भूपेंद्र हुड्डा ने किया अविश्वास प्रस्ताव लाने का एलान, विधानसभा का आपात सत्र बुलाने की मांग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने किसानों के मुद्दे पर अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए राज्यपाल से हरियाणा विधानसभा का आपात सत्र बुलाने की मांग की है। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सदन में किसानों के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी।
उन्होंने कहा कि बरोदा चुनाव के नतीजे से स्पष्ट हो चुका है कि यह सरकार पूरी तरह जनता का भरोसा खो चुकी है। बीते सप्ताह तीन निर्दलीय विधायक सार्वजनिक तौर पर सरकार से किनारा कर चुके हैं। जनता के बाद गठबंधन सरकार तेजी से विधायकों का विश्वास खोती जा रही है।
हुड्डा का कहना है कि आज प्रदेश का अन्नदाता सड़कों पर है और उनका वोट लेने वाले जेजेपी (जननायक जनता पार्टी) और निर्दलीय विधायक सत्ता का लुत्फ उठा रहे हैं।
कांग्रेस किसानों की मांगों के समर्थन में खड़ी है लेकिन किसानों का वोट लेकर विधानसभा में पहुंचने वाले जेजेपी और निर्दलीय विधायक सरकार के समर्थन में खड़े हैं। कुछ विधायक दोगली नीति अपनाते हुए लगातार सरकार के विरोध और किसान आंदोलन के समर्थन में बयानबाजी तो कर रहे हैं लेकिन सरकार को भी अपना समर्थन दे रहे हैं।
विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव ऐसी दोगली भूमिका वाले विधायकों और पार्टियों का सच जनता के सामने लाएगा। इससे पता चलेगा कि कौन सा विधायक और पार्टी कुर्सी के साथ है और कौन किसान के। अविश्वास प्रस्ताव के साथ कांग्रेस विधानसभा में एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) गारंटी और एमएसपी से कम पर खरीद करने पर सजा के प्रावधान का संशोधन भी लेकर आएगी।
एपीएमसी एक्ट में संशोधन का ये प्रस्ताव लाया जाएगा।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार की तरफ से किसान आंदोलन को बदनाम करने के लिए की जा रही बयानबाजी पर कड़ी आपत्ती जताई। हुड्डा ने कहा कि उन्होंने आज तक किसानों का इतना बड़ा आंदोलन नहीं देखा। इसमें जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के बंधनों से ऊपर उठकर किसान हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे आंदोलन के साथ खालिस्तान या विदेशी फंडिंग जैसे नाम जोड़ना गलत है।
कृषि मंत्री के बयान पर किया पलटवार
कृषि मंत्री जेपी दलाल के बयान पर पलटवार करते हुए हुड्डा ने कहा कि मंत्री जैसे जिम्मेदार पद पर बैठने वाले शख्स को ऐसी ओछी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। ये किसानों के साथ पूरे देश का अपमान है। उन्हें माफी मांगनी चाहिए और इस्तीफा देना चाहिए। हुड्डा ने कहा कि किसान अपनी जायज मांग को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं।
किसानों पर दर्ज केस रद्द करने की मांग
हुड्डा ने हरियाणा में किसानों पर दर्ज तमाम मुकदमें रद्द करने की मांग की। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि किसान अपना घर छोड़कर कड़कड़ाती ठंड में खुले आसमान के नीचे धरना दे रहे हैं। महामारी के दौर में सरकार के फैसले ने उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया है। सरकार को जल्द से जल्द किसानों से बातचीत कर उनकी मांगों पर मुहर लगानी चाहिए।