एटीएम कार्ड से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार, देशभर में की 1500 वारदात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब-हरियाणा, हिमाचल और चंडीगढ़ समेत देश भर में 1500 आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले सात आरोपियों को संगरूर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनसे 64 एटीएम कार्ड, 1 स्कीमिंग डिवाइस, 4 लाख से ज्यादा नकदी व एक कार बरामद की है। उक्त गिरोह के सदस्य पांच वर्षों से सक्रिय थे और सिर्फ संगरूर में ही आरोपियों ने 30 वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपियों पर करीब 60 मामले भी दर्ज हैं। आरोपियों को अदालत में पेश करके दो दिन का रिमांड ले लिया गया है।
एसएसपी डा. संदीप गर्ग ने बताया कि पुलिस ने एटीएम कार्ड के जरिए लोगों से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों की आयु 23-24 साल के करीब है। यह गिरोह पांच साल से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छतीसगढ़ के करीब 90 शहरों में ऐसी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
उन्होंने दावा किया कि लूटी गई रकम की राशि 50 लाख से ज्यादा हो सकती है जिसकी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस पकड़ में आए आरोपी राजू कुमार उर्फ राजू और बबलू कुमार निवासी पहेवा (हरियाणा) गिरोह के मुख्य सरगना थे। इनके अलावा प्रवीन कुमार निवासी कुरुक्षेत्र, राजेश कुमार निवासी पहेवा, दिनेश कुमार निवासी भिवानी खेड़ा जिला भिवानी, बिट्टू निवासी सिरटा कैथल, रणधीर उर्फ धीरा निवासी कमांड पट्टी जखौली जिला कैथल शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने छह अन्य सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि उक्त आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह भोले-भाले लोगों को गुमराह करके उनका एटीएम बदलकर उनके साथ धोखाधड़ी करते थे। भोलेभाले लोगों को एटीएम से पैसे निकालने की मदद करने का दिखावा करके, हाथ की सफाई से अपने हाथ में छुपाए स्कीमिंग डिवाइस की मदद से उनके एटीएम को स्वाइप करके बाद में स्वाइप किए एटीएम का क्लोन तैयार कर लेते थे और ठगी मारते थे।