संदिग्ध की सूचना पर पठानकोट में सर्च ऑपरेशन, अमृतसर में पाक नागरिक गिरफ्तार
सीमा सुरक्षा बल ने भारत-पाक सीमा पर निगरानी चौकी छना से एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। इसकी पहचान रसूल खान निवासी नरोवाल पाकिस्तान के रूप में हुई है। बीएसएफ जवानों ने पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार करने के बाद उसकी तलाशी ली लेकिन उसके कब्जे से कुछ भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
बीएसएफ ने इस पाकिस्तानी नागरिक को रमदास पुलिस के हवाले कर दिया है। एसएचओ मनधीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार पाकिस्तानी नागरिक के खिलाफ मामला दर्जकर लिया है। उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।
पठानकोट: संदिग्ध की सूचना पर बीएसएफ, पुलिस और स्वैट टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन
भारत-पाक सीमा के कस्बा बमियाल में बहते उज्ज दरिया में मंगलवार देर रात संदिग्ध देखे जाने की सूचना पर पुलिस, बीएसएफ और स्वैट कमांडों की टीमों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। एसपी ऑपरेशन हेमपुष्प और डीएसपी देहात सुलक्खन सिंह बुधवार तड़के भारी पुलिस फोर्स और कमांडो दस्ते के साथ क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने सर्च ऑपरेशन चलाया लेकिन कुछ भी बरामद नहीं हुआ। गौरतलब है कि पुलिस को जिस स्थान पर संदिग्ध देखे जाने की सूचना मिली थी वहां से भारत-पाक सीमा महज दो किमी की दूरी पर है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बमियाल सेक्टर के अधीन उज्ज दरिया में दो संदिग्ध घूम रहे हैं। पुलिस ने इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी। उनके निर्देश पर बीएसएफ से तालमेल करके भारी पुलिस फोर्स एवं कमांडो दस्ते के साथ बड़े पैमाने पर 5 किलोमीटर तक घेराबंदी करके क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
पुलिस ने गुज्जरों के डेरों से लेकर खेतों में बने बंकरों, ईंट भट्ठों की गहनता से छानबीन की। सुबह 11 बजे तक चले इस सर्च ऑपरेशन में पुलिस एवं बीएसएफ को किसी प्रकार की कोई भी संदिग्ध गतिविधि का सुबूत नहीं मिला। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर संदिग्धों के घूमने की सूचना मिली थी उसके आसपास गुज्जरों के डेरे हैं।
एसपी ऑपरेशन हेमपुष्प ने बताया कि संदिग्धों के बारे में सूचना मिलने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सर्च ऑपरेशन में फिलहाल संदिग्ध गतिविधि देखने को नहीं मिली है। इसके बावजूद सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा। पुलिस के जवान 24 घंटे पूरी तन्मयता से सीमावर्ती एरिया में अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं।