Punjab: कल जालंधर स्टेशन से रवाना होगी भारत गौरव पर्यटन ट्रेन, भारत-नेपाल के इन धार्मिक स्थलों के होंगे दर्शन
भारत गौरव पर्यटक ट्रेन की 10 दिवसीय यात्रा का पहला पड़ाव अयोध्या होगा। यहां पर पर्यटक श्री राम जन्मभूमि, हनुमान मंदिर और नंदीग्राम में भरत मंदिर के दर्शन करेंगे। अयोध्या के बाद ट्रेन बिहार के रक्सौल स्टेशन पहुंचेगी। यहां से पर्यटकों को बसों से काठमांडू भेजा जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय रेलवे ने भारत और नेपाल के प्रमुख तीर्थ और विरासत स्थलों की यात्रा के लिए भारत गौरव पर्यटक ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन भारत-नेपाल आस्था सर्किट पर यात्रा शुरू करेगी। इसमें नेपाल की राजधानी काठमांडू और भारत का प्राचीन शहर काशी प्रमुख आकर्षण के केंद्र रहेंगे। इस यात्रा में अयोध्या के अलावा नंदीग्राम और प्रयागराज को भी जोड़ा जाएगा।
पर्यटकों को काठमांडू के होटलों में तीन और अयोध्या व वाराणसी के होटलों में एक-एक रात का ठहराव मिलेगा। रक्सौल स्टेशन से काठमांडू और वापसी की यात्रा बस से पूरी होगी और नेपाल की यात्रा करते समय ट्रेन रक्सौल स्टेशन पर रुकेगी। अत्याधुनिक डीलक्स एसी ट्रेन 31 मार्च यानी शुक्रवार को करीब 600 पर्यटकों समेत जालंधर सिटी स्टेशन से प्रस्थान करेगी। इस यात्रा के दौरान लुधियाना, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, पानीपत, दिल्ली, सफदरजंग, गाजियाबाद, अलीगढ़, टुण्डला, इटावा और कानपुर स्टेशन से ट्रेन में चढ़ने और उतरने का विकल्प होगा।
भारत गौरव पर्यटक ट्रेन की 10 दिवसीय यात्रा का पहला पड़ाव अयोध्या होगा। यहां पर पर्यटक श्री राम जन्मभूमि, हनुमान मंदिर और नंदीग्राम में भरत मंदिर के दर्शन करेंगे। अयोध्या के बाद ट्रेन बिहार के रक्सौल स्टेशन पहुंचेगी। यहां से पर्यटकों को बसों से काठमांडू भेजा जाएगा। काठमांडू में ठहराव के दौरान पर्यटक नेपाल की राजधानी में स्वयंभूनाथ स्तूप और अन्य विरासत स्थलों के साथ पशुपतिनाथ मंदिर जाएंगे।
नेपाल भ्रमण के बाद ट्रेन रक्सौल से वाराणसी के लिए रवाना होगी। काशी में पर्यटकों को सारनाथ, काशी विश्वनाथ मंदिर गलियारा, तुलसी मंदिर और संकटमोचन हनुमान मंदिर के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। पर्यटकों को वाराणसी से प्रयागराज तक बस से भेजा जाएगा और संगम व हनुमान मंदिर के दर्शन करवाए जाएंगे।
ट्रेन अपने सफर के 10वें दिन प्रयागराज से वापस जालंधर सिटी लौटेगी। पूरी तरह से वातानुकूलित पर्यटक ट्रेन में 11 थर्ड एसी कोच, एक पेंट्री कार और दो एसएलआर शामिल होंगे। पेंट्री कार से पर्यटकों को उनकी सीट पर ताजा पका शाकाहारी भोजन परोसा जाएगा। ट्रेन में मनोरंजन के साथ-साथ सार्वजनिक घोषणाओं के लिए इंफोटेनमेंट सिस्टम मौजूद रहेगा और साफ-सुथरे शौचालय से लेकर हर कोच में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड की सुविधा मिलेगी।
इस ट्रेन का 10 दिन का टूर पैकेज प्रति व्यक्ति 27,815 रुपये होगा। इसमें ट्रेन की यात्रा, एसी होटल में रात्रि विश्राम, तीन टाइम का शाकाहारी भोजन, बस से आना-जाना और भ्रमण, यात्रा बीमा और गाइड की सेवाएं शामिल रहेंगी।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट से होगी बुकिंग
इस पैकेज को आकर्षक और किफायती बनाने के लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट https//www.irctctourism.com पर ईएमआई की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी और वेब पोर्टल पर पहले आओ पहले पाओ के आधार पर पैकेज की बुकिंग होगी। वर्तमान कोविड-19 के प्रति सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने के लिए 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पर्यटकों के लिए पूर्ण टीकाकरण (दोहरी खुराक) की शर्त अनिवार्य रहेगी।