हरियाणा: ऑनलाइन देख सकेंगे 48 कोसी यात्रा, गोशालाओं में बनेंगे बायोगैस प्लांट, पढ़ें- पांच संक्षिप्त खबरें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के कुरुक्षेत्र की 48 कोस की सांस्कृतिक यात्रा को अब विश्व में कहीं भी बैठे लोग देख पाएंगे। इस यात्रा में 134 तीर्थों के पौराणिक इतिहास को तथ्यों सहित वीडियो के माध्यम से देखा जा सकेगा। इतना ही नहीं ऑनलाइन प्रणाली से कुरुक्षेत्र के पौराणिक किस्से, कहानियों को वीडियो के माध्यम से दिखाया जाएगा।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि कुरुक्षेत्र के उपायुक्त की देखरेख में गठित विशेष टीम ने 48 कोस की सांस्कृतिक यात्रा को ऑनलाइन प्रणाली से शुरू कर दिया है। इसे वेबसाइट पर दुनिया के किसी भी कोने में देख सकते हैं। इस सांस्कृतिक यात्रा को शब्दों और चलचित्रों में पिरोने के लिए अंडर ट्रेनिंग आईएएस अधिकारी वैशाली सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2- कोरोना के दौरान सरकार ने एससी वर्ग को स्वरोजगार से जोड़ा
कोरोना के दौरान हरियाणा सरकार ने एससी वर्ग को स्वरोजगार से जोड़ा है। अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम ने वित्तीय वर्ष 2020-2021 के दौरान नवंबर 2020 तक 1115 लाभार्थियों को 773 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की। इसमें 71.83 लाख रुपये की सब्सिडी राशि भी शामिल है। अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने बताया कि कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में संचालित की जा रही योजनाओं में दूध उत्पादन योजना से सबसे अधिक 613 लाभार्थी जुड़े।
इन्हें 349.80 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। भेड़ पालन को 10 लाभार्थियों ने चुना। इन्हें 7.50 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई गई। सुअर पालन के अंतर्गत 16 लाभार्थियों को 10.10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में 22 लाभार्थियों ने रूचि दिखाई। इन्हें 18.70 लाख रुपये वित्तीय सहायता प्रदान की है।
3- आईएएस बलकार सिंह को मत्स्य विभाग के सचिव का भी जिम्मा
हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से एक आईएएस अधिकारी के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक बलकार सिंह को मत्स्य विभाग के सचिव का भी जिम्मा सौंपा है। बलकार सिंह इससे पहले निदेशक मौलिक शिक्षा व डीसी पंचकूला के पदों पर कार्य कर चुके हैं।
4- गोशालाओं में बायोगैस प्लांट लगाने की तैयारी
हरियाणा सरकार गोशालाओं में बायोगैस प्लांट लगाने की तैयारी कर रही है। गोबरधन योजना के तहत सरकार इस दिशा में आगे बढ़ रही है। अब गोशालाओ के सर्वेक्षण व मैपिंग के निर्देश दिए गए हैं। इस परियोजना का मकसद इन प्लांटों से गांवों में सस्ती दरों पर बिजली व खाना पकाने के लिए गैस मुहैया करवाना है।
समीक्षा बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव विजय वर्धन ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गोशालाओं का सर्वेक्षण एवं मैपिंग करने के दौरान विशेष रूप से यह ध्यान रखा जाए कि गोशालाएं शहरों व गांवों में आबादी वाले इलाकों से कितनी दूरी पर हैं और इनमें प्लांट लगाए जाने की संभावनाएं भी तलाशी जाएं। गोबरधन योजना के तहत हिसार जिले के नया गांव में सामुदायिक बायोगैस प्लांट चल रहा है, जिससे 150 से अधिक घरों को पाइपलाइन के माध्यम से गैस की आपूर्ति की जा रही है।
5- सैलजा ने दिया किसानों को समर्थन
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने बुधवार को टीकरी बॉर्डर पर किसानों के बीच पहुंचकर किसान आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि है यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश का अन्नदाता इस कड़कड़ाती ठंड में खुली सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर है। सरकार अपनी जिद पर अड़ी है। सरकार तुरंत यह काले कानून रद्द करे। कुमारी सैलजा ने कहा कि अपने छह वर्ष के शासन में केंद्र में बैठी भाजपा सरकार ने सिर्फ किसानों को बर्बाद करने की योजनाएं बनाई हैं।