नए वर्ष का जश्न देश-दुनिया में मनाया जा रहा है। अमृतसर स्थित विश्व प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में लोग श्री हरमंदिर साहिब दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। आइए तस्वीरों में देखें श्री हरमंदिर साहिब की मनमोहक तस्वीरें...
श्रद्धालुओं ने यहां माथा टेक कर शांति और समृद्धि के लिए अरदास की। रात से ही श्रद्धालु स्वर्ण मंदिर परिसर पहुंचने लगे थे। इस दौरान शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को अपनी पत्नी केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के साथ श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका।
बादल दंपति सुबह सवेरे ही श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे। पवित्र परिक्रमा के दर्शन करने के बाद बादल दंपति ने मुख्य भवन में सुशोभित श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के आगे नतमस्तक होकर अरदास की। पंजाब के पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने नव वर्ष की सुबह अपने परिवार के साथ श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका।
बता दें कि अभी कुछ दिन पहले क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी के साथ श्री हरमंदिर साहिब पहुंचे थे। सचिन ने यहां माथा टेक कर अरदास भी की। नए साल के मौके पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गुरु की नगरी पहुंच रहे हैं।
कड़ाके की ठंड के बावजूद पवित्र स्थल श्री हरमंदिर साहिब में पूजा करने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु आधी रात से कतारों में लगे रहे। अमृतसर में सोमवार को न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।