भाजपा प्रत्याशियों की अगली सूची आज संभव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा ने शनिवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक बुलाई है। पहले ही 43 उम्मीदवारों का ऐलान कर चुकी पार्टी तीन दर्जन और नामों की घोषणा कर सकती है।
टिकट वितरण को लेकर अंसतोष के बाद पार्टी वरिष्ठ नेताओं के रिश्तेदारों और सांसदों के कुछ समर्थकों को भी टिकट दे सकती है। समिति की बैठक में महाराष्ट्र पर चर्चा होगी या नहीं इस पर अभी संशय बना हुआ है।
अगर समिति की बैठक के पहले शिवसेना से गठबंधन के फार्मूले पर बात हुई तो महाराष्ट्र पर भी चर्चा हो सकती है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नेतृत्व ने हरियाणा की बची हुई 47 सीटों पर गहन मंथन कर लिया है, मगर विशेष रणनीति के तहत सारे उम्मीदवार घोषित नहीं किए जाएंगे।
21 सितंबर को करनी थी जारी
हरियाणा में भाजपा के चुनाव प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने बताया था कि भाजपा उम्मीदवारों की दूसरी सूची 21 सितंबर को जारी कर सकती है। भाजपा में विद्रोह के स्वर पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि वे सभी जगह घूमकर आए हैं।
यहां थोड़ी-बहुत नाराजगी थी, शांत हो गई है। भाजपा नेता ने कहा कि उपचुनाव के नतीजों का हरियाणा विधानसभा चुनाव पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
वहीं, बादल और इनेलो की यारी पर उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा बादल से मर्यादित आचरण की अपेक्षा रखती है। इस मौके पर पूर्व मंत्री गणेशी लाल, भाजपा जिला सिरसा के चुनाव प्रभारी ओमप्रकाश उपस्थित थे।
15 मिनट में तय कर देंगे सीएम
मुख्यमंत्री उम्मीदवार का नाम तय न करने के सवाल का जवाब देते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि केंद्र में इंदिरा गांधी या राजीव गांधी थे, वे कभी प्रादेशिक चुनावों में मुख्यमंत्री उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं करते थे।
अगर केंद्र में ताकतवर नेता हो तो प्रादेशिक राजनीतिक दल गौण हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सब स्पष्ट है नरेंद्र मोदी एक कद्दावर नेता के रूप में उभरे हैं।
प्रधानमंत्री का सपना देखने वाले लालू प्रसाद, मुलायम सिंह, मायावती जो कद्दावर नेता माने जाते थे अपना अस्तित्व बचाते फिर रहे हैं।
अभी पार्टी का लक्ष्य 60+ का है। जैसे यह हो गया, तभी नरेंद्र मोदी और अमित शाह के साथ बैठकर पंद्रह मिनट में मुख्यमंत्री तय कर दिया जाएगा।
विकास और मोदी के नाम पर लड़ेंगे चुनाव
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ताओं से राय लेकर टिकट दी जाती है। पार्टी में भाई भतीजावाद जैसी कोई बात नहीं है। महम सहित प्रदेश में कई सीटो पर विरोध और अंतर्कलह चलने की बात पर उन्होंने कहा, टिकट एक को ही होती है। दावेदार कई होते हैं।
टिकट न मिलने पर अपनी बात रखने को असंतोष नहीं कहा जा सकता। हरियाणा में मुख्यमंत्री के नाम पर पूछे गए सवाल पर कहा, भाजपा विकास और मोदी के नाम पर चुनाव लड़ेगी। चुनाव के बाद सर्व सम्मति से मुख्यमंत्री तय होगा। हरियाणा की जनता प्रदेश में भाजपा की सरकार देखना चाहती है।
लोकसभा चुनाव में भाजपा के प्रति जनमत देकर जनता ने संकेत दे दिया था। प्रदेश सरकार से जनता ऊब चुकी है। कई नेता सरकार का साथ छोड़ भाजपा की तरफ आ रहे हैं। कांग्रेस ही नहीं अन्य विभिन्न पार्टियों के नेता भी पार्टी में शामिल होने हैं।
मेनिफेस्टों में सभी मुद्दे शामिल
मेनिफेस्टों में उन सभी मुद्दों को छूने का प्रयास किया गया है। जिसे स्थानीय कार्यकर्ताओं ने प्रस्तावित किए हैं। हरियाणा भाजपा द्वारा तैयार किया गया 24 पन्नों का यह घोषणा पत्र गुजरात विकास माडल, राजस्थान, एमपी सहित भाजपा शासित प्रांतों के मुद्दों का पूरा मिश्रण है।
हरियाणा में जन जन के विकास को ध्यान में रखकर अधिकतर मुद्दे रखे गए हैं। इसमें गुजरात के विकास माडल से बिजली, सड़क सहित उद्योग विकास को लिया गया है।
एमपी से जन जन और गरीबों और मजदूरों सहित किसान विकास की योजनाओं को इसमें रखा गया है। भाजपा ने हरियाणा विकास के पिछले 10 सालों में अछूते रहे जनहित से जुड़े उन सभी मुद्दों को इसमें रखा गया है।