फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Chandigarh Mayor Election Live Update Aam Aadmi Party BJP

Chandigarh Mayor Election Live: चंडीगढ़ की मेयर बनीं भाजपा की सरबजीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर पद और डिप्टी मेयर पद भी भाजपा के खाते में

Sat, 08 Jan 2022 04:29 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: निवेदिता वर्मा Updated Sat, 08 Jan 2022 04:29 PM IST
सार

चंडीगढ़ के मेयर पद का चुनाव भाजपा ने जीत लिया है। भाजपा को इस चुनाव में 14 वोट मिले। वहीं आम आदमी पार्टी को 13 वोट मिले। आप का एक वोट खारिज कर दिया गया। इसके बाद सदन में हंगामा हो गया। भाजपा की जीत से नाराज आप पार्षद धरने पर बैठ गए हैं। 

विज्ञापन
Chandigarh Mayor Election Live Update Aam Aadmi Party BJP
चंडीगढ़ की मेयर बनीं भाजपा की सरबजीत कौर। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर बाजी मार ली। मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर तीनों पद भाजपा के खाते में गए। सरबजीत कौर मेयर, दिलीप शर्मा सीनियर डिप्टी मेयर और अनूप गुप्ता डिप्टी मेयर चुने गए। वहीं, निगम चुनाव में सबसे ज्यादा 14 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी (आप) एक वोट खारिज होने से मेयर चुनाव हार गई। आप ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए सदन में जमकर हंगामा किया।

विज्ञापन

 
बता दें कि शहर में 35 वार्ड हैं। नगर निगम चुनाव में इस बार आप को 14, भाजपा को 12, कांग्रेस को 8 और अकाली दल को एक सीट मिली थी। कांग्रेस की एक पार्षद हरप्रीत कौर बबला के भाजपा में चले जाने और सांसद किरण खेर के एक वोट को मिलाकर भाजपा के पास भी 14 वोट हो गए थे। कांग्रेस और अकाली दल ने चुनाव में हिस्सा नहीं लिया। ऐसे में भाजपा और आप के बीच सीधा मुकाबला था। दोनों ही पार्टियों के पास 14-14 वोट थे। 
विज्ञापन

  
भाजपा ने सरबजीत कौर और आप ने अंजू कत्याल को मेयर प्रत्याशी बनाया था। शनिवार को मेयर पद के लिए कुल 28 वोट पड़े। वोटों की गिनती के दौरान आम आदमी पार्टी का एक वोट खारिज कर दिया गया, इसलिए भाजपा के प्रत्याशी को 14 और आप के प्रत्याशी को 13 वोट मिले। वोट रद्द करने के पीछे पीठासीन अधिकारी ने तर्क दिया कि बैलेट पेपर फटा हुआ था, इसलिए उसे वोट नहीं माना जा सकता। इसके साथ ही भाजपा की प्रत्याशी सरबजीत कौर को मेयर घोषित कर दिया गया। सदन में सांसद किरण खेर भी मौजूद थीं। उन्होंने सरबजीत कौर को मेयर की कुर्सी पर बैठाया, तभी आप के पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

आरोप लगाया कि जब बैलेट पेपर फटा हुआ था तो उसे आप के पार्षद को क्यों दिया गया। हंगामा बढ़ा और सभी मेयर की तरफ भागे। आप और भाजपा के पार्षदों में धक्का मुक्की हुई। नवनिर्वाचित मेयर को बोलने नहीं दिया गया। माइक से तार निकाल दी गई। गुस्साए आप के पार्षद मेयर के साथ वाली कुर्सी पर बैठ गए। डीसी विनय प्रताप सिंह को भी पार्षदों ने रोक लिया और दोबारा मतगणना की मांग की। हालांकि, उनकी मांग नहीं मानी गई और सदन के अंदर पुलिस बुलाई गई। पुलिस ने पार्षदों को खींचकर मेयर की कुर्सी के पास से हटाया।

सीनियर डिप्टी मेयर के चुनाव में आप के एक पार्षद ने भाजपा को दिया वोट
मेयर की घोषणा के एक घंटे बाद हंगामा शांत हुआ तो सीनियर डिप्टी मेयर के लिए चुनाव शुरू कराया गया। इसमें भाजपा की तरफ से दिलीप शर्मा और आप की तरफ से प्रेमलता आमने-सामने थीं। आप के एक पार्षद ने क्रॉस वोट किया और भाजपा को वोट दे दिया। इससे भाजपा को 15 और आप को 13 वोट मिले। भाजपा के दिलीप शर्मा सीनियर डिप्टी मेयर बन गए। इसके बाद डिप्टी मेयर का चुनाव हुआ। इसमें भाजपा के अनूप गुप्ता और आप के रामचंद्र यादव को 14-14 वोट मिले। इसके बाद लकी ड्रॉ निकाला गया, जिसमें भाजपा के प्रत्याशी अनूप गुप्ता का नाम निकला और वह डिप्टी मेयर बन गए। जीत के बाद प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि लोगों ने विकास के नाम पर पहले भाजपा को नगर निगम चुनाव जिताया और अब सदन में भाजपा का मेयर बना है। उन्होंने कहा कि आप के पार्षद जानबूझ कर हंगामा कर रहे हैं।

किसने किया क्रॉस वोट, आप लगा रही पता
सीनियर डिप्टी मेयर के चुनाव में आम आदमी पार्टी के एक पार्षद ने भाजपा को वोट दे दिया। इसकी वजह से भाजपा पार्षद दिलीप शर्मा दो वोट जीत गए। अगर आप का पार्षद क्रास वोट नहीं करता तो वोट बराबर हो जाते और ड्रा के जरिए पर्ची निकाली जाती। इसमें किसी भी पार्टी का प्रत्याशी जीत सकता था। आप अब पता लगाने में जुटी है कि किस पार्षद ने वोट भाजपा को दिया है।

डीसी के साथ मिलकर भाजपा ने बनाया मेयर 
भाजपा वालों ने फिर अपना दोहरा चरित्र दिखा दिया है। चंडीगढ़ की जनता ने आम आदमी पार्टी को 14 सीटें जिताकर निगम में सबसे बड़ी पार्टी बनाकर भेजा था लेकिन डीसी के साथ मिलकर भाजपा ने अपना मेयर बना लिया। यह लोकतंत्र की हत्या है। इसके खिलाफ आम आदमी पार्टी ने नगर निगम दफ्तर के बाहर धरना दिया और ये आगे भी जारी रहेगा। जब तक चंडीगढ़ की जनता को इंसाफ नहीं मिलता धरना जारी रहेगा। - प्रेम गर्ग, प्रदेश संयोजक, आम आदमी पार्टी

आप का चेहरा बेनकाब 
आप का एक वोट रद्द हुआ है, उन्हें आपत्ति है तो कोर्ट में जाएं। आज जो सदन में हुआ, वैसा नगर निगम के इतिहास में कभी नहीं हुआ। आप के संयोजक सदन में आए गए जबकि वह इसके सदस्य नहीं हैं। आम आदमी पार्टी को पहले से पता था कि वो हार जाएंगे। हमने किसी से गठजोड़ नहीं किया। आप के पार्षद ने अपने आप बैलेट पेपर पर टिक मार्क लगाया है। यह आप की अंतर्कलह है। आप का चेहरा बेनकाब हो गया है। कांग्रेस और शिअद का चुनाव में शामिल न होना, उनका अपना निर्णय है। - अरुण सूद, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, चंडीगढ़

ऐसे चली चुनावी गतिविधि, जानिए मिनट-टू-मिनट कैसे बदला माहौल 
  • सुबह 11 बजे : सदन के अंदर पार्षदों का आना शुरू
  • सुबह 11.02 बजे : अंजू कत्याल, सांसद किरण खेर और सरबजीत कौर सहित अन्य पार्षद पहुंचे
  • सुबह 11.05 बजे : संजय टंडन और अरुण सूद सहित अन्य नेता दर्शक दीर्घा में पहुंचे
  • सुबह 11.15 बजे : आप की मेयर प्रत्याशी अंजू कत्याल ने मेयर चुनाव में सांसद किरण खेर के मतदान करने पर उठाए सवाल। उसके बाद हंगामा शुरू। डीसी व अन्य अधिकारियों ने सभी पार्षदों को नगर निगम के एक्ट की जानकारी दी
  • सुबह 11.20 बजे : आप ने हंगामा शुरू किया
  • सुबह 11.23 बजे : पहला वोट देने के लिए सांसद किरण खेर गईं। उसके बाद सभी पार्षदों ने वोट डाला 
  • दोपहर 12.07 बजे : सबसे आखिरी में पीठासीन अधिकारी महेश इंदर सिंह सिद्धू ने मताधिकार का प्रयोग किया
  • दोपहर 12.09 बजे : मेयर चुनाव के लिए मतों की गिनती शुरू
  • दोपहर 12.47 बजे : आप के एक पार्षद का वोट खारिज होने के बाद हंगामा शुरू
  • दोपहर 12.48 बजे : पीठासीन अधिकारी महेश इंदर सिद्धू ने सरबजीत कौर को मेयर पद की विजेता घोषित किया। इसके साथ ही आप ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया
  • दोपहर 12.53 बजे : आप पार्षद मेयर की कुर्सी तक पहुंच गए। धक्कामुक्की और नारेबाजी शुरू कर दी। भाजपा के पार्षद भी मेयर सरबजीत कौर को बचाने के लिए पहुंच गए। नगर निगम आयुक्त, चंडीगढ़ के आयुक्त और नगर निगम सचिव भी अपनी अपनी कुर्सियों से उठ गए
  • दोपहर 1.04 बजे : नवनिर्वाचित मेयर सरबजीत कौर ने धक्कामुक्की के बीच ही सभी पार्षदों को धन्यवाद दिया 
  • दोपहर 1.14 बजे : पार्षदों को मेयर की कुर्सी के नजदीक से हटाया गया
  • दोपहर 1.18 बजे : आम आदमी पार्टी के संयोजक प्रेम गर्ग नगर निगम सदन में आ गए। भाजपा पार्षदों ने सदन में ही प्रेम गर्ग को घेर लिया। बाद में पुलिस उन्हें बाहर ले आई
  • दोपहर 1.08 बजे : सदन में पुलिस आई, सभी को मेयर के पास से हटाने की कोशिश हुई
  • दोपहर 1.32 बजे : मेयर सरबजीत कौर ने सीनियर डिप्टी मेयर चुनाव कराने की घोषणा की, उसके बाद आप का हंगामा शुरू हो गया
  • दोपहर 1.48 बजे : सीनियर डिप्टी मेयर चुनाव के लिए मतदान शुरू
  • दोपहर 2.41 बजे : सीनियर डिप्टी मेयर पद की घोषणा, दलीप शर्मा बने सीनियर डिप्टी मेयर 
  • 3.38 बजे : डिप्टी मेयर की वोटिंग समाप्त, उसी समय मतों की गिनती शुरू
  • 3.49 बजे : मेयर सरबजीत कौर ने घोषणा की कि दोनों लोगों को 14-14 मत पड़े हैं
  • 3.50 बजे : मेयर ने ड्रॉ कराने की घोषणा की।
  • 3.56 बजे : नगर निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने ड्रॉ के लिए पर्ची निकाली, उसमें भाजपा के अनूप गुप्ता का नाम निकाला। इस प्रकार भाजपा ने मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के तीनों पदों पर अपना कब्जा जमाया 
  • 4.02 बजे : सदन की कार्यवाही संपन्न हुई
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed