चंडीगढ़ की मेयर ने संभाला पदभार: दफ्तर में प्रवेश से पहले टेका माथा, कुर्सी पर बैठते ही बोलीं- पानी की दरों में नहीं होगा इजाफा
मेयर सरबजीत कौर ने बताया कि रविवार को पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक से मिली थीं। डड्डूमाजरा स्थित डंपिंग ग्राउंड के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की। इस संबंध में प्रशासक को एक पत्र भी भेजा है। प्रशासक ने शुक्रवार को डंपिंग ग्राउंड पर जाने का समय दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ की नवनिर्वाचित मेयर सरबजीत कौर ने सोमवार को अपना पदभार संभाल लिया। कुर्सी पर बैठते ही उन्होंने कहा कि पानी का रेट नहीं बढ़ेगा। इस संबंध में निगम सदन की बैठक में वह दोबारा एजेंडा लेकर आएंगी। बैठक कब होगी इसका फैसला दो दिन में हो जाएगा। मेयर के साथ ही सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर भी अपने कार्यालय में पहुंचे। मेयर सरबजीत कौर निगम कार्यालय सुबह सवा 11 बजे पहुंची। कार्यालय में प्रवेश करने से पहले उन्होंने माथा टेका। इस दौरान उनके पति और पूर्व डिप्टी मेयर जगतार सिंह जग्गा भी थे। निगम अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मेयर ने स्टाफ को बुलाया और लंबित कार्यों की फाइल मंगवाई। इसके बाद उन्होंने निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा को फोन कर हाल जाना और कई मुददों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि निगम आयुक्त से सदन की बैठक की तिथि, लोहड़ी समारोह के आयोजन के साथ पार्षदों और अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाने पर भी चर्चा की है।
मेयर सरबजीत कौर ने बताया कि निगम के कई मुददों पर सलाहकार धर्मपाल से भी चर्चा हुई है। उनके साथ सीनियर डिप्टी मेयर दिलीप शर्मा और डिप्टी मेयर अनूप गुप्ता भी थे। इसके बाद वे वित्त सचिव से भी मिलीं। उनसे वित्तीय स्थिति पर चर्चा हुई। सोमवार को वित्त सचिव ने उन्हें जानकारी दी कि निगम को 125 करोड़ रुपये दिए गए हैं, ताकि विकास कार्य में किसी भी प्रकार की वित्तीय परेशानी न हो।
हर वार्ड में रखी जाएगी सुझाव पेटी
शहर के विकास के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है। स्वच्छता के प्रति मेयर ने गंभीरता दिखाते हुए हर वार्ड में सुझाव पेटी लगवाएंगी। शहर को स्वच्छता में एक नंबर लाने के लिए पूरी कोशिश करेंगी। इसके लिए जागरूकता बहुत जरूरी है। सीनियर डिप्टी मेयर दिलीप शर्मा ने कहा कि निगम में उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की। वार्ड व अन्य सेक्टरों के लोग मिले। डिप्टी मेयर अनूप गुप्ता ने कहा कि उन्होंने कार्यालय में पहुंच कर काम को निपटाया। वार्ड के लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान किया।