चंडीगढ़। चुनाव के दौरान बनने वाले शहर के सभी 597 पोलिंग स्टेशनों पर शनिवार और रविवार को एक खास शिविर लगने जा रहा है। इसमें लोग वर्ष 2023 के लिए बनने वाले फोटो मतदाता सूची में लोग अपने नाम की जांच कर सकते हैं। अगर किसी का नाम नहीं है, तो वह जुड़वा भी सकता है। इसके साथ ही नए वोटर कार्ड भी बनाए जाएंगे।
शहर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय नामदेवराव जड़े ने सभी राजनीतिक पार्टियों से आग्रह किया कि वह अपने पोलिंग एजेंट को बूथों पर तैनात करें ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक किया जा सके। उन्होंने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ शुक्रवार को एक बैठक भी की। बताया कि 19 और 20 नवंबर को हर पोलिंग स्टेशन पर एक खास शिविर लगने जा रहा है, जिसमें अगले साल के लिए बनने वाले मतदाता सूची में लोग अपना नाम देख सकेंगे। अगर किसी के नाम में कोई गलती है, तो वह मौके पर ही ठीक करा सकेगा। अगर किसी व्यक्ति का सूची में नाम नहीं है, तो वह नाम भी जुड़वा सकते हैं। इसके अलावा एक जनवरी 2023 को 18 वर्ष की आयु प्राप्त करने वाले नागरिक मतदाता के रूप में नामांकन के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। शहर के लोग शिविर में जा सकते हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल www.nvsp.in व voterportal.eci.gov.in पर ऑनलाइन भी आवेदन भी कर सकते हैं। 19 और 20 नवंबर के बाद 3 और 4 दिसंबर को भी शहर के लगभग सभी पोलिंग स्टेशन पर सुबह 9.30 से शाम 5.00 बजे तक खास शिविर लगेंगे, जहां संबंधित बीएलओ भी उपस्थित रहेंगे।