मोहाली पहुंचे मजीठिया: ड्रग्स मामले में क्राइम ब्रांच में अकाली नेता से एसआईटी की पूछताछ, हाईकोर्ट से मिल चुकी है अंतरिम जमानत
ड्रग्स तस्करी से जुड़े मामले में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया बुधवार को एसआईटी की जांच में शामिल होने मोहाली पहुंचे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ड्रग्स मामले में फंसे शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया से बुधवार को मोहाली विशेष जांच टीम (एसआईटी) पूछताछ कर रही है। वह मोहाली स्थित क्राइम ब्रांच पहुंच चुके हैं। उनसे एआईजी बलराज सिंह की अगुवाई वाली एसआईटी पूछताछ कर रही है। बता दें कि सोमवार को ही पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट से बिक्रम मजीठिया को अंतरिम जमानत मिली है। हाईकोर्ट ने उन्हें जांच में सहयोग देने व क्राइम ब्रांच में पेश होने का आदेश भी दिया था। उनके वकील डीएस सोबती कहते हैं कि हम एक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच चाहते हैं ताकि सच्चाई सामने आए।
बिक्रम सिंह मजीठिया ठीक 11 बजे पंजाब स्टेट क्राइम ब्रांच पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में मीडियाकर्मियों का वहां पर जमावड़ा था। जानकारी के मुताबिक बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ केस 2018 में एडीजीपी हरप्रीत सिंह सिद्धू की अगुवाई में गठित स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर दर्ज किया गया है।
इस रिपोर्ट में मजीठिया का नाम शामिल होने का दावा किया गया और प्रदेश कांग्रेस प्रधान नवजोत सिद्धू भी बीते कई महीनों से यह मुद्दा उठाते रहे हैं। 49 पेज की एफआईआर में उन पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने अपनी संपत्ति और वाहनों के जरिए ड्रग तस्करी में मदद की। इसके साथ ही उन्होंने नशा बांटने व बेचने के काम को वित्तपोषित भी किया।
मजीठिया पर ड्रग तस्करी की साजिश रचने का आरोप भी लगाया गया है। इतना ही नहीं एफआईआर में कहा गया है कि मजीठिया के अमृतसर स्थित आवास में विदेश से आने वाले एनआरआई ठहरा करते थे, जहां उन्हें वाहन और गनमैन भी उपलब्ध कराए जाते थे। इसके अलावा चंडीगढ़ में सेक्टर-39 स्थित सरकारी घर में भी नशा तस्करों को ठहराया जाता था। इन आरोपों के लिए एफआईआर में पकड़े गए नशा तस्करों के बयान को आधार बनाया गया है। मामला दर्ज होने के बाद बिक्रम सिंह मजीठिया भूमिगत थे। मोहाली जिला आदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट की शरण ली। जहां से उन्हें सशर्त अंतरिम जमानत मिली।
केजरीवाल का नटवरलाल तो सिद्धू का मॉडल खटारा
नवजोत सिंह सिद्धू व अरविंद केजरीवाल ने अपना-अपना पंजाब मॉडल किया। इस पर बिक्रम सिंह मजीठिया ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि केजरीवाल का मॉडल नटवरलाल तो सिद्धू का खटारा मॉडल है। पंजाब का मॉडल अकाली दल के पास ही है। मीडिया ने उनसे सवाल किया कि आप नेता अरविंद केजरीवाल कह रहे है कि वह पंजाब में ऐसा मॉडल लागू करेंगे, जिसके बाद कनाडा या विदेश गए पंजाबी युवा वापस अपने देश आ जाएंगे। इस पर मजीठिया ने कहा कि तो फिर वह ऐसा मॉडल दिल्ली में क्यों नहीं अभी तक लागू कर पाए। जिससे कि पंजाब के युवा दिल्ली में जाकर ही अपना काम धंधा कर पाते। वहीं, उनके परिजन भी खुश रहते कि उनके बच्चे उनकी आंखों के सामने हैं। उन्होंने कहा कि जहां तक कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की बात है तो ढाई साल के लिए वह राज्य सरकार के मंत्री पद पर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने राज्य के लोगों के लिए क्या किया।