फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Bharat Bandh: Farmers-employees will take to the streets today, many services may be affected

भारत बंद : किसान-कर्मचारी आज सड़क पर उतरेंगे, प्रभावित हो सकतीं हैं कई सेवाएं

Fri, 16 Feb 2024 04:26 AM IST
Chandigarh Bureau चंडीगढ़ ब्यूरो
Updated Fri, 16 Feb 2024 04:26 AM IST
विज्ञापन
Bharat Bandh: Farmers-employees will take to the streets today, many services may be affected
चंडीगढ़/पंचकूला/मोहाली। किसान आंदोलन के चलते पंजाब-हरियाणा सीमा पर बवाल मचा है। अब शुक्रवार को संयुक्त किसान मोर्चा व कर्मचारी-मजदूर यूनियनों ने भारत बंद का एलान किया है। कर्मचारी यूनियन सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। ऐसे में ट्राइसिटी में भी भारत बंद का असर पड़ेगा। सार्वजनिक परिवहन व बाजार बंद कराए जा सकते हैं। चंडीगढ़ जिला बार एसोसिएशन ने नो वर्क डे का एलान किया है। ऐसे में अदालत में कामकाज प्रभावित रहेगा। ट्राइसिटी कैब एसोसिएशन ने भी किसानों के समर्थन में है। कैब मिलने में भी दिक्कत हो सकती है। मोहाली के पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि वह स्थिति को देखकर निर्णय लेंगे। चंडीगढ़-पंचकूला के संचालकों का कहना है कि वह पेट्रोल पंप खोलेंगे। उधर, चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि शहर में धारा 144 लागू है। ऐसे में किसी को भी धरना प्रदर्शन की अनुमति नहीं है। कानून तोड़ने की कोशिश करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। इसके अलावा ऑटो और सीटीयू की बस सेवा भी जारी रखने का दावा किया गया है। चंडीगढ़ के मार्केट एसोसिएशनों का कहना है कि वह भी बाजार खुला रखेंगे।
विज्ञापन

चंडीगढ़ पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के सचिव अमनप्रीत सिंह ने कहा कि शहर के सभी पेट्रोल पंप खुले रहेंगे। मोहाली के पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्विंदर मोंगिया ने कहा कि फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया गया है। हम हालात देखकर ही फैसला लेंगे। पंचकूला इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप सेक्टर-5 के प्रबंधक तरनजीत सिंह ने कहा कि पंचकूला में पेट्रोल पंप खुले रहेंगे।
विज्ञापन

चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरनजीव सिंह ने कहा कि शहर के सभी बाजार खुले रहेंगे। लोगों को कोई दिक्कत नहीं आएगी। वहीं, मोहाली मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सरबजीत सिंह पारस ने कहा कि व्यापारियों का घर भी किसानों के कारण ही चलता है। अगर किसान अन्न नहीं उगाएंगे तो बाजार कैसे चलेंगे। इस मुश्किल घड़ी में हम किसानों के साथ है। वहीं, फेज-3बी2 मार्केट के प्रधान अकविंदर सिंह गोसल ने कहा कि अभी पूरी तरह फैसला नहीं लिया गया है। हालात को देखते हुए मौके पर ही फैसला लिया जाएगा। पहले से ही व्यापारियों का काम ढीला चल रहा है, ऐसे में यह बंद मुश्किल खड़ी करेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

वहीं, ट्राइसिटी कैब एसोसिएशन के प्रधान विक्रम पुंडीर ने कहा कि हम किसानों के साथ हैं और उनका समर्थन करते हैं। कुछ देर के लिए कैब सेवा बंद रह सकती है। वहीं, चंडीगढ़ ट्रांसपोर्टर एसोसिएशन के प्रधान जसबीर सिंह गिल ने कहा कि अधिकतर ट्रक पहले से ही जाम में फंसे हुए हैं लेकिन उनकी राष्ट्रीय यूनियन की तरफ से भारत बंद में शामिल होने को लेकर कोई निर्देश नहीं आया है।
चंडीगढ़ जिला बार एसोसिएशन (डीबीए) ने शुक्रवार को नो वर्क डे रखा है। डीबीए अध्यक्ष एडवोकेट रोहित खुल्लर ने बताया कि शुक्रवार को जिला अदालत में डीबीए के वकील काम नहीं करेंगे। ऐसे में अदालत में काम करवाने के लिए आने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है। हालांकि कोर्ट में खुले रहेंगे, लेकिन वकील अपने केसों को लेकर कोर्ट में सुनवाई के लिए नहीं जाएंगे।
संयुक्त किसान मोर्चा, सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू), ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक), इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक), अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एआइटीयूसी) सहित अन्य मजदूर और खेत मजदूर संगठनों, अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ ने भारत बंद में शामिल होने का फैसला किया है।


सीटीयू के कर्मचारी करेंगे प्रदर्शन, फूंकेंगे पुतला
केंद्र सरकार की नीतियों और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग की यूनियन आईएसबीटी-43 पर प्रदर्शन करेगी और एक रैली निकालेगी। कर्मचारी पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने, आउटसोर्स कर्मचारी के लिए समान काम-समान वेतन, सभी खाली सेंक्शन पोस्ट भरने के लिए और अन्य मांगों को लेकर आईएसबीटी-43 पर दोपहर 12 से लेकर दो बजे तक एक रैली निकालेंगे। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ एक पुतला फूंक प्रदर्शन भी किया जाएगा। यूनियन ने सभी आउटसोर्सिंग और रेगुलर कर्मचारियों से इस प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है। उधर, पंचकूला में परिवहन विभाग के ड्राइवर, स्वास्थ्य विभाग के ठेका कर्मचारी, नगर निगम, सिंचाई विभाग सहित अन्य विभाग के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर जगह-जगह पर प्रदर्शन करेंगे। इसे लेकर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा पंचकूला के जिला प्रेसिडेंट श्रवण कुमार जांगड़ा ने बताया कि सरकार की ओर से लंबित मांगे नहीं माने जाने के कारण भारत बंद किया जा रहा है। इसे लेकर कर्मचारी इंडस्टि्रयल एरिया फेज-1, अस्पताल सहित सभी जगह हड़ताल करेंगे। उधर, मोहाली में किसान-कर्मचारी सड़क पर उतरेंगे। इस दौरान अजीजपुर, खरड़, डेराबस्सी और गुरुद्वारा सिंह शहीदां पर जाम लगाने की भी चेतावनी दी गई है।


कोट
भारत बंद को लेकर अलग से कोई दिशानिर्देश जारी नहीं किए गए हैं लेकिन पुलिस मुस्तैद रहेगी और कानून व्यवस्था को भंग करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
-रामगोपाल, डीएसपी, चंडीगढ़ पुलिस
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed