्षा में बद से बदतर हो जाएगा। आज हरियाणा शिक्षा के क्षेत्र में पूरे देश में 13वें स्थान पर है।
उन्होंने कहा कि इस समय बच्चे अपना अधिक से अधिक समय मोबाइल पर लगा रहे हैं और इंटरनेट का ज्यादा उपयोग करने के कारण किताबों से बहुत दूर हो चुके हैं। उनमें काफी मानसिक विकार भी आ गए हैं। पिछले वर्ष मध्यवर्गीय निजी स्कूलों की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से डगमगाई है और अगर सत्र लेट शुरू हुआ तो आगामी सत्र में भी स्कूलों में कार्यरत स्टाफ का वेतन देना मुश्किल हो जाएगा।