पंजाब: धरना खत्म कर लौटे रहे किसानों की बस ट्रक से भिड़ी, एक की मौत, 17 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बठिंडा में गांव बादल से धरना समाप्त कर लौट रहे मानसा के किसानों की बस मंगलवार रात गांव कोटफत्ता के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक किसान की मौत हो गई और 17 घायल हो गए। गुस्साए किसानों ने मृतक और घायल किसानों के परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर बठिंडा-मानसा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी किसानों ने मांग पूरी होने पर ही राजमार्ग से हटने का एलान कर दिया। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और वित्त मंत्री मनप्रीत बादल घायल किसानों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे।
भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के नेता जसबीर सिंह, शिंगारा सिंह के मुताबिक कृषि विधेयकों के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निवास के बाहर चल रहा धरना मंगलवार की देर शाम समाप्त कर दिया गया था। इसके बाद वहां से किसान अपने घर जा रहे थे। मानसा जिले के किसान एक बस में सवार होकर लौट रहे थे।
इस दौरान गांव कोटफत्ता के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से किसानों की बस टकरा गई। हादसे में एक किसान की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य किसान घायल हो गए। मृतक किसान की पहचान मुखितयार सिंह गांव किश्नगढ जिला मानसा के तौर पर हुई। घायल में बलकार सिंह, निर्मल सिंह, अमरजीत सिंह, बूटा सिंह, मेजर सिंह, जेठू दास, बलविंदर सिंह, काका सिंह, वजीर सिंह, सेवा सिंह, जगसीर सिंह व अन्य शामिल हैं।
घायल किसानों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दो किसानों की नाजुक हालत को देखते हुए निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद बुधवार सुबह करीब साढे़ आठ बजे गुस्साए किसानों ने भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के बैनर तले बठिंडा-मानसा राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया।
किसान नेता जसबीर सिंह, शिंगारा सिंह ने मांग की है कि मृतक किसान के परिवार को दस लाख रुपये मुआवजा एवं परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए। इस के अलावा घायल किसानों का निशुल्क उपचार किया जाए। किसान नेताओं ने बताया कि आईजी जसकरण सिंह के साथ किसानों की बैठक हुई। बैठक में मांगें रखी गईं। किसान नेता जसबीर सिंह ने कहा कि जब तक किसानों की मांगे पूरी नहीं होती तब तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसानों का धरना जारी रहेगा।
वहीं घायल किसानों का हाल जानने बुधवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ और वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल सिविल अस्पताल पहुंचे। वित्त मंत्री बादल ने घायल किसानों का हाल जानने के बाद अस्पताल में मौजूद किसान जत्थेबंदियों के नेताओं को आश्वासन दिया कि सभी का उपचार सरकार की तरफ से करवाया जाएगा और मृतक समेत घायल किसान परिवारों की हरसंभव सहायता की जाएगी।