फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Bomb shell found near residence of Chief Ministers of Punjab and Haryana in Chandigarh today update news

Chandigarh News: 22 घंटे चला ऑपरेशन, रोबोट से जांच के बाद बम शेल को साथ ले गई सेना

Tue, 03 Jan 2023 01:24 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: निवेदिता वर्मा Updated Tue, 03 Jan 2023 01:24 PM IST
सार

मोहाली में पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय पर आरपीजी हमले के बाद तरनतारन में थाने के बगल में बने सांझ केंद्र पर आरपीजी हमला हुआ। अब पंजाब-हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के आवास के नजदीक बम मिला है। इससे सवाल उठने लगे हैं कि यह सुरक्षा एजेंसियों की चूक है या लापरवाही।  

विज्ञापन
Bomb shell found near residence of Chief Ministers of Punjab and Haryana in Chandigarh today update news
बम शेल को उठाकर ले जाते बम डिस्पोजल यूनिट के सदस्य। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

चंडीगढ़-नयागांव सीमा स्थित राजेंद्रा पार्क में मिले बम शेल को सेना मंगलवार को अपने साथ ले गई। हालांकि पहले रोबोट की मदद से बम शेल को मौके पर ही डिफ्यूज करने की कोशिश की गई लेकिन बाद में सेना ने अपना फैसला बदल दिया। सेना के अधिकारियों ने बताया कि आगे की जांच चंडीमंदिर स्थित पश्चिमी कमान में होगी। चंडीगढ़ पुलिस, सिविल डिफेंस और सेना का संयुक्त अभियान करीब 22 घंटे चला। 

विज्ञापन


मंगलवार सुबह से ही पार्क में भारी पुलिस बल तैनात रहा। सेना की टीम पूरी तैयारी के साथ सुबह करीब साढ़े 10 बजे मौके पर पहुंची। पश्चिमी कमान का बम निरोधक दस्ता भी पहुंच गया। सेना के निर्देश पर पूरे इलाके को सुरक्षित कर बैरिकेडिंग कर दी गई। लोगों को घटनास्थल से दूर किया गया। पश्चिमी कमान के ऑर्डिनेंस यूनिट के कर्नल मोहित पुरी ने सेना की टीम का नेतृत्व किया। दोपहर 12 बजे शहर के डीसी यशपाल गर्ग पहुंचे। उसके बाद सेना की तरफ से बम की जांच शुरू की गई। 
विज्ञापन


फैसला लिया गया कि बम को मौके पर ही डिफ्यूज किया जाएगा इसलिए सेना के रोबोट को तैयार किया गया और उसकी मदद से बम को घटनास्थल से थोड़ा दूर आम के बाग के अंदर ले जाया गया। यहां पहले से एक गड्ढा खोदा गया था और उसमें रेत की बोरियां रखी गईं थीं। इस पूरी प्रक्रिया में करीब आधे घंटे का समय लगा। खतरे को भांपने के लिए सेना की एक यूनिट ने बम की फिर जांच शुरू की। इसके बाद मौके पर डिफ्यूज करने के फैसले को टाल दिया गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

सूत्रों ने बताया कि आसपास वीवीआईपी इलाका होने की वजह से फैसले को बदला गया। तय हुआ कि बम को पश्चिमी कमान में ले जाया जाएगा और वहीं पर आगे की जांच होगी और बम को डिफ्यूज किया जाएगा।

75 मिमी एंटी टैंक गन का है बम शेल, 1960 में होता था इस्तेमाल
बम शेल की जांच के लिए सेना के ऑर्डिनेंस यूनिट के भी कई अधिकारी पहुंचे थे। मौके पर मौजूद सेना के अधिकारियों ने बताया कि यह बम शेल 75 मिमी एंटी टैंक गन का है और 1960 के दशक में इसका इस्तेमाल होता था। डायरेक्टर सिविल मिलिट्री अफेयर्स कर्नल जसदीप संधू ने बताया कि पश्चिमी कमान ले जाकर बम शेल की विस्तृत जांच होगी। क्या यह किसी की शरारत है या कोई साजिश, इसका खुलासा भी जांच के बाद ही हो पाएगा। हालांकि सेना एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अगर यह बम शेल फटता तब भी 100 मीटर से ज्यादा दूरी तक नुकसान नहीं करता। यह बम शेल यहां कैसे आया इसकी पुलिस के साथ सेना भी जांच करेगी।

एक किमी के दायरे में हैं सभी बड़े भवन, 100 मीटर दूर चौकी
घटनास्थल से एक किमी के दायरे में चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा के सभी बड़े भवन बने हैं। 100 मीटर दूरी पर नयागांव की पुलिस चौकी है। इस परिक्षेत्र में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के हेलीपैड, आवास, सचिवालय और हाईकोर्ट बना हुआ है। पंजाब में लगातार मिल रही आतंकी धमकियों को देखते हुए चंडीगढ़ के साथ पंजाब की पुलिस भी अलर्ट थी। पुलिस का दावा है कि किसी कबाड़ी ने यह सेल यहां फेंका होगा लेकिन सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से यह बड़ी चूक है।

दहशत में गुजरी लोगों की रात, दिन में जुटी भीड़, बुलानी पड़ी अतिरिक्त पुलिस
बम शेल पूरी रात राजेंद्रा पार्क में ही रहा। इस वजह से आसपास के लोग दहशत में थे। हालांकि चंडीगढ़ पुलिस ने इलाके को सील कर दिया था और निगरानी के लिए पूरी रात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा रखी थी। इलाका निवासी दीपक कुमार ने बताया कि हम सब पूरी रात सहमे रहे। डर था कि कहीं बम फट न जाए। नयागांव पुलिस भी पूरी रात सड़कों पर रही। नाके लगाकर इलाके में जांच की गई। मंगलवार को बम को घटनास्थल पर ही डिफ्यूज करने की सूचना से एक बार फिर लोग दहशत में आ गए। बाद में सेना जब बम शेल को साथ ले गई तब उनकी जान में जान आई। 

सेना जब बम डिफ्यूज करने की कोशिश कर रही थी तो इस प्रक्रिया को देखने के लिए आसपास के लोग जमा हो गए। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस को अतिरिक्त पुलिस बुलानी पड़ी। नयागांव से कांसल को जाने वाली सड़क को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। यह रास्ता करीब दो घंटे तक बंद रहा। इस दौरान यातायात को नयागांव से खुड्डा अलीशेर की तरफ मोड़ दिया गया था। वहीं खुड्डा अलीशेर से आने वाले ट्रैफिक को नयागांव से सीधे चंडीगढ़ की तरफ निकाला गया।  

चंडीगढ़ पुलिस की कहानी सवालों के घेरे में 
चंडीगढ़ पुलिस अब तक यही कह रही है कि बम शेल को किसी कबाड़ी ने यहां फेंका होगा लेकिन पुलिस के पास इसकी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। सवाल यह भी है कि अगर कबाड़ी ने बम शेल फेंका तो उसके पास यह कहां से आया। बम शेल सेना का बताया जा रहा है। दो प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के आवास नजदीक होने के बावजूद यहां किसी भी प्रदेश की पुलिस सुरक्षा के कोई इंतजाम क्यों नहीं हैं? इस बारे में मोहाली के एसएसपी संदीप गर्ग ने बताया कि नयागांव का इलाका मोहाली जिले का हिस्सा होने के कारण यहां पर उनकी तरफ से पुख्ता इंतजाम हैं। नियमित तौर पर इलाके के पीजी और होटलों की जांच की जा रही है। वहीं इलाके में गश्त भी की जा रही है। चंडीगढ़ पुलिस द्वारा कबाड़ियों की जो बात की जा रही है, उस संबंधी भी इलाके में जांच चल रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed