भाजपा गठबंधन का घोषणा पत्र: 300 यूनिट बिजली मुफ्त, किसानों का कर्ज होगा माफ, 4000 रुपये मिलेगा बेरोजगारी भत्ता
भाजपा गठबंधन ने पंजाब में अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। गठबंधन ने आतंकवाद से पीड़ित प्रत्येक परिवार को पांच-पांच लाख रुपये देने का वादा किया है। भूमिहीन मजदूरों को 6000 रुपये सलाना देने की घोषणा की है। वहीं कैंसर मरीजों के निशुल्क इलाज का भी एलान किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में त्रिकोणीय गठबंधन के तहत भाजपा, कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) और संयुक्त अकाली दल, एनडीए सरकार के हिस्से के रूप में पंजाब के समग्र विकास के साथ-साथ ‘सबका साथ सबका विकास’ के नारे पर काम करेगी। यह बात शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने त्रिकोणीय गठबंधन का चुनाव घोषणापत्र जारी करते हुए कही। इसके तहत गठबंधन की पार्टियों ने 11 संकल्प लिए हैं।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के मुताबिक घोषणा पत्र के मुताबिक एनडीए सरकार आतंकवाद से पीड़ित प्रत्येक परिवार को पांच-पांच लाख रुपये देगी। सरकार बनने के दो साल के भीतर सभी सरकारी पदों को भर दिया जाएगा। स्नातक होने के दो साल बाद 4000 रुपये प्रति माह बेरोजगारी भत्ता मिलेगा।
महिला सशक्तिकरण के तहत पुलिस में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की स्थापना की जाएगी। राज्य में विशेष महिला पुलिस थाने और अदालतें स्थापित की जाएंगी। समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रत्येक परिवार, भले ही किसी भी जाति या समुदाय का हो, उसे अपना घर मिलेगा।
एनडीए सरकार हर घर को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देगी और एक अलग यूनिट के लिए 3 रुपये प्रति यूनिट चार्ज करेगी। उद्योगों को विशेष पैकेज दिया जाएगा। उद्योगों के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम स्थापित किया जाएगा और नई इकाइयों की स्थापना के लिए सभी स्वीकृतियां 15 दिनों के भीतर दी जाएंगी।
एक विशेष पैकेज के तहत छोटे और मध्यम उद्यमों को चार रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली मिलेगी, जबकि बाकी उद्योगों को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली मिलेगी। अकाली दल संयुक्त के प्रमुख सुखदेव सिंह ढींडसा ने कहा कि एनडीए सरकार पांच एकड़ से कम जमीन वाले सभी किसानों का कर्ज माफ करेगी। इसके अलावा उन्हें फसलों पर एमएसपी के साथ-साथ सब्जियों पर एमएसपी भी दी जाएगी।
हर भूमिहीन मजदूर को हर साल 6,000 रुपये मिलेंगे। राज्य से नशा खत्म करने के लिए जिला स्तर पर टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। साथ ही पुलिस को नशा तस्करों की सूचना देने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी स्थापित की जाएगी। स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के लिए प्रत्येक गांव में एक स्वास्थ्य केंद्र और प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में एक मेडिकल कॉलेज व एक नर्सिंग कॉलेज बनाया जाएगा। कैंसर मरीजों का निशुल्क इलाज किया जाएगा।
कैप्टन पर सिरसा की टिप्पणी व्यक्तिगत: पुरी
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरुवार को कहा था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह गठबंधन में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं। इस पर हरदीप पुरी ने स्पष्ट किया कि यह सिरसा की व्यक्तिगत टिप्पणी है। पार्टी का इससे कुछ लेना-देना नहीं है।