Chandigarh Grenade Attack: हैंड ग्रेनेड अटैक का मुख्य आरोपी काबू, अमृतसर के गांव से पकड़ा गया रोहन मसीह
चंडीगढ़ में बुधवार शाम ऑटो में आए दो आरोपियों ने सेक्टर 10 के एक घर पर हैंड ग्रेनेड से हमला किया था। दोनों आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए थे। मामले की जांच एएनआई कर रही है।
विस्तार
सेक्टर-10 स्थित कोठी नंबर-575 पर हैंड ग्रेनेड से हमला वाले मामले को पंजाब पुलिस व एनआईयू व केंद्र की अन्य एजेंसियों ने सुलझा लिया है। जांच टीमों ने इस मामले में बम ब्लास्ट की घटना को अंजाम देने वाले सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए एक आरोपी रोहन मसीह जोकि तरनतारन के गांव पशियां का रहने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके चलते अब चंडीगढ़ पुलिस आरोपी रोहन मसीह अमृतसर से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आएगी।
तीन दिन पहले हैंड ग्रेनेड हमले के बाद पकड़े गए ऑटो चालक कुलदीप के खिलाफ सेक्टर-11 थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने ऑटो चालक को शुक्रवार को अदालत में पेश किया। पुलिस ने अदालत से उसका आठ दिन का रिमांड मांगा था। अदालत ने उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस उससे दो दिन से पूछताछ कर रही है। अभी कुछ और नई व अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। सेक्टर-10 स्थित कोठी नंबर 575 पर हैंड ग्रेनेड से हमला करने वाले मुख्य आरोपी रोहन मसीह को पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश अभी जारी है। चंडीगढ़ पुलिस की विभिन्न टीम भी उसे पकड़ने के लिए छापामारी कर रही हैं। हैंड ग्रेनेड हमले के कुछ घंटे के बाद ही हैप्पी पशिया ने इस हमले की जिम्मेवारी ली थी। सूत्रों के अनुसार दूसरे हमलावर को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, मगर अभी तक उसकी पुष्टि नहीं की गई है।
चंडीगढ़ पुलिस भी कर रही छापेमारी
अब तक जांच में सामने आया है कि यह हमला आतंकी हरविंदर रिंदा के इशारे पर किया गया है। वह पाकिस्तान में रहकर आईएसआई के लिए काम कर रहा है। धमाके की सूचना मिलते ही एनआइए, चंडीगढ़ पुलिस, पंजाब पुलिस, सीआरपीएफ और पंजाब की एंटी गैंगस्टर टाक्स फोर्स के अलावा आईबी और सीआईडी की टीमें मौके पर पहुंच गई थी। उसके बाद हमलावरों को पकड़ने के लिए सभी जांच एजेंसियों की सात टीम गठित की गई थी। अब दूसरे आरोपित को पकड़ने के लिए चंडीगढ़ पुलिस पंजाब में कई जगह छापामारी कर रही है।अमृतसर पुलिस से संपर्क साध रही चंडीगढ़ पुलिस
पंजाब में एक हमलावर के पकड़े जाने के बाद से ही चंडीगढ़ पुलिस भी अमृतसर पुलिस के साथ लगातार संपर्क में है। पंजाब डीजीपी ने भी चंडीगढ़ पुलिस के सहयोग से आगे की जांच करने को लेकर ट्वीट किया है। वहीं चंडीगढ़ की पुलिस अब भी लगातार पंजाब में अपनी निगरानी बनाए हुए हैं। पंजाब पुलिस का रिमांड खत्म होने के बाद चंडीगढ़ पुलिस पकड़े गए हमलावर को प्रोडक्शन वारंट पर चंडीगढ़ लेकर आएगी।