{"_id":"5890c45e4f1c1b8a17e81830","slug":"bhagwant-maan-attacked-on-sukhbir-and-captain","type":"story","status":"publish","title_hn":"'कैप्टन अमरिंदर और सुखबीर शाम को कहीं जाने की स्थिति में नहीं होते'","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
'कैप्टन अमरिंदर और सुखबीर शाम को कहीं जाने की स्थिति में नहीं होते'
ब्यूरो/अमर उजाला, गुरदासपुर
Updated Wed, 01 Feb 2017 12:32 AM IST
विज्ञापन
सुखबीर बादल और कैप्टन
सांसद भगवान मान ने कहा कि मुझे नशेड़ी कहने वाले कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुखबीर सिंह बादल खुद शाम ढलते ही कहीं जाने की स्थिति में नहीं होते, जबकि वह देर रात तक आप प्रत्याशियों के लिए प्रचार कर रहे हैं।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि कैप्टन और सुखबीर सुबह जब तक ब्रश करते हैं, उतनी देर तक वह पांच रैलियां भी कर लेते हैं। मान मंगलवार को दीनानगर में पार्टी प्रत्याशी जोगिंदर सिंह छीना के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे थे।
विज्ञापन
उन्होंने कांग्रेस पर उसूलों से भागने वाली पार्टी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ कैप्टन अमरिंदर सिंह परिवार में से सिर्फ एक सदस्य को टिकट देने की बात करते थे, लेकिन बाद में खुद ही दो टिकटें संभाल कर बैठ गए। इसी तरह बादल परिवार भी घर में ही सभी टिकटें बांटने लगता है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अकाली दल को वोट डालने का कोई फायदा नहीं, क्योंकि इनके मुखिया कैप्टन अमरिंदर सिंह और प्रकाश सिंह बादल इसे अपना अंतिम चुनाव घोषित कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि वोट उसे डाली जाए, जिसे काम न करने की सूरत में अगले चुनावों में लोगों के विरोध का डर हो।
उन्होंने कहा कि पंजाब में आप की सरकार बनने के एक महीने में नशे और रेत माफिया के सरगनों को जेल में बंद किया जाएगा। इससे पहले उन्होंने शहर में रोड शो भी निकाला।