खूनी बदलाः चंडीगढ़ में दिनदहाड़े दो युवकों ने बरसाईं गोलियां, एक की मौत, एक घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित पुरानी कोर्ट के सामने स्थित पार्किंग में बुधवार को दिनदहाड़े दो युवकों पर फायरिंग से सनसनी फैल गई। फायरिंग में एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का पीजीआई में इलाज चल रहा है। गोली युवक के पेट को चीरती हुई कमर से बाहर निकल गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि भाई के हत्यारे से बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया है।
मृतक की पहचान जींद के गांव डूमरखा कलां (हरियाणा ) निवासी तेजिंदर पाल सिंह (26) और घायल संदीप के रूप में हुई है। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वारदात बुधवार दोपहर करीब 3.35 बजे की है। सूचना मिली कि सेक्टर-17 स्थित पुरानी कोर्ट के सामने स्थित पार्किंग में दो युवकों को गोली मार दी गई है। सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी नीलांबरी विजय जगादले, डीएसपी ईस्ट दिलशेर सिंह, क्राइम ब्रांच डीएसपी राजीव अंबस्ता समेत अन्य कई थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए।
गोली लगने के बाद तेजिंदर पाल सिंह ऑल्टो नंबर (एचआर56बी 0375) के पीछे जमीन पर अधमरे हालत में पड़ा था जबकि संदीप गंभीर अवस्था में वहीं बैठा था। पुलिस ने दोनों को पीजीआई पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने तेजिंदर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस टीम एरिया को चारों ओर से सील कर मामले की जांच आगे शुरू की।
सीएफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर फिंगर प्रिंट जब्त किए। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों किसी काम से सेक्टर-17 आए थे। इस दौरान चार युवकों ने तेजिंदर पर फायरिंग शुरू कर दी, इस दौरान एक गोली उसके पेट को चीरते हुए कमर से बाहर निकल गई जबकि संदीप को एक गोली कंधे के पास छूती हुई निकल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी वहां से फरार हो गए।
ऑटो में बैठकर भागे चारों आरोपी
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह सेक्टर-17 स्थित बस स्टैंड पर किसी काम से आया था। उसने अपनी बाइक को पुरानी कोर्ट के सामने पार्क किया था। वापस आया तो जोरदार आवाजें सुनाई दीं। पहले तो लगा कि यहां पटाखे फूट रहे हैं लेकिन तभी उसने देखा कि तीन से चार युवक पिस्टल लहराते हुए वहां से भागकर सेक्टर-17 स्थित बस स्टैंड की मेन रोड पर ऑटो से फरार हो गए। इतने में उसने देखा कि पार्किंग में दो युवकों को गोली लगी है। इसमें एक युवक जमीन पर गिरा पड़ा था और उसकी कमर से खून बह रहा था जबकि दूसरे युवक के भी लगी थी।
तेजिंदर पर दर्ज था हत्या का केस
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि अप्रैल महीने में जींद के नरवाना में मोहित मोर नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। मामले में सदर उचहाना पुलिस स्टेशन ने तेजिंदर, मनीष और जसवंत के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। मोहित की हत्या का बदला लेने के लिए उसके भाई विकास मोर उर्फ बॉक्सर ने बीते 14 अगस्त को मनीष और जसवंत की हत्या कर दी थी और अब वह तीन साथियों के संग मिलकर तेजिंदर की हत्या कर फरार हो गया।
मौके पर पांच कारतूस के खोल बरामद
पार्किंग में जमीन पर चार गोलियों के खोल और एक चप्पल पड़ी थी। फोरेंसिक टीम मौके पर आई और वीडियोग्राफी कर सभी चीजों को जब्त कर लिया। वारदात स्थल पर एक भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, लेकिन पुलिस के हाथ एक एरिया के आसपास से एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया। इसके बाद पुलिस उस ऑटो की पहचान कर तीन चालक तक पहुंची और आरोपियों के बारे में सबूत इकट्ठा किया।
तीन दिन पहले आया था चंडीगढ़
बताया गया कि एक के बाद एक चार फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और वहां पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के पीछे छिप गए। किसी ने हिम्मत नहीं जुटाई कि वह आरोपियों को रोक सके। वहीं जांच में सामने आया कि तेजिंदर करीब तीन दिन पहले चंडीगढ़ अपने दोस्त संदीप के पास आया। संदीप कैब चलाता है। तेजिंदर को भी काम की जरूरत थी। इसके चलते वह संदीप से संपर्क कर चंडीगढ़ आया था।
इस एंगल से भी कर रही है पुलिस जांच
पुलिस अब यह तथ्य जुटाने में जुटी है कि तेजिंदर सेक्टर-17 में है, यह बात आरोपियों तक कैसे पहुंची। यह फिर कोई उसकी मुखबिरी कर रहा था। पुलिस इन्हीं सवालों का जवाब पाने के लिए तेजिंदर के करीबियों से भी पूछताछ कर सकती है ताकि पता चले कि हत्यारों तक यह बात कैसे पहुंची।
मृतक तेजिंदर के खिलाफ सदर उचाना पुलिस स्टेशन ने हत्या के तहत मामला दर्ज है। आशंका है कि भाई के मर्डर का बदला लेने के लिए उसकी हत्या की गई है। पुलिस हत्यारे का पहचान कर चुकी है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -नीलांबरी विजय जगादले, एसएसपी चंडीगढ़