आज से रोहतक में सेना भर्ती शुरू, 23 हजार युवा दिखाएंगे दमखम, देखें- हर जिले का शेड्यूल
राजीव गांधी खेल स्टेडियम में आज से सेना भर्ती रैली शुरू होगी। इस चार जिलों की सेना भर्ती प्रक्रिया के लिए तैयारियां रविवार यानि आज शाम तक पूरी हो गई हैं। सोमवार सुबह साढ़े तीन बजे से अभ्यर्थियों को स्टेडियम में अंदर आने की इजाजत दे दी जाएगी। सुबह दिन रोशनी निकलते ही साढ़े छह से सात बजे के करीब फिजिकल प्रक्रिया शुरू होगी।
कर्नल रतनदीप खान ने कहा कि रैली ग्राउंड रविवार को भर्ती के लिए पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। ग्राउंड में अभ्यर्थियों के अलावा किसी भी अन्य व्यक्ति का अंदर आना पूरी तरह से बैन रहेगा। अभ्यर्थी सुबह दस बजे तक ही एंट्री कर सकेंगे। फिजिकल प्रक्रिया 15 फरवरी तक चलेगी व 16 से 20 फरवरी को मेडिकल के लिए रिजर्व किया गया है। सेना में जनरल ड्यूटी, सैनिक लिपिक एवं स्टोर कीपर व ट्रेड्समेन की पोस्ट पर भर्ती होने के लिए पानीपत, रोहतक, सोनीपत व झज्जर के करीब 23 हजार युवाओं ने आवेदन किया है।
किस दिन कौन से जिले के कितने युवा देंगे फिजिकल
- 10 फरवरी को जनरल ड्यूटी में पानीपत व झज्जर जिले की पानीपत, इसराना, समालखा बेरी एवं बादली तहसील के 3600 के लगभग युवा भाग लेंगे।
- 11 फरवरी को जनरल ड्यूटी में झज्जर जिले के बहादुरगढ़, मातनहेल एवं झज्जर झज्जर तहसील के करीब 3900 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
- 12 फरवरी को जनरल ड्यूटी के जिला सोनीपत की गोहाना, गन्नौर, सोनीपत व खरखौदा तहसील के करीब 4000 युवा भाग लेंगे।
- 13 फरवरी को जनरल ड्यूटी में रोहतक जिले की महम, रोहतक और सांपला तहसील के करीब 4 हजार युवा भाग लेंगे।
- 14 फरवरी को लिपिक व स्टोरकीपर के लिए जिला झज्जर, सोनीपत व पानीपत की सभी तहसीलों के करीब 3200 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
- 15 फरवरी को लिपिक, स्टोरकीपर व ट्रेड्समैन में लिपिक के लिए रोहतक जिला, ट्रेडसमैन के लिए सोनीपत, पानीपत, रोहतक व झज्जर में लिपिक के लिए रोहतक जिले की सभी तहसील, ट्रेड्समैन के लिए सोनीपत, रोहतक, पानीपत एवं झज्जर की सभी तहसीलों के करीब 3900 अभ्यर्थी भाग लेंगे।
स्टेडियम में सफाई के दौरान मिली सिरिंज
राजीव गांधी स्टेडियम में भर्ती की तैयारियों के दौरान अतिरिक्त मात्रा में सिरिंज मिली। इतनी अधिक मात्रा में सिरिंज मिलने से पूरे चांस है कि इनका उपयोग करने वाले भर्ती में भी भाग लेने के लिए आएंगे। जिसके लिए कर्नल रतनदीप खान ने कहा कि एंट्री पर अभ्यर्थी की पूरी चेकिंग की जाएगी। किसी के पास भी प्रतिबंधित दवा या स्टेमिना बढ़ाने की कोई भी दवाई मिलती है तो उसको तुरंत स्क्रैच कर दिया जाएगा व भविष्य में भी भर्ती नहीं देख सकेगा। स्पेशल डॉक्टर्स की टीम भी इस पर खास नजर रखेगी।
बड़ी आसानी से मिल जाती है दवा: अभ्यर्थी
सेना की भर्ती के लिए तैयारी करने वाले युवाओं ने बातचीत में बताया कि कुछ अभ्यर्थी जो इन दवाओं का उपयोग करते हैं। उन्हें यह इंजेक्शन बड़ी आसानी से मिल जाते हैं। कोई भी इंजेक्शन देने से मना नहीं करता है। मेडिकल स्टोर पर धड़ल्ले से बिकते हैं। इनका वहीं अभ्यर्थी इस्तेमाल करते हैं, जिनकी या तो अंतिम भर्ती है या फिर कुछ दिनों से ही प्रैक्टिस शुरू की है।
वहीं जब तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से पूछा कि यह इंजेक्शन तैयारियों में भी क्यों उपयोग करते हैं, डायरेक्ट भर्ती में क्यों नहीं तो इसके जवाब में उन्होंने बताया कि इसका प्रयोग पहले से ही इसलिए करने लगते हैं ताकी शरीर को इसकी आदत हो जाए और भर्ती में कोई परेशानी न हो। अभ्यर्थियों ने बताया कि कुछ तो खुद ही इंजेक्कश लगा लेते हैं, कुछ को साथी लगा देते हैं।